KKR का ओपनर बना BBL हिस्ट्री का सबसे महंगा प्लेयर, मेलबर्न स्टार्स ने ये भारी कीमत देकर खरीदा
Table of Contents
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) का 2026-27 सीजन काफी खास होने वाला है, क्योंकि पहली बार टूर्नामेंट के किसी मुकाबले के आयोजन देश के बाहर होगा। इस बार के सीजन का ओपनिंग मुकाबला भारत के चेन्नई में होना है। चेपॉक स्टेडियम में 12 दिसंबर को मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कोरचर्स के बीच टक्कर होगी। वहीं, इसके बाद के सभी मैच ऑस्ट्रेलिया में होंगे।
आगामी सीजन से पहले टीमें कुछ खिलाड़ियों को साइन भी कर रही हैं। इसी दौरान एक टीम ने आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए ओपनिंग करने वाले खिलाड़ी को बड़ी रकम देकर अपने साथ जोड़ लिया है। इस डील को BBL के इतिहास की सबसे महंगी खरीद बताया जा रहा है।
BBL में KKR का ओपनर सबसे महंगा खिलाड़ी

आईपीएल के हालिया सीजन में लीग स्टेज से बाहर होने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से कई खिलाड़ियों ने पारी की शुरुआत की थी। इसमें न्यूजीलैंड के फिन एलन का नाम भी शामिल था। अब एलन को BBL के लिए साइन कर लिया गया है।
इस कीवी खिलाड़ी को मेलबर्न स्टार्स ने साइन किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलन को AU$600,000 में साइन किया गया है। यह 3 साल की डील है, जिसमें बाकी 2 साल की सैलरी अलग हो सकती है।
पर्थ स्कॉर्चर्स को छोड़कर मेलबर्न स्टार्स में शामिल होने की खास वजह
फिन एलन ने मेजर लीग क्रिकेट के पिछले दो सीजन सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए खेले हैं। इस टीम को क्रिकेट विक्टोरिया का हाई-परफॉर्मेंस डिपार्टमेंट चलाता है, जो मेलबर्न स्टार्स के लिए भी यही काम करता है। इसी वजह से फिन एलन का पर्थ स्कॉर्चर्स को छोड़कर मेलबर्न की टीम से जुड़ना ज्यादा हैरानी वाला फैसला नहीं है।
एलन ने पिछले BBL सीजन में स्कॉर्चर्स की खिताबी जीत में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 11 मैचों में 466 रन बनाए थे। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 42.36 और स्ट्राइक रेट 184.18 था। उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक भी बनाए। कुछ सालों से वे दुनिया भर की फ्रेंचाइजी क्रिकेट में खास जगह बना चुके हैं।
मेलबर्न स्टार्स को ज्वाइन करने को लेकर क्या बोले फिन एलन?
फिन एलन ने मेलबर्न स्टार्स के साथ जुड़ने को लेकर उत्साह जाहिर किया। उन्होंने कहा,
"स्टार्स इस कॉम्पिटिशन की एक बहुत मजबूत टीम है, इसलिए उनके लिए खेलना बहुत मजेदार होगा। उनके पास पहले से ही बहुत सारे फैंस हैं और उनकी संख्या बढ़ती ही जा रही है, और मैं इसका हिस्सा बनने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मुझे लगता है कि सभी क्रिकेटर्स को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेलना पसंद है, इसलिए अब इसे अपना होम ग्राउंड कह पाना वाकई बहुत रोमांचक है।"
यह भी पढ़ें: वैभव-अभिषेक ओपनिंग, संजू नंबर-3... AFG के खिलाफ पहले T20 के लिए कुछ ऐसी होगी भारत की प्लेइंग-XI