केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से किया संन्यास का ऐलान, इस वजह से अचानक लिया फैसला
Table of Contents
Kane Williamson Retirement: इंग्लैंड दौरे पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के दौरान लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड को 115 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। अब सीरीज का दूसरा टेस्ट 17 जून से ओवल में होना है। इससे पहले न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज केन विलियमसन ने तत्काल प्रभाव से इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। इस तरह विलियमसन ने लगभग 16 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर पर फुल स्टॉप लगा दिया है।
केन विलियमसन (Kane Williamson) का फैसला उस समय आया है, जब वो पहले टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। पहली पारी में विलियमसन अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। वहीं, दूसरी पारी में कीवी बल्लेबाज सिर्फ 18 रन ही बना पाया था। संन्यास के कारण विलियमसन अब सीरीज के शेष दो टेस्ट में नहीं नजर आएंगे। उन्होंने अपना सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 2024 में ही छोड़ दिया था, तब से कुछ अहम टूर्नामेंट और सीरीज में ही न्यूजीलैंड के लिए खेलते नजर आए।
इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की Kane Williamson ने बताई वजह
केन विलियमसन (Kane Williamson) ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास को अचानक लिया गया फैसला नहीं बताया। उन्होंने कहा कि वे इसके बारे में काफी समय से सोच रहे थे। उन्होंने कहा,
"मैंने इस बारे में कुछ समय से सोचा है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में यह साफ हो गया है कि अब सही समय है। मुझे हमेशा से इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए एक मजबूत चाहत और जुनून महसूस हुआ है, और मुझे इस बात पर गर्व है कि मैंने न्यूज़ीलैंड के लिए खेले हर मैच में अपना सब कुछ दिया है। इससे कम कुछ भी करना सही नहीं होगा और मैं ख़ुशकिस्मत महसूस करता हूं कि मैं अपनी शर्तों पर इससे अलग हो रहा हूं।"
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ने आगे कहा,
"मैं इस ग्रुप के भविष्य को लेकर उम्मीद के साथ जा रहा हूं। इसमें बहुत टैलेंट है, और इस न्यूजीलैंड टीम के साथ कुछ खास करने की सच्ची इच्छा है। यह एक ऐसी टीम है जिसे मैं बहुत पसंद करता हूं, और मैं बहुत ख़ुशकिस्मत महसूस करता हूँ कि इतने लंबे समय तक इसका हिस्सा रहा। यह हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी।"
One of our greatest ever, signing off.
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) June 12, 2026
Kane Williamson has announced his retirement from international cricket effective immediately.
Head to https://t.co/Pm8RiU65zt to read more. pic.twitter.com/e22MeZ410e
न्यूजीलैंड के लिए केन विलियमसन के आंकड़े
केन विलियमसन ने साल 2010 में अपने इंटरनेशनल क्रिकेट की शुरुआत की और कुछ ही सालों में तीनों ही फॉर्मेट में मुख्य बल्लेबाज बन गए। विलियमसन ने टेस्ट क्रिकेट में 110 मैचों में 54.06 की औसत से 9515 रन बनाकर न्यूज़ीलैंड के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के तौर पर अपना सफ़र पूरा किया। उनके करियर का सबसे यादगार पल तब आया जब उन्होंने 2021 में भारत के खिलाफ पहले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल में न्यूजीलैंड को जीत दिलाई।
दाएं हाथ के दिग्गज खिलाड़ी (Kane Williamson) ने 175 मैचों में 7256 वनडे रन बनाए, जो इस फॉर्मेट में न्यूजीलैंड के लिए चौथे सबसे ज्यादा हैं। वहीं 93 टी20 मैचों में 2575 रन अपने नाम किए, जो किसी भी कीवी बल्लेबाज द्वारा दूसरे सबसे ज्यादा हैं।
कप्तान के रूप में केन विलियमसन की उपलब्धियां
केन विलियमसन (Kane Williamson) ने न्यूज़ीलैंड की कप्तानी 40 टेस्ट (22 जीत, 10 हार और आठ ड्रॉ), 91 वनडे (46 जीत, 40 हार, एक टाई) और 75 T20I (39 जीत, 34 हार, एक टाई) मैचों में की। उनकी कप्तानी में, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीतने के अलावा, न्यूजीलैंड की टीम 2016 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल , 2019 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल, 2021 T20 वर्ल्ड कप के फाइनल और 2022 T20 वर्ल्ड कप व 2023 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक पहुंची।
यह भी पढ़ें: IPL जैसे एक और टूर्नामेंट का हुआ ऐलान, 5 टीमों के बीच टक्कर, 27 दिसंबर से शुरू होंगे मैच