भारत-अफगानिस्तान क्वार्टर फाइनल बारिश के चलते हुआ रद्द, अब सीधे सेमीफाइनल खेलेगी ये टीम
Table of Contents
एशियन गेम्स 2026 मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट में टीम इंडिया (Team India) को अपने अभियान का आगाज सोमवार, 28 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच से करना था लेकिन यह मुकाबला बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया।
कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क, निशिन में खेले जाने वाले इस मैच को लेकर फैंस काफी उत्साहित थे लेकिन इंद्रदेव की कृपा नहीं दिखी और उन्होंने टॉस तक का मौका नहीं दिया।
बारिश के कारण बिना टॉस के रद्द हुआ India-Afghanistan क्वार्टर फाइनल मैच

जापान के आइची प्रांत के निशिन में कई दिनों से मौसम खराब चल रहा है। इसी वजह से 26 सितंबर से मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट में कोई भी मुकाबला पूरा नहीं हो पाया है। वहीं, कुछ तो बिना टॉस के ही रद्द कर दिए गए। खराब मौसम के कारण पाकिस्तान और हांगकांग के बीच पहला क्वार्टर फाइनल बिना टॉस के ही रद्द हो गया।
इसके बाद, सभी की नजर भारत (India) और अफगानिस्तान के बीच होने वाले दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच पर थी। टीम इंडिया के कई बड़े स्टार खिलाड़ी खेलते नजर आने वाले थे और उन्हें देखने के लिए फैंस भी उत्साहित थे लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। टॉस भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे होना था लेकिन बारिश के कारण कुछ देर बाद ही मैच रद्द करने का फैसला लिया गया।
इस टीम को मिला सेमीफाइनल का टिकट, इसके हाथ लगी निराशा
भारत (India) और अफगानिस्तान के बीच क्वार्टर फाइनल मैच रद्द होने के बाद, सभी के मन में जिज्ञासा होगी कि किस टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई और किसे बाहर होना पड़ा। तो बता दें कि टीम इंडिया को आगे बढ़ने का मौका मिला है, जबकि अफगान टीम को बाहर होना पड़ा है। इसकी वजह रैंकिंग में भारत की बेहतर स्थिति है।
पहले स्थान पर मौजूदा टीम इंडिया (Team India) को बेहतर रैंकिंग के कारण सेमीफाइनल का टिकट मिल गया है। वहीं, 10वें स्थान पर मौजूद अफगानिस्तान को एशियन गेम्स मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल राउंड से ही बाहर होना पड़ा है।
1 अक्टूबर को सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगा भारत
एशियन गेम्स मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट में सेमीफाइनल मुकाबले 1 अक्टूबर को होंगे। पहले मैच में पाकिस्तान की टीम नजर आएगी। वहीं, दूसरे में भारतीय टीम हिस्सा लेगी। सेमीफाइनल में भारत की टक्कर 29 सितंबर को खेले जाने वाले क्वार्टर फाइनल 3 की विजेता श्रीलंका या नेपाल से हो सकता है।
अगर श्रीलंका और नेपाल के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश या खराब मौसम की वजह से रद्द होता है तो फिर भारतीय टीम की टक्कर श्रीलंका से होगी, क्योंकि रैंकिंग में श्रीलंका 9वें और नेपाल 14वें स्थान पर है।
यह भी पढ़ें: 32 रन की पारी में ही इतिहास रच गए रोहित शर्मा, तोड़ डाला सचिन का सबसे खास रिकॉर्ड
Tagged:
team india afghanistan cricket team IND vs AFG Asian Games 2026