इंडिया A ने ऑस्ट्रेलिया A को धोया, जीत में चमके पडिक्कल-सुदर्शन
Table of Contents
India A vs Australia A: पुडुचेरी में इंडिया ए की टीम ऑस्ट्रेलिया ए की 2 अनाधिकारिक टेस्ट और 3 वनडे मैचों के लिए मेजबानी कर रही है। 22 से 25 सितंबर तक पहला अनाधिकारिक टेस्ट खेला गया, जिसमें इंडिया ए ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रनों से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
इस मैच में इंडिया ए (India A) ने अपनी पहली पारी में 334 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया ए को महज 171 पर ढेर करते हुए 163 रनों की अहम बढ़त हासिल की। इसके बाद, अपनी दूसरी पारी में भारतीय टीम ने 199 रन बनाए और बढ़त की मदद से 363 का टारगेट सेट किया, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 200 के स्कोर पर ढेर हो गई।
कुशाग्र का शतक, सुदर्शन-तनुष ने जड़े अर्धशतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली इंडिया ए (India A) की शुरुआत काफी खराब रही। पहले 10 ओवर के अंदर ही ओपनर अमन मोखड़े (6) और कप्तान देवदत्त पडिक्कल (3) आउट हो गए। इसके बाद, साई सुदर्शन और शेख रशीद ने अर्धशतकीय साझेदारी की, लेकिन रशीद भी 16 रन बनाकर चलते बने। यश राठौड़ के बल्ले से 1 रन आया। इंजरी से वापसी कर रहे सुदर्शन ने 57 रनों की पारी खेली।

97 के स्कोर तक 5 विकेट गिरने से इंडिया ए (India A) की हालत खराब लग रही थी लेकिन कुमार कुशाग्र ने शानदार शतक जड़ते हुए 113 रनों की पारी खेली। वहीं, तनुष कोटियान ने भी 69 रन बनाए। इस तरह भारतीय टीम पहली पारी में 334 रन बनाने में सफल रही। ऑस्ट्रेलिया ए के लिए कोरी रोचिचिओली ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों का फ्लॉप शो, India A के बॉलर्स ने बरपाया कहर
जवाबी पारी खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया ए टीम की हालत शुरुआत से ही खराब हो गई। देखते ही देखते 40 के स्कोर तक 4 विकेट गिर गए और फिर 85 के स्कोर पर पांचवां झटका भी लग गया। मिडिल ऑर्डर में जेसन सांघा ने 46 रन बनाकर ऑस्ट्रेलियाई टीम को 171 के स्कोर तक ले जाने में अहम भूमिका अदा की। इंडिया ए के लिए शम्स मुलानी ने सर्वाधिक 4 विकेट अपने नाम किए।
पडिक्कल का पचासा, कुशाग्र ने दूसरी पारी में भी किया कमाल
इंडिया ए (India A) की दूसरी पारी की कहानी भी शुरुआत में ज्यादा अलग नहीं रही। साई सुदर्शन ने 39 रन बनाए। वहीं, देवदत्त पडिक्कल के बल्ले से 59 रनों की अर्धशतकीय पारी आई। एक छोर से विकेट गिरते रहे, यही वजह रही कि कुमार कुशाग्र को ज्यादा किसी का साथ नहीं मिला और वे 46 रन बनाकर आखिरी तक नाबाद रहे। वहीं, भारतीय पारी 199 पर समाप्त हो गई। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर टॉड मर्फी ने 4 विकेट झटके।
रन चेज में भी ऑस्ट्रेलिया ए की हालत हुई खराब, कंगारू टीम की करारी हार
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए की शुरुआत खास नहीं रही और ओपनर कैंपबेल केलावे खाता खोले बिना ही आउट हो गए। सैम कॉन्स्टास ने 20 और नाथन मैक्स्वीनी ने 35 रन बनाए। कप्तान पीटर हैंड्सकॉम्ब 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। आगे भी विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी रहा।
निचले क्रम से फर्गस ओ'नील ने 47 रन बनाकर कुछ देर मोर्चा संभाला लेकिन वे भी 191 के स्कोर पर आउट हो गए। आखिरी दो विकेट लेने में इंडिया ए को ज्यादा समय नहीं लगा और कंगारुओं की पारी 200 के स्कोर पर खत्म हो गई। इंडिया ए के लिए तुषार देशपांडे और शम्स मुलानी ने 3-3 विकेट लिए।
यह भी पढ़ें: जापान ने अफगानिस्तान के भी निकाले पसीने, एशियन गेम्स के पहले मैच में लड़कर हारा मेजबान