IND vs SL: कोलंबो टेस्ट में श्रीलंका ने बनाई 16 रन की बढ़त दूसरी पारी में स्कोर 229/6; अंतिम दिन भारत के पास जीत का मौका
Table of Contents
IND vs SL Colombo Test Day 4: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच के चौथे दिन का खेल भी बारिश की वजह से जल्दी समाप्त हो गया। आज के खेल के दौरान श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 290 का स्कोर बनाया और भारत के पहली पारी के स्कोर के आधार पर 213 रन पीछे रह गई।
भारतीय टीम ने श्रीलंका को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया। अपनी दूसरी पारी में स्टंप्स तक श्रीलंका ने 229/6 का स्कोर बनाया और 16 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। क्रीज पर सोनल दिनुशा और केशरू नूवांथा मौजूद हैं।
दिनुशा के शतक के बावजूद IND vs SL कोलंबो टेस्ट में श्रीलंका फॉलोऑन टालने में नाकाम

IND vs SL कोलंबो टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंका ने अपनी पारी 265/8 के स्कोर से आगे बढ़ाई। सभी की नजर सोनल दिनुशा पर थी, जो अपने शतक के करीब थे। दिनुशा ने जल्दीबाजी नहीं की और फिर अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ दिया। हालांकि, दिनुशा के शतक के बाद दूसरे छोर पर मौजूद लाहिरू कुमारा का सब्र जवाब दे गया और वे बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए। उन्होंने 18 रन बनाए और नौवें विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी निभाई।
इसके बाद, सोनल दिनुशा भी 103 के निजी स्कोर पर चलते बने। इस तरह श्रीलंकाई पारी IND vs SL कोलंबो टेस्ट में 89.4 ओवर में समाप्त हो गई और फॉलो-ऑन टालने के लिए जरूरी 304 के स्कोर तक नहीं पहुंच पाई। श्रीलंकाई पारी के अंतिम दोनों विकेट डेब्यूटांट सारांश जैन के नाम रहे।
दूसरी पारी में भी श्रीलंकाई ओपनर्स रहे नाकाम, सूरियाबंदारा और मेंडिस ने संभाला मोर्चा
IND vs SL कोलंबो टेस्ट में फॉलोऑन टालने में नाकाम रहने वाली श्रीलंकाई टीम की शुरुआत दूसरी पारी में भी खराब रही। ओपनर लाहिरू उदारा सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद, कामिल मिशारा (32) ने पसिन्दु सूरियाबंदारा के साथ मिलकर स्कोर को 50 के पार पहुंचाया लेकिन 63 के स्कोर पर मिशारा आउट हो गए।
सूरियाबंदारा को कामिन्दु मेंडिस का साथ मिला। इन दोनों ने स्कोर को 150 के पार पहुंचाया और अपने-अपने अर्धशतक भी पूरे किए। लग रहा था कि ये जोड़ी दूसरे सत्र का अंत अविजित रहकर करेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कामिन्दु 55 रन बनाकर चाय से पहले आउट हो गए।
शतक से चूके सूरियाबंदारा, सोनल पर बड़ी जिम्मेदारी
सूरियाबंदारा काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और लग रहा था कि ये खिलाड़ी शतक पूरा करने में सफल रहेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उनका सब्र टूट गया और एक बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में क्रीज के बाहर निकले लेकिन ऋषभ पंत ने बेहतरीन स्टंपिंग कर दी। इस तरह उनकी पारी का अंत 92 के स्कोर पर हुआ। कप्तान धनंजय डी सिल्वा 23 रन ही बना पाए। वहीं, निरोशन डिकवेला 6 रन बनाकर आउट हुए।
इन तीन विकेटों के जल्दी-जल्दी मिलने के कारण मजबूत स्थिति में नजर आ रही श्रीलंका को IND vs SL कोलंबो टेस्ट में बड़ा झटका लगा। अब पहली पारी के शतकवीर सोनल दिनुशा (7*) पर सभी की नजर है। श्रीलंकाई टीम को उम्मीद होगी कि वे पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ भारत के खिलाफ चुनौती पेश करने लायक बढ़त दिलाएंगे। उनके साथ क्रीज पर केशरू नूवांथा (3*) भी हैं। भारत के लिए सभी पांचों गेंदबाजों को विकेट मिले लेकिन सबसे ज्यादा 2 शिकार मानव सुथार ने किए।
Tagged:
team india Sri Lanka Cricket team Manav Suthar Saransh Jain Sonal Dinusha IND vs SL Colombo Test