IND vs SL: गॉल टेस्ट में भारत का पलड़ा भारी, जीत से 6 विकेट दूर टीम इंडिया; 372 रन के लक्ष्य के सामने श्रीलंका बेहाल
Table of Contents
IND vs SL Galle Test Day 4: गॉल में खेले जा रहे टेस्ट मुकाबले में भारत ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है और अब उसे जीत के लिए अंतिम दिन सिर्फ 6 विकेट की जरूरत है। चौथे दिन टीम इंडिया की दूसरी पारी 193 रन पर सिमट गई, लेकिन पहली पारी में मिली 178 रन की बढ़त के चलते श्रीलंका के सामने 372 रन का लक्ष्य रखा गया।
जवाब में मेजबान टीम की पारी लड़खड़ा गई और दिन का खेल खत्म होने तक 84 रन पर उसके 4 विकेट गिर चुके थे। अब श्रीलंका को जीत के लिए 288 रन और बनाने होंगे।
India का टॉप ऑर्डर ढेर, पडीक्कल ने बनाए 44 रन
गॉल टेस्ट के चौथे दिन भारत (India) की दूसरी पारी शुरू हुई, लेकिन पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। बाएं हाथ के ओपनर यशस्वी जायसवाल एक बार फिर नाकाम रहे और खाता खोले बिना ही आउट हो गए। इसके बाद, देवदत्त पडीक्कल के साथ केएल राहुल (35) ने 65 रन जोड़े लेकिन फिर आउट हो गए। कप्तान शुभमन गिल दूसरी पारी में भी फ्लॉप रहे और सिर्फ 8 रन बना पाए।
ऋषभ पंत का तेजतर्रार अर्धशतक, खास रिकॉर्ड भी बनाया

लंच से पहले भारत (India) को चौथा झटका लग गया और पडीक्कल भी 44 रन बनाकर आउट हो गए। लंच के बाद, ध्रुव जुरेल (7) का विकेट सबसे पहले गिरा लेकिन दूसरे छोर पर मौजूद ऋषभ पंत ने मुश्किल समय में कमाल की पारी खेली। पंत ने 69 गेंदों में आठ चौके और दो छक्के की मदद से 66 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 100 छक्के लगाने के मामले में एकमात्र भारतीय होने की उपलब्धि भी अपने नाम की।
लोअर ऑर्डर रहा फ्लॉप, 200 के स्कोर तक भी नहीं पहुंची टीम
ऋषभ पंत के 174 के स्कोर पर छठे विकेट के रूप में आउट होने के बाद, लोअर ऑर्डर से खास योगदान नहीं आया। रवींद्र जडेजा और मानव सुथार 9-9 रन बनाकर आउट हुए। एक के बाद एक विकेट गिरने से 48.5 ओवर में ही भारत (India) की दूसरी पारी समाप्त हो गई। श्रीलंका की तरफ से असिथा फर्नांडो ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए।
रन चेज में श्रीलंका की हालत खराब
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका को 13 के स्कोर पर पहला झटका लगा और निशान मदुषका 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद दिनेश चंडीमल के कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर उतरे पसिंदु सूरियाबंदारा भी बिना खाता खोले आउट हो गए। कामिंदु मेंडिस के रूप में श्रीलंका ने 21 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट गंवा दिया। इसके बाद 47 के स्कोर पर लाहिरू उदारा भी 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
भारत (India) को जीत के लिए 6 विकेट की दरकार
चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक क्रीज पर श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा (31) और पहली पारी के शतकवीर सोनल दिनुशा (25) मौजूद हैं। इन दोनों के साथ-साथ बाकी श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर अंतिम दिन मैच बचाने की चुनौती होगी। वहीं, भारत (India) को जीत के लिए अब सिर्फ 6 विकेट की जरूरत है। श्रीलंका की दूसरी पारी में अभी तक मानव सुथार ने सबसे ज्यादा 2 विकेट हासिल किए हैं।
यह भी पढ़ें: तिहरे शतक से नहीं, 3-3 शादियां कर फेमस हुए ये क्रिकेटर्स, लिस्ट में वर्ल्ड कप विनिंग कप्तान का नाम शामिल
Tagged:
team india IND vs SL Sri Lanka Cricket team