IND vs SL: गॉल टेस्ट में भारत का दबदबा, 450 के पार पहुंचा स्कोर; पडीक्कल-जुरेल ने खेली शानदार पारियां
Table of Contents
IND vs SL Galle Test Day 2 Report: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच गॉल में खेला जा रहा है। इस मैच के दूसरे दिन काफी ज्यादा समय बारिश के कारण नष्ट हुआ लेकिन बाद में जब खेल शुरू हुआ तो टीम इंडिया का दबदबा देखने को मिला।
पहले टेस्ट (IND vs SL) के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने 116 ओवर में 460/9 का स्कोर बनाया। क्रीज पर कुलदीप यादव (12*) और प्रसिद्ध कृष्णा (1*) मौजूद हैं।
बारिश की वजह से देरी से शुरू हुआ खेल
भारत और श्रीलंका (IND vs SL) के बीच गॉल टेस्ट के दूसरे दिन का खेल बारिश की वजह से प्रभावित रहा। पहले सत्र की शुरुआत से पहले ही बारिश ने दस्तक दे दी और यह सिलसिला लंबे समय तक चला। बीच-बीच में बारिश कुछ देर के लिए बंद हुई, लेकिन कंडीशन खेलने लायक नहीं थीं। इसी वजह से लंच भी जल्दी घोषित कर दिया गया। हालांकि, लंच के कुछ देर बाद लगा कि अब खेल शुरू हो जाएगा, लेकिन फिर से बारिश लौट आई।
इसके बाद दोपहर 2 बजकर 15 मिनट पर खेल शुरू होने की घोषणा की गई और मैदान से कवर्स भी हटा दिए गए। हालांकि, हल्की बूंदाबांदी के कारण एक बार फिर देरी हुई और आखिरकार दोपहर 2:35 बजे खेल शुरू हो पाया।
पंत सस्ते में हुए आउट, राहुल भी शतक से चूके

काफी इंतजार के बाद जब खेल शुरू हुआ तो भारत ने अपनी पारी 288/2 के स्कोर से आगे बढ़ाई। टीम इंडिया ने 300 का स्कोर पार किया लेकिन फिर तीसरा झटका भी लग गया। ऋषभ पंत अपने स्कोर में 11 रन का ही इजाफा कर पाए और 39 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद, बल्लेबाजी के लिए केएल राहुल आए, जो पहले दिन रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। उम्मीद लगाई जा रही थी कि राहुल के बल्ले से शतक देखने को मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भारतीय ओपनर 82 के निजी स्कोर पर आउट हो गया।
पडीक्कल ने बनाया 150 प्लस का स्कोर, जुरेल भी चमके
IND vs SL गॉल टेस्ट के पहले दिन ही देवदत्त पडीक्कल ने शतक जड़ दिया था और उन्होंने दूसरे दिन भी काफी शानदार तरीके से बल्लेबाजी की। पडीक्कल ने 215 गेंदों में 150 रन पूरे किए। हालांकि, फिर वो बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में आउट हो गए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 230 गेंदों का सामना करते हुए 167 रनों की पारी खेली, जिसमें 15 चौके और एक छक्का शामिल रहा।
अभ्यास मैच में फ्लॉप रहने वाले ध्रुव जुरेल ने IND vs SL गॉल टेस्ट में अपने ऊपर दिखाए गए भरोसे को काफी हद तक सही साबित किया और अर्धशतक बनाते हुए 68 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली। इसकी मदद से भारत 400 का आंकड़ा पार करने में सफल रहा।
IND vs SL गॉल टेस्ट में भारत का बड़ा स्कोर, श्रीलंका को बल्ले से करना होगा पलटवार
भारतीय टीम का स्कोर 450 से ज्यादा का हो गया है और तीसरे दिन देखना होगा कि भारत इसी स्कोर पर पारी घोषित करता है या फिर आखिरी जोड़ी को एक बार फिर बल्लेबाजी के लिए भेजता है। श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजी में प्रभात जयसूर्या ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए हैं।
अब तीसरे दिन श्रीलंका की बल्लेबाजी आएगी और उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा, क्योंकि भारत ने पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया है। ऐसे में अगर श्रीलंकाई बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं, तो घरेलू टीम की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।