IND vs AFG, 2nd ODI, Weather Report: लखनऊ में बारिश बिगाड़ेगी खेल या होगा पूरा 50-50 ओवर का मैच? जानिए कैसा होगा मौसम का हाल
IND vs AFG, 2nd ODI, Lucknow Weather Report: भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट के बाद, वनडे सीरीज का आगाज हो चुका है। 13 जून से शुरू हुई सीरीज में कुल तीन वनडे खेले जाने हैं। धर्मशाला में खेले गए सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया का दमदार प्रदर्शन देखने को मिला था, जिसमें शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम ने आसानी के साथ 7 विकेट से जीत हासिल की थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 194 रन बनाए थे, जवाब में भारत ने आसानी से 195/3 का स्कोर बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
अब इन दोनों टीमों के बीच (IND vs AFG) 17 जून को दूसरा वनडे खेला जाना है। टीम इंडिया की नजर लगातार दूसरी जीत पर होगी, ताकि सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई जा सके। वहीं, अफगानिस्तान सीरीज में बराबरी को देखेगा। हालांकि, दूसरे वनडे के दिन मौसम कैसा रहने वाला है, इस पर भी फैंस की नजर होगी, क्योंकि धर्मशाला में पहला मैच बारिश से प्रभावित रहा था और एक समय लग रहा था कि मुकाबला रद्द हो सकता है लेकिन बाद में 25-25 ओवर का गेम हुआ।
IND vs AFG दूसरे वनडे के लिए लखनऊ के मौसम का हाल

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज (IND vs AFG ODI Series) का दूसरा मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। धर्मशाला में बारिश के कारण फैंस को पूरे ओवरों का मैच देखने को नहीं मिल पाया था लेकिन दूसरे वनडे के लिए मौसम को लेकर अच्छी खबर है।
IND vs AFG के बीच लखनऊ में होने वाले मैच में बारिश की संभावना ना के बराबर है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है और शाम के समय न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की उम्मीद है, जिससे गर्मी में कुछ राहत मिल सकती है। शाम के समय ओस का प्रभाव भी देखने को मिल सकता है। इसी वजह से बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा हो सकता है।
IND vs AFG वनडे सीरीज के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत का स्क्वाड: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव
अफगानिस्तान का स्क्वाड: रहमानुल्लाह गुरबाज़, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगेयालिया खरोती, एएम गजनफर, बिलाल सामी, दरविश रसूली, फरीद अहमद मलिक, जिया उर रहमान शरीफी
यह भी पढ़ें: VIDEO: अंपायर से भिड़े तिलक वर्मा, बीच मैदान ही शुरू की बहसबाजी, अब झेलनी पड़ सकती है सजा