खत्म हुआ संजू सैमसन के लिए टीम इंडिया का सफर? अब वापसी करना होगा मुश्किल
Table of Contents
Sanju Samson T20I Career: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद से भारतीय टीम में काफी बदलाव हो चुका है। कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट संजू सैमसन को भी टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। संजू को टूर्नामेंट से पहले खराब प्रदर्शन के कारण काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था लेकिन उन्होंने बाद में अपने दमदार प्रदर्शन से सभी को वाहवाही करने पर मजबूर किया था।
हालांकि, जून-जुलाई में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर संजू सैमसन (Sanju Samson) का प्रदर्शन खराब रहा और उन्हें इंग्लैंड सीरीज के बीच ही प्लेइंग XI से ड्रॉप कर दिया गया था। वहीं, जिम्बाब्वे दौरे के लिए स्क्वाड में ही नहीं चुना गया। उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को लगातार ओपनिंग का मौका दिया गया और वैभव ने जिम्बाब्वे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करते हुए संजू के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव के अच्छे प्रदर्शन से संजू की बढ़ी मुश्किलें

इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच के बाद, संजू सैमसन (Sanju Samson) की प्लेइंग XI से छुट्टी हो गई थी और उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला था। हालांकि, उस सीरीज में वैभव कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए और 42 रन ही बनाए थे। इसके बाद, आखिरी मैच में संजू को खिलाया गया था। हालांकि, जिम्बाब्वे दौरे के लिए संजू का चयन नहीं हुआ और तीनों ही मैचों में वैभव सूर्यवंशी को खेलने का मौका मिला।
वैभव ने पहले ही मैच में 50 रनों की आक्रामक पारी खेली। वहीं, दूसरे मैच में भी तेजी से 20 रन बनाए। इसके बाद, सीरीज के तीसरे मैच में बाएं हाथ के ओपनर ने 81 रनों की पारी खेली और अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर बना दिया। सीरीज में वैभव ने 151 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।
टीम इंडिया में Sanju Samson की वापसी का रास्ता नहीं आसान
जिस तरह से वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में प्रदर्शन किया, उससे ये तो साफ़ है कि आगे भी उन्हें मौके मिलने की पूरी संभावना है। ऐसे में संजू सैमसन (Sanju Samson) की वापसी का डायरेक्ट कोई रास्ता नहीं नजर आ रहा है। संजू के लिए मौका वैभव के फ्लॉप होने पर बनता लेकिन उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। इसी वजह से संजू के लिए अब सीधे तौर पर चुने जाने की संभावना कम नजर आ रही है।
अभिषेक शर्मा के फ्लॉप प्रदर्शन से संजू सैमसन के लिए बन सकता है मौका
जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव सूर्यवंशी तो हिट रहे लेकिन उनके जोड़ीदार अभिषेक शर्मा पूरी तरह फ्लॉप रहे। बाएं हाथ के इस ओपनिंग बल्लेबाज ने तीन पारियों में सिर्फ 11 रन ही बनाए। उससे पहले टी20 वर्ल्ड कप और आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर भी अभिषेक निरंतर रूप से अच्छा नहीं कर पाए थे।
इसी वजह से अब मांग हो रही है कि अभिषेक को बाहर किया जाना चाहिए और संजू सैमसन (Sanju Samson) को वापस लाना चाहिए, जिन्हें टी20 वर्ल्ड कप में अच्छा करने के बावजूद टीम से कुछ ही पारियों के बाद दरकिनार कर दिया गया। अब देखना होगा कि आगे संजू को चयनकर्ता मौका देते हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें: अब इन 4 खिलाड़ियों की कभी नहीं होगी भारत की टी20 टीम में वापसी, सिर्फ IPL खेलकर ही चलाएंगे घर