अफगानिस्तान टी20 सीरीज से भी बाहर हुए हार्दिक पांड्या, अब सीधे इस दिन करेंगे टीम इंडिया में वापसी
Table of Contents
Hardik Pandya unlikely for Afghanistan series: स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या करीब पांच महीने से इंटरनेशनल क्रिकेट में नजर नहीं आए हैं। हार्दिक ने भारतीय टीम के लिए अपना अंतिम मुकाबला 8 मार्च को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के रूप में खेला था। इसके बाद, करीब तीन महीने तक भारत ने कोई भी मैच नहीं खेला, क्योंकि आईपीएल का 19वां सीजन 28 मार्च से 31 मई तक आयोजित हुआ था।
IPL 2026 में हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने भी मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में हिस्सा लिया था लेकिन वे बीच में चोट के कारण कुछ मैचों से बाहर भी रहे थे। इसके बाद, उनकी अफगानिस्तान वनडे सीरीज में वापसी की संभावना थी, लेकिन उसमें वे नजर नहीं आए। फिर इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए। वहीं, अब उनकी अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलने की संभावना भी कम लग रही है।
अफगानिस्तान टी20 सीरीज में Hardik Pandya की वापसी मुश्किल

लगभग 24 घंटे पहले खबर आई थी कि हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) पूरी तरह फिट होने के करीब हैं और अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से दिल्ली में होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। इससे उनके फैंस काफी खुश थे, क्योंकि हार्दिक ने आईपीएल के हालिया सीजन के बाद से कोई भी प्रतिस्पर्धी मैच नहीं खेला है।
हालांकि, अब मीडिया रिपोर्ट्स में जानकारी सामने आ रही है कि हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) को फिर से चोट लग गई है, जिसके कारण इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी वापसी में देरी हो सकती है।
हार्दिक पांड्या को पैर में हुई तकलीफ
टाइम्स ऑफ इंडिया ने सोमवार (31 अगस्त) को अपनी रिपोर्ट में कई भारतीय खिलाड़ियों की फिटनेस पर अपडेट दिया था। इस दौरान बताया था कि हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) पूरी इंटेंसिटी के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं और अफगानिस्तान टी20 सीरीज के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। हालांकि, अब टीओआई ने अपनी नई रिपोर्ट में बताया है कि हार्दिक को पैर में निगल की समस्या हुई है, जिसकी वजह से उनकी वापसी में देरी हो सकती है।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से हार्दिक को वापसी के लिए जल्दी अनुमति मिलना मुश्किल
रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि हार्दिक पांड्या ने पैर में तकलीफ की वजह से गेंदबाजी रोक दी थी लेकिन वे जल्द ही दोबारा बॉलिंग शुरू कर सकते हैं। लेकिन अफगानिस्तान टी20 सीरीज के लिए बस कुछ ही दिन बाकी हैं। इसी वजह से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जब तक पूरी तरह आश्वस्त नहीं हो जाता है, तब तक हार्दिक को शायद फिट न घोषित किया जाए।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया,
"हार्दिक पांड्या बिना किसी परेशानी के पूरी तेजी से ट्रेनिंग कर रहे थे, लेकिन पैर में थोड़ी तकलीफ की वजह से उन्हें बॉलिंग रोकने की सलाह दी गई है। वे जल्द ही फिर से गेंदबाजी शुरू करेंगे, लेकिन अफगानिस्तान सीरीज के लिए जरूरी फिटनेस लेवल तक पहुंचना मुश्किल है। बल्लेबाजी और मूवमेंट में कोई बड़ी समस्या नहीं थी, लेकिन फिट घोषित करने से पहले CoE को पूरी तरह से संतुष्ट होना होगा।"
वेस्टइंडीज सीरीज में हो सकती है वापसी
भारत को 27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक वेस्टइंडीज की 3 वनडे और 5 टी20आई के लिए मेजबानी करनी है। इसी दौरान हार्दिक पांड्या की वनडे या फिर टी20 के माध्यम से इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी हो सकती है। इसके अलावा एशियन गेम्स 2026 का आयोजन भी 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होना है लेकिन हार्दिक को स्क्वाड में नहीं चुना गया था। इसी वजह से अब उनकी वापसी वेस्टइंडीज के खिलाफ ही हो सकती है।
यह भी पढ़ें: 6,6,6,6,6,6.....8 चौके 9 छक्के, राजस्थान रॉयल्स का फ्लॉप खिलाड़ी CPL में गरजा, 40 बॉल पर ठोकी सेंचुरी