टीम इंडिया के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम का हुआ ऐलान, हैरी ब्रूक कप्तान, बटलर-आर्चर भी शामिल
Table of Contents
England Squad Announced: इंग्लैंड अपने घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रहा है, जो शुरुआती दो मैचों के बाद 1-1 की बराबरी पर है। इस सीरीज का तीसरा टेस्ट 25 जून से नॉटिंघम में खेला जाना है। इसके बाद, 1 जुलाई से भारत के खिलाफ इंग्लैंड को पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है।
तीसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड (England) ने अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इंग्लिश टीम ने कुल 17 खिलाड़ियों को चुना है, जिसमें ज्यादातर उन्हीं खिलाड़ियों को जगह दी गई है, जो भारत-श्रीलंका की मेजबानी में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के स्क्वाड का हिस्सा थे।
हैरी ब्रूक समेत तीसरे टेस्ट के स्क्वाड में शामिल इन खिलाड़ियों को मिला मौका

इंग्लैंड (England) ने टी20 सीरीज के लिए स्क्वाड में कुल छह खिलाड़ी ऐसे चुने हैं, जो नॉटिंघम टेस्ट के स्क्वाड का हिस्सा हैं। इन खिलाड़ियों में कप्तान हैरी ब्रूक के साथ रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, जैकब बेथेल, जॉर्डन कॉक्स और जोश टोंग भी हैं। इस बात की बहुत कम संभावना है कि इंग्लैंड तीसरे टेस्ट में खेलने वाले किसी तेज गेंदबाज को पहले T20I में उतारे, लेकिन ऐसा लगता है कि बेथेल भी ब्रूक की तरह ही दोनों मैच खेलेंगे।
टीम इंडिया के खिलाफ अनकैप्ड ऑलराउंडर का England टीम में हुआ चयन
भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड (England) ने अपने स्क्वाड में 22 वर्षीय ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को चुना है। कोल्स दाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ के स्पिनर हैं। कोल्स ने 61 T20 पारियों में 28.60 की औसत और 146.37 के स्ट्राइक रेट से 1373 रन बनाए हैं और उनके नाम सात अर्धशतक हैं।
ससेक्स के लिए सबसे कम उम्र (16 साल और 157 दिन) में फर्स्ट-क्लास डेब्यू करने वाले कोल्स ने 26.94 की औसत और 8.27 की इकॉनमी से 53 विकेट भी लिए हैं, जिसमें तीन बार एक पारी में चार विकेट लेना शामिल है।
इस युवा खिलाड़ी के चयन को लेकर इंग्लैंड की पुरुष टीम के चयनकर्ता मार्कस नार्थ ने कहा, "जेम्स कोल्स टीम में एक शानदार नए खिलाड़ी के तौर पर शामिल हुए हैं। पिछले 12 महीनों में इंग्लैंड लायंस और देश-विदेश में T20 टूर्नामेंट्स में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने यह जगह बनाई है।"
इंग्लैंड के टी20 स्क्वाड में ये तीन खिलाड़ी आए वापस
टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड (England) की टीम काफी हद तक जानी-पहचानी है लेकिन तीन खिलाड़ी ऐसे हैं, जिनकी काफी समय बाद वापसी हो रही है। ये खिलाड़ी जॉर्डन कॉक्स, सोनी बेकर और साकिब महमूद हैं। कॉक्स और बेकर न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान खेलते नजर आए। वहीं, साकिब ने 2025 से इंग्लैंड के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला है।
ऑलराउंडर जेमी ओवरटन चोट के कारण चयन के लिए नहीं उपलब्ध थे। इसके अलावा ओपनर बेन डकेट को टी20 टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड का स्क्वाड
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल रशीद, फिल साल्ट, जोश टंग, ल्यूक वुड
यह भी पढ़ें: चोटिल नितीश कुमार रेड्डी आयरलैंड सीरीज से बाहर, अब ये ऑलराउंडर उनकी जगह होगा रवाना