वर्ल्ड चैंपियंस लीग में टीम इंडिया को इंग्लैंड ने बुरी तरह रौंदा, 21 रन से मिली हार

Published - 05 Oct 2026, 09:06 AM | Updated - 05 Oct 2026, 09:45 AM

India 62

India Champions vs England Champions : यूएई में खेले जा रहे वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स 2026 के चौथे मैच में इंडिया चैंपियंस को इंग्लैंड चैंपियंस के खिलाफ 21 रनों से हार झेलनी पड़ी। ऑस्ट्रेलिया को हराकर अपने अभियान का धमाकेदार आगाज करने वाली इंडिया की टीम से बड़ी उम्मीदें थीं लेकिन इंग्लैंड ने उसे कोई मौका नहीं दिया।

शारजाह में हुए मुकाबले में पहले खेलते हुए इंग्लैंड चैंपियंस ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 192 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में इंडिया चैंपियंस (India Champions) पूरे ओवर खेलकर 8 विकेट खोकर 171 रन ही बना पाई।

बोपारा और पटेल ने India के गेंदबाजों का किया बुरा हाल

India 63

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। ओपनर डेविड मलान 1 रन बनाकर पहले ही ओवर में 3 के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद, कप्तान रवि बोपारा और समित पटेल की जबरदस्त साझेदारी देखने को मिली। इन दोनों ने इंडिया चैंपियंस के गेंदबाजों की जमकर धुलाई की और दूसरे विकेट के लिए 133 रनों की साझेदारी की।

इसका अंत 15वें ओवर में हुआ और 44 गेंदों में 57 रन बनाकर समित आउट हो गए। बोपारा ने तूफानी पारी खेली और 180.43 के स्ट्राइक रेट से 46 गेंदों में 83 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके और छह छक्के शामिल रहे। विकेटकीपर फिल मस्टर्ड ने भी 20 गेंदों में 21 रन बनाए। इंडिया चैंपियंस (India Champions) के लिए धवल कुलकर्णी और अभिमन्यु मिथुन ने सबसे ज्यादा दो-दो विकेट लिए।

उथप्पा की आक्रामक पारी से तेज शुरुआत, फिर हालत हुई खराब

लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया चैंपियंस (India Champions) को रॉबिन उथप्पा ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने महज 13 गेंदों में नमन ओझा (2) के साथ 33 रनों की साझेदारी की। उनके बल्ले से 11 गेंदों में 31 रनों की पारी आई। हालांकि जैसे ही भारतीय पारी का पहला विकेट गिरा, एक के बाद एक कई झटके लगे और पावरप्ले में ही स्कोर 47/4 हो गया।

रायुडू और लोअर ऑर्डर का प्रयास गया बेकार, इंग्लैंड को हराने में भारत रहा नाकाम

पहले छह ओवर में लगे झटकों से इंडिया चैंपियंस की टीम की लड़खड़ाती पारी अंबाती रायुडू ने 31 गेंदों में 47 रन बनाकर संभालने का प्रयास किया लेकिन कुछ खास सफलता नहीं मिली। कप्तान इरफ़ान पठान 10 रन बनाकर आउट हुए।

ऋषि धवन ने 28 गेंदों में 29 और पियूष चावला ने 23 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाकर लक्ष्य तक टीम को ले जाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। इंग्लैंड चैंपियंस की तरफ से रयान साइडबॉटम, टोबी जोंस और लियाम प्लंकेट ने सबसे ज्यादा दो-दो विकेट लिए।

यह भी पढ़ें: क्रिकेट फैंस के लिए बुरी खबर, एक दिन में 2 खिलाड़ियों ने किया संन्यास का ऐलान

Tagged:

Ravi Bopara robin uthappa Ambati Rayudu India Champions England Champions World Championship of Legends 2026 India Champions vs England Champions
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com