CSK vs PBKS: चेपॉक में चला पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों का चाबूक, चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराया, आसानी से चेज किया 210 का टारगेट
Published - 03 Apr 2026, 11:25 PM
Table of Contents
CSK vs PBKS: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 7वें मैच में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर इस सीजन की दूसरी जीत दर्ज कर ली है। चेन्नई के एम.ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले होम टीम को बैटिंग का आमंत्रण दिया था।
पहले बैटिंग करने उतरी येलो आर्मी ने आयुष म्हात्रे की शानदार 73 रन की पारी की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए थे। 210 रन का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स (CSK vs PBKS) 18.4 ओवर में टारगेट का सफलतापूर्वक पीछा कर लिया। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स आईपीएल 2026 की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।
CSK vs PBKS: शीर्ष चार बल्लेबाजों ने पहुंचाया जीत के पार
चेन्नई सुपर किंग्स के दिए 210 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन की सलामी जोड़ी ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 26 गेंदों पर 61 रन जोड़े, लेकिन बड़ा हिट लगाने की कोशिश में प्रियांश 11 बॉल पर 39 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद दूसरे विकेट के लिए प्रभसिमरन और कूपर कॉनली ने 27 गेंदों पर 32 रन की साझेदारी की, लेकिन एक गलतफहमी के चक्कर में प्रभसिमरन को अपना कीमती विकेट गंवाना पड़ा। उन्होंने 34 गेंदों पर शानदार 43 रन बनाए। जबकि कूपर भी इसके बाद अधिक समय तक क्रीज पर नहीं टिक सके और 22 गेंदों पर 36 रन बनाकर अंशुल कंबोज का शिकार बन गए।
यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर ने कमान संभाली। उन्होंने 28 गेंदों पर शानदार 50 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत की दहलीज पार करवाने से पहले ही वह आउट हो गए। शशांक सिंह ने नाबाद 14 और स्टोइनिस ने नाबाद 9 रन बनाए। बता दें कि, इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की गेंदबाजी ने काफी निराश किया, जबकि गायकवाड़ की कप्तानी पर भी इस मैच के बाद कई सवाल उठ सकते हैं।
गायकवाड़-आयुष की साझेदारी ने रखी नींव
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से पारी का आगाज करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की जोड़ी एक बार फिर फ्लॉप रही। येलो जर्सी में अपना दूसरा मैच खेल रहे संजू 7 बॉल पर सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद नंबर तीन पर उतरे युवा आयुष बदोनी ने कप्तान के साथ मिलकर मोर्चा संभाला।
दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 55 गेंदों पर 96 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। हालांकि, कप्तान गायकवाड़ 22 बॉल पर 28 रन बनाकर आउट हो गए। जबकि आयुष म्हात्रे भी 43 गेंदों में 73 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनकी इस पारी में 6 चौके और 5 छक्के शामिल थे, जिसकी बदौलत सीएसके मैच (CSK vs PBKS) में वापसी करने में सफल रही। वहीं, कार्तिक शर्मा भी एक रन से अधिक नहीं बना सके।
GT vs RR: मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन आई सामने! मैदान पर उतरेंगे कुल ये 24 खिलाड़ी
दुबे-सरफराज ने पहुंचाया 200 पार
130 पर 4 विकेट गंवाने के बाद छठे नंबर पर सरफराज खान को बैटिंग के लिए भेजा गया और आते ही उन्होंने अपने आक्रामक अंदाज दिखा दिया। उन्होंने पीबीकेएस (CSK vs PBKS) के गेंदबाजों को रिमांड पर लेते हुए सिर्फ 12 गेंदों पर 32 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया था।
वहीं, शिवम दुबे ने 27 बॉल पर नाबाद 45 रन बनाए, जिसकी बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स 209 रन बनाने में सफल रहे। बता दें कि, डेब्यूटेंट प्रशांत वीर 7 गेंदों पर नाबाद 6 रन ही बना सके। पंजाब किंग्स (CSK vs PBKS) की ओर से विजय कुमार वैशाक ने सर्वाधिक 2 विकेट लिए तो युजवेंद्र चहल, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट को एक-एक सफलता हाथ लगी।
ऑथर के बारे में
क्रिकेट सिर्फ़ एक खेल नहीं, यह एक ऐसा जुनून है जो हर भारतीय के दिल में धड़कता है। मैं, अमन शर्मा, इस... रीड मोर