249 रन डिफेंड ना कर पाने पर भड़के कोच गंभीर, सीधे तौर पर इन्हें ठहराया हार का जिम्मेदार
Table of Contents
रांची में टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ 249 रन बनाने के बावजूद 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के कारण टीम इंडिया की काफी आलोचना हो रही है। वहीं, हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने इसके लिए अपने खिलाड़ियों को जिम्मेदार ठहराने के बजाय पिच पर दोष मढ़ा है। गंभीर ने साफ़ कहा कि इस तरह की पिचों पर गेंदबाजों के पास ज्यादा कुछ करने को नहीं है।
JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249/5 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 18.3 ओवर में ही 4 विकेट के नुकसान पर 252 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह टी20 इंटरनेशनल में दूसरा सबसे बड़ा सफल चेज रहा। वहीं, टीम इंडिया पहली बार 250 के टारगेट को डिफेंड करने में नाकाम रही।
वेस्टइंडीज के खिलाफ हार के बाद Gautam Gambhir ने पिच को बनाया निशाना

दूसरे टी20 के बाद, प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) रांची की पिच से खुश नहीं नजर आए। उन्होंने कहा कि व्हाइट बॉल क्रिकेट में ऐसी पिचें होनी चाहिए, जिनमें बल्ले और गेंद के बीच करीबी मुकाबला हो। गंभीर ने कहा,
"क्या आप बल्ले और गेंद के बीच अच्छा मुकाबला नहीं देखना चाहते? आप जो देखना चाहते हैं, वही हम भी देखना चाहते हैं। हम भी बराबरी का मुकाबला देखना चाहते हैं। ये गेंदबाज हमारे हैं, किसी और के नहीं। इनका करियर दांव पर लगा है; इस ड्रेसिंग रूम तक पहुंचने के लिए इन्होंने कड़ी मेहनत की है। अगर मुकाबला बराबरी का हो, तो हमें क्रिकेट का बेहतर खेल देखने को मिलेगा।"
दूसरे टी20 में मिली हार की होगी समीक्षा
गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने पिच पर निशाना जरूर साधा लेकिन यह भी कहा कि वे इस हार की समीक्षा करेंगे और अपनी कमियों को दूर करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा,
"हम वर्ल्ड-चैंपियन टीम हैं, इसलिए हम लगातार बेहतर होते रहना चाहते हैं। जाहिर है, ऐसी परिस्थितियों में गेंदबाज़ी करना मुश्किल होता है। सपाट विकेट और ओस की वजह से यह चुनौतीपूर्ण है, लेकिन हमें इसका कोई न कोई रास्ता निकालना होगा। खासकर तब, जब विरोधी टीम ने पहले ही ओवर में दो विकेट और फिर पावरप्ले में तीन विकेट गंवा दिए हों।"
मयंक यादव के प्रदर्शन से गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) हुए खुश
भारत को भले ही दूसरे मैच में हार मिली हो लेकिन तेज गेंदबाज मयंक यादव ने काफी प्रभावित किया और 36 रन देकर 3 विकेट के साथ टीम इंडिया के सबसे सफल बॉलर रहे। गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने उनकी तारीफ करते हुए कहा,
"वह एक तेज गेंदबाज़ है, उसे तेज़ गेंदबाज की तरह ही बॉलिंग करनी चाहिए। वह कोई धीमा गेंदबाज नहीं है। अगर आप 150 kmph की रफ़्तार से बॉलिंग कर सकते हैं, तो उतनी गति से ही करें। अगर 120 kmph की रफ्तार से करते हैं, तो 120 kmph की गति से करें। जब आप एक तेज़ गेंदबाज के तौर पर खेल रहे हों, तो तेज गति से गेंदबाजी करना आपकी जिम्मेदारी होती है। और आज उसने ऐसा ही किया और उसे कामयाबी भी मिली।"
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया के खिलाफ आग उगलता इस खिलाड़ी का बल्ला, पिछले 7 मैचों में ठोक चुका 4 शतक