भुवनेश्वर कुमार का अजीबोगरीब बयान, बोले 'IPL ऑक्शन बंद करो..'

Published - 16 Sep 2026, 11:08 AM | Updated - 16 Sep 2026, 11:38 AM

Bhuvneshwar Kumar

भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) IPL के सबसे पुराने खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने अपना डेब्यू 2011 में किया था, लेकिन 2009 से ही लीग का हिस्सा बन गए थे। पिछले दो सीजन से यह तेज गेंदबाज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ जुड़ा हुआ है। इस दौरान आरसीबी लगातार दो बार ख़िताब जीतने में सफल रही। भुवी भी अपने पुराने अंदाज में गेंदबाजी करते नजर आ रहे हैं और हालिया सीजन में 28 विकेट लेकर तहलका मचा दिया था।

आईपीएल 2026 के बाद, उत्तर प्रदेश टी20 लीग के चौथे सीजन में भी भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) ने काफी अच्छी गेंदबाजी की और उनकी टीम फाइनल तक पहुंचने में सफल रही। अब इस खिलाड़ी ने आईपीएल ऑक्शन को लेकर कुछ ऐसा बयान दे दिया है, जिससे काफी लोगों को हैरानी हो सकती है।

Bhuvneshwar Kumar ने की IPL ऑक्शन बंद करने की मांग

आईपीएल में हर सीजन से पहले ऑक्शन का आयोजन होता है, जिसमें खरीदे जाने वाले खिलाड़ियों के हाथ काफी बड़ी रकम लगती है। कुछ अनकैप्ड खिलाड़ी भी करोड़ों में खरीदे जाते हैं। इसका उदाहरण हमने पिछले साल ही देखा था, जब प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा में प्रत्येक को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ में खरीदा था।

वहीं, मेगा ऑक्शन में ऋषभ पंत रिकॉर्ड तोड़ 27 करोड़ रुपये में लखनऊ सुपर जायंट्स ने खरीदकर उन्हें नीलामी के इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी बना दिया था। हालांकि, भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) चाहते हैं कि आईपीएल से ऑक्शन सिस्टम को खत्म कर दिया जाए, क्योंकि यह काफी दबाव वाला होता है और खिलाड़ी अनावश्यक प्रेशर महसूस करते हैं। उन्होंने अपनी बात को समझाने के लिए खुद का उदाहरण भी दिया।

IPL ऑक्शन को खिलाड़ियों की मानसिकता के लिए बताया खतरनाक

जतिन सप्रू के यूट्यूब पॉडकास्ट पर भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) ने कहा,

"यह खिलाड़ियों पर बहुत ज्यादा मानसिक दबाव डालता है। मुझे याद है कि जब 2013-14 में नीलामी हुई थी और SRH ने मुझे चुना था, तब मैं भारत के लिए खेल रहा था, फिर भी मन में बहुत घबराहट रहती थी। भले ही आप कहें नहीं, लेकिन मन में यही चलता रहता है कि 'क्या होगा, क्या नहीं होगा?'"

भुवी ने आगे कहा, "मैं इसे 'मानसिक रूप से परेशान' होना तो नहीं कहूंगा, लेकिन आप चिंता में जरूर रहते हैं। यह जरूरी नहीं है, लेकिन अगर विकल्प दिया जाता है तो नीलामी की प्रक्रिया ही हटा देनी चाहिए, क्योंकि यह खिलाड़ियों की मानसिकता के लिए ठीक नहीं है।"

IPL ऑक्शन में अब तक ऐसा रहा है भुवनेश्वर कुमार का सफर

इंडियन प्रीमियर लीग इतिहास के सबसे सफल तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) की आईपीएल ऑक्शन में जर्नी 2009 के सीजन के साथ शुरू हुई थी। उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 6 लाख रुपये में रिटेन किया था और 2010 में भी इसी कीमत के साथ RCB के साथ ही रहे। इसके बाद, 2011 में पुणे वॉरियर्स इंडिया ने उन्हें 20 लाख रुपये में चुना और तीन सीजन इस टीम के साथ रहे।

2014 में, सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 4.25 करोड़ रुपये में साइन किया और इस फ्रेंचाइजी के साथ दस साल बिताए। हालांकि, 2018 से 2021 तक उन्हें 8.50 करोड़ प्रति सीजन की धनराशि मिली। इसके बाद, 2022 से 2025 तक हैदराबाद में ही रहे, लेकिन सैलरी कम होकर 4.20 करोड़ हो गई। फिर 2025 के मेगा ऑक्शन में 10.75 करोड़ में RCB ने उन्हें खरीदा और 2026 के लिए रिटेन भी किया।

यह भी पढ़ें: तीसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी का खेलना तय, संजू नहीं इस बल्लेबाज को करेंगे रिप्लेस

Tagged:

bhuvneshwar kumar IPL Auction Royal Challengers Bengaluru
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com