BCCI ने इस खिलाड़ी पर लगाया एक लाख का जुर्माना, जानें क्यों मिला ये कठिन दंड
Table of Contents
BCCI fined player: भारत में क्रिकेट से जुड़ी ज्यादातर गतिविधियां भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के नियमन के तहत संचालित होती हैं। राज्य क्रिकेट संघ भी बोर्ड द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करते हैं। घरेलू क्रिकेट और अन्य इवेंट्स में भी इन नियमों को लागू किया जाता है।
ऐसे में यदि कोई खिलाड़ी निर्धारित नियमों का उल्लंघन करता है तो फिर उसके खिलाफ बीसीसीआई या संबंधित क्रिकेट संघ मामले की गंभीरता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करता है। अब ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें BCCI द्वारा खिलाड़ी पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
BCCI की खिलाड़ी पर कार्रवाई, नाम का नहीं हुआ खुलासा

बीसीसीआई ने जिस खिलाड़ी पर जुर्माना लगाया है, उसका नाता टीम इंडिया से नहीं है लेकिन उसने पिछले सीजन ही अपना रणजी डेब्यू किया था। यह प्लेयर तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2026 में हिस्सा ले रहा था लेकिन अब वो शेष मैचों में नहीं खेल पाएगा, क्योंकि प्रतिबंधित कर दिया गया है, साथ ही एक लाख रुपये का फाइन भी देना होगा।
हालांकि कार्रवाई के बावजूद खिलाड़ी का नाम सामने नहीं आया है, लेकिन इतना जरूर पता चला है कि संबंधित खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व करता है। वह एक ऑलराउंडर है और बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी टीम के लिए योगदान देता है।
TNPL 2026 में मैच के दौरान किया फोन का इस्तेमाल
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI की एंटी-करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) ने एक मोबाइल फोन बरामद किया, जिसके बारे में संबंधित खिलाड़ी ने पहले जानकारी नहीं दी थी। यह फोन ‘प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया’ (PMOA) में बरामद किया गया।
जानकारों के मुताबिक, यह घटना 10 अगस्त को डिंडीगुल के नथम में NPR कॉलेज ग्राउंड पर हुई थी। BCCI की एंटी-करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट ने अपनी जांच के बाद तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) को इसकी जानकारी दी। यह खिलाड़ी द्वारा एंटी-करप्शन कोड के उल्लंघन का पहला मामला है, इसलिए ACSU ने 1 लाख रुपये के जुर्माने की सिफारिश की है।
TNCA के सचिव ने दी मामले की जानकारी
TNPL का आयोजन तमिलनाडु क्रिकेट संघ कराता है। ऐसे में इस मामले को लेकर TNCA के सचिव भगवंदास राव ने कहा,
"हमें इस घटना के बारे में (ACSU से) एक पत्र मिला है। हमने टीम मालिकों को निर्देश दिया है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक वे उसे चयन के लिए कंसीडर न करें। हम अभी इस मामले की जांच कर रहे हैं और उचित कार्रवाई करेंगे।"
IPL 2026 के दौरान रोमी भिंडर पर भी फोन के इस्तेमाल पर लगा था जुर्माना
आप में से काफी लोगों को पता ही होगा कि IPL 2026 के दौरान राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर भी इसी तरह के मामले में दोषी पाए गए थे और उन पर भी BCCI की यूनिट की तरफ से 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। भिंडर को लाइव मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते देखा गया था। उस समय उनके बगल में वैभव सूर्यवंशी भी बैठे हुए थे।
यह भी पढ़ें: आगामी सीजन के लिए KKR ने किया अपने मेंटोर का ऐलान, इस ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज को सौंपी जिम्मेदारी
Tagged:
bcci Tamil Nadu Cricket Team TNPL 2026