मिचेल स्टार्क के आगे बांग्लादेश ने टेके घुटने, मात्र 64 रन पर ऑल आउट हुई पूरी टीम
Mitchell Starc's havoc against Bangladesh: बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में इतिहास रचते हुए डार्विन में खेले गए मुकाबले में धमाकेदार जीत दर्ज की थी। शर्मनाक हार के कारण ऑस्ट्रेलियाई टीम की काफी आलोचना हुई और उन पर वापसी का दबाव था।
अब ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट में साबित कर दिया कि क्यों उन्हें सबसे खतरनाक माना जाता है। कंगारू टीम ने मैके में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) की घातक गेंदबाजी की बदौलत बांग्लादेश का हाल-बेहाल कर दिया और मेहमान टीम सिर्फ 64 रन पर ऑल आउट हो गई।
Mitchell Starc ने सिर्फ 22 गेंदों में लिए 5 विकेट, बांग्लादेश के बल्लेबाज हुए बेबस

ग्रेट बैरियर रीफ एरीना, मैके में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की शुरुआत ही मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने विकेट के साथ की। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम को पहली ही गेंद पर बड़ा झटका लगा और ओपनर शादमान इस्लाम पवेलियन लौट गए। इसके बाद डार्विन टेस्ट के शतकवीर तंजीद हसन को भी स्टार्क ने अपने दूसरे ओवर में अपना शिकार बनाया और उन्हें खाता खोलने का मौका नहीं दिया।
इसी ओवर में बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो को भी बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने पवेलियन की राह दिखा दी। ये तीनों ही बल्लेबाज अपना खाता नहीं खोल पाए। इसके बाद मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने मोमिनुल हक (9) और लिटन दास (0) को भी अपना शिकार बनाया। इस तरह उन्होंने महज 22 गेंदों में बांग्लादेश की पारी को तहस-नहस करते हुए टेस्ट क्रिकेट में 19वीं बार 5 विकेट हॉल अपने नाम कर लिया।
बांग्लादेश की पारी सिर्फ 64 रन पर सिमटी, मिचेल स्टार्क ने झटके कुल 6 विकेट
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि डार्विन में इतिहास रचने के बाद, मैके में उसका ऐसा हाल होगा। मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) के कहर के कारण एक समय बांग्लादेश का स्कोर 12/5 था। लग रहा था कि शायद टेस्ट में टीम द्वारा पारी में सबसे कम स्कोर का नया रिकॉर्ड बनेगा लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों ने दोहरे अंकों में स्कोर बनाकर अपनी टीम को शर्मिंदगी से कुछ हद तक बचा लिया।
बांग्लादेश की पारी 34 ओवर टिक पाई। सबसे ज्यादा 14 रन शोरीफुल इस्लाम के बल्ले से आए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा 6 विकेट लिए। कप्तान पैट कमिंस ने तीन विकेट झटके। वहीं, वहीं, जोश हेजलवुड के खाते में 1 विकेट आया।
मैके टेस्ट में जीत के साथ सीरीज बराबरी पर खत्म करना चाहेगा ऑस्ट्रेलिया
बांग्लादेश की टीम 23 साल बाद ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर आई है। जब मेहमान टीम ने पहले टेस्ट में 9 विकेट से जीत दर्ज की तो सभी को हैरान करने का काम किया, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया की टीम में सभी प्रमुख खिलाड़ी खेल रहे थे। इसी वजह से यह जीत और भी ज्यादा खास थी। 1-0 की बढ़त के कारण बांग्लादेश के सीरीज जीतने की भी संभावना जताई जा रही थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट में जबरदस्त वापसी की है।
मैके में बांग्लादेश की पारी को सस्ते में समेटने के बाद, ऑस्ट्रेलियाई टीम बड़ा स्कोर बनाकर विशाल बढ़त लेना चाहेगी, जो बाद में निर्णायक साबित हो सकती है। सीरीज बचाने के लिए पैट कमिंस की टीम को हर हाल में दूसरा टेस्ट जीतना ही होगा, तभी 1-1 की बराबरी पर समाप्त होगी।
यह भी पढ़ें: इस 35 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने अचानक लिया संन्यास, अब घरेलू क्रिकेट भी नहीं खेलेगा