टीम इंडिया के लिए प्लेइंग 11 में नहीं मिला मौका, तो कुलदीप यादव ने इंग्लैंड में जाकर खेलने का किया फैसला
Table of Contents
Kuldeep Yadav set to play in England: भारतीय टीम के स्पिनर कुलदीप यादव को इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज के लिए नहीं चुना गया था। वहीं, वनडे सीरीज के दौरान उन्हें तीनों ही मुकाबले में सिर्फ पानी पिलाने के लिए रखा गया और एक भी मैच की प्लेइंग XI में नहीं जगह मिली। कुलदीप को न खिलाए जाने से कई पूर्व क्रिकेटर नाराज नजर आए लेकिन टीम मैनेजमेंट ने अपनी मनमानी करते हुए उन्हें मौका नहीं दिया।
23 जुलाई से जिम्बाब्वे में खेली जाने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भी कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं। अब कुलदीप के अगस्त में श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज में एक्शन में दिखने की संभावना है। इसी वजह से उन्होंने बड़ा फैसला करते हुए इंग्लैंड में कुछ मैच खेलने का फैसला किया है।
इंग्लैंड में Kuldeep Yadav का दिखेगा जलवा

श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 15 अगस्त से होनी है। ऐसे में कुलदीप ने इंग्लैंड के घरेलू टूर्नामेंट वनडे-कप में खेलने का फैसला किया है। यह टूर्नामेंट 21 जुलाई से शुरू हो चुका है और कई बड़े नाम इसमें हिस्सा ले रहे हैं। इस टूर्नामेंट के माध्यम से कुलदीप को 50 ओवर फॉर्मेट में वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों को मजबूत करने का मौका मिलेगा, क्योंकि इंग्लैंड की कंडीशन भी काफी हद तक वैसी ही हैं, जैसी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होंगी।
कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) वनडे-कप में खेलने के बाद भारत आ जाएंगे और फिर टीम इंडिया के साथ श्रीलंका दौरे पर जाने की संभावना है। इसके बाद, वह काउंटी सीजन के अंतिम तीन मैचों के लिए फिर से इंग्लैंड वापस जाएंगे। कुलदीप ने भारत के लिए अपना अंतिम मैच अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था। उन्होंने 18 टेस्ट में 79 विकेट लिए हैं। वहीं, 118 वनडे में 194 विकेट चटका चुके हैं।
कुलदीप यादव ने यॉर्कशायर के साथ किया करार
इंग्लैंड की जमीन पर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) यॉर्कशायर की तरफ से खेलते नजर आएंगे। इसके तहत वे 24 जुलाई से 2 अगस्त के बीच वन-डे कप में 50-ओवर वाले पांच मैच खेलेंगे और फिर सितंबर में सीजन के आखिरी तीन काउंटी चैंपियनशिप मैचों के लिए लौटेंगे।
यॉर्कशायर के साथ करार को लेकर कुलदीप यादव ने कहा,
"यॉर्कशायर से जुड़कर मुझे बहुत खुशी हो रही है और मैं इस मौके के लिए आभारी हूं। यॉर्कशायर जैसे शानदार इतिहास वाले क्लब का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी। मुझे हमेशा से इंग्लिश कंडिशंस में खेलने की चुनौती पसंद रही है और मैनेजमेंट से बात करने के बाद, मैं टीम से जुड़ने के लिए बहुत उत्साहित हो गया। मैं हेडिंग्ले में अपने समय के दौरान टीम के लिए अच्छा योगदान देने को लेकर उत्सुक हूं।"
कुलदीप यादव को साइन करने को लेकर यॉर्कशायर की तरफ से आई प्रतिक्रिया
यॉर्कशायर के क्रिकेट जनरल मैनेजर गैविन हैमिल्टन ने कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) की साइनिंग को लेकर कहा,
"इस बार गर्मी में मौसम सूखा रहा है, इसलिए हमें उम्मीद है कि सीज़न के आखिरी दौर में स्पिन अहम भूमिका निभाएगी। कुलदीप अपनी लेफ्ट-आर्म रिस्ट स्पिन से हमें एक नया आयाम देते हैं और उनके पास टॉप लेवल का काफी अनुभव है। हम यॉर्कशायर में उनका स्वागत करते हुए बहुत खुश हैं।"