एक साल पहले इस गेंदबाज ने पकड़ी लेदर बॉल, अब कप्तान शुभमन गिल ने कर लिया अपनी टीम में शामिल

Published - 21 Aug 2026, 11:46 AM | Updated - 21 Aug 2026, 01:01 PM

Shubman Gill

शुभमन गिल (Shubman Gill) को इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते हुए अभी एक दशक भी नहीं हुआ है लेकिन उनके अंदर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचानने की काफी अच्छी कला है। उन्होंने तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को आगे बढ़ाने का काम किया, जिन्होंने अफगानिस्तान वनडे सीरीज में अपना डेब्यू किया था और श्रीलंका दौरे पर भी टीम इंडिया के साथ हैं।

अब शुभमन गिल (Shubman Gill) के कारण एक और तेज गेंदबाज आगे बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। इस युवा खिलाड़ी ने अपने करियर के सबसे बड़े टर्निंग पॉइंट के रूप में गिल से हुई बातचीत का जिक्र किया, जिसके बाद उन्होंने टेनिस बॉल क्रिकेट छोड़कर लेदर बॉल से खेलना शुरू किया। यह बदलाव सही साबित हुआ और अब वह गिल की कप्तानी वाली टीम का हिस्सा बन गए हैं।

Shubman Gill के कारण किरनदीप सिंह के करियर में आया बड़ा बदलाव

Shubman Gill 1

20 साल के तेज गेंदबाज किरनदीप सिंह को शुभमन गिल (Shubman Gill) ने साल 2025 में एक अहम सलाह दी थी। किरनदीप की गेंदों का अभ्यास सत्र के दौरान सामना करने वाले गिल उनसे काफी प्रभावित हुए थे। भारतीय कप्तान ने इस युवा गेंदबाज को टेनिस बॉल के बजाय लेदर बॉल से खेलने के लिए कहा था।

इसके बाद किरनदीप ने लेदर बॉल क्रिकेट पर फोकस करना शुरू किया और महज एक साल के अंदर उनकी किस्मत बदलती नजर आई। उन्हें Sher-e-Punjab T20 लीग में खेलने का मौका मिल गया है।

टेनिस बॉल से लेदर बॉल तक का सफर, किरनदीप ने बताई पूरी कहानी

कई क्रिकेटर अपने करियर की शुरुआत टेनिस बॉल से करते हैं। आजकल टेनिस बॉल से भी कई बड़े टूर्नामेंट आयोजित होते हैं। हालांकि, पेशेवर क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए लेदर बॉल से खेलना जरूरी है, क्योंकि घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट इसी से खेला जाता है। किरनदीप सिंह भी पहले टेनिस बॉल से ही खेलते थे, लेकिन शुभमन गिल (Shubman Gill) की सलाह के बाद उन्होंने लेदर बॉल क्रिकेट का रुख किया।

फाजिल्का फॉल्कान्स द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में किरनदीप सिंह ने शुभमन गिल के साथ हुई अपनी मुलाकात और बातचीत के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि भारतीय कप्तान से उनकी मुलाकात 2025 में मुल्लांपुर के स्टेडियम में हुई थी। इस दौरान उन्हें गिल को गेंदबाजी करने का मौका मिला। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने किरनदीप की गेंदबाजी से प्रभावित होकर उनकी तारीफ भी की। इसके बाद युवा गेंदबाज ने उन्हें बताया कि वह टेनिस बॉल क्रिकेट खेलते हैं।

यह जानकर शुभमन गिल (Shubman Gill) ने किरनदीप सिंह से कहा कि उन्हें अब टेनिस बॉल क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए और लेदर बॉल से खेलना शुरू करना चाहिए। गिल ने किरनदीप से यह भी कहा कि अगर उन्हें कभी किसी चीज की जरूरत हो तो वह बता सकते हैं। इस सलाह से किरनदीप को काफी प्रेरणा मिली। इसके बाद उन्होंने लेदर बॉल क्रिकेट पर फोकस करना शुरू किया और अब पेशेवर क्रिकेट में कदम रखने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

शुभमन गिल की कप्तानी में किरनदीप दिखाएंगे अपना जलवा

दरअसल, हाल ही में Sher-e-Punjab T20 लीग का ऑक्शन हुआ, जिसमें किरनदीप सिंह को फाजिल्का फॉल्कान्स ने 20,000 रुपये में खरीदा। इस टीम के मार्की प्लेयर और कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) हैं। ऐसे में किरनदीप को गिल की कप्तानी में खेलने का मौका मिलेगा। फ्रेंचाइजी मॉडल में इस लीग का पहला सीजन आयोजित होने जा रहा है, जो 30 अगस्त 2026 से 13 सितंबर 2026 तक खेला जाएगा।

इस लीग में शुभमन गिल के अलावा अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह जैसे स्टार खिलाड़ी भी नजर आएंगे। ऐसे में किरनदीप जैसे युवा खिलाड़ियों को इन अनुभवी और बड़े नामों से काफी कुछ सीखने का मौका मिलेगा। गिल की सलाह पर अपने खेल में बदलाव करने वाले किरनदीप के लिए यह लीग अपने करियर को आगे बढ़ाने का बेहतरीन मंच साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें: कोलंबो टेस्ट के लिए भारत और श्रीलंका दोनों टीम का हुआ ऐलान, टीम में हुए 2 बड़े बदलाव

Tagged:

shubman gill Sher-e-Punjab Kirandeep Singh Fazilka Falcons
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com