IPL में एक सीजन में 4 सेंचुरी का महा रिकॉर्ड! दुनिया के सिर्फ 2 बल्लेबाज कर पाए ये कमाल
Published - 14 May 2026, 01:06 AM | Updated - 14 May 2026, 01:26 AM
IPL में हर साल चौकों-छक्कों की बारिश होती है। फैंस को बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं और बल्लेबाज भी लगातार नए रिकॉर्ड बनाते रहते हैं। लेकिन टी20 क्रिकेट में शतक लगाना आज भी आसान काम नहीं माना जाता। यहां बल्लेबाज को शुरुआत से ही तेजी से रन बनाने पड़ते हैं, इसलिए लंबी पारी खेलना काफी मुश्किल होता है।
ऐसे में एक ही सीजन में 4 शतक लगाना किसी बड़े सपने जैसा है। यही वजह है कि IPL के इतिहास में अब तक सिर्फ दो बल्लेबाज ही यह खास रिकॉर्ड बना पाए हैं। इन खिलाड़ियों ने अपने दमदार खेल से पूरे सीजन में क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया था।
विराट कोहली ने 2016 में बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

विराट कोहली (Virat Kohli) के लिए IPL 2016 बहुत खास सीजन रहा था। उस सीजन में उन्होंने बल्लेबाजी की ऐसी मिसाल पेश की, जिसे आज भी लोग याद करते हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से खेलते हुए विराट ने पूरे टूर्नामेंट में 973 रन बनाए थे। यह आज भी किसी भी खिलाड़ी के द्वारा एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है।
सबसे बड़ी बात यह रही कि विराट ने उस सीजन में 4 शतक लगाए थे। मैदान पर उनका आत्मविश्वास अलग ही नजर आ रहा था। कई मुकाबलों में उन्होंने अकेले दम पर टीम को जीत दिलाई। उनकी बल्लेबाजी में धैर्य भी था और अटैकिंग बल्लेबाजी भी दिखाई। यही वजह थी कि गेंदबाज लगातार दबाव में दिखाई देते थे।
विराट ने उस सीजन में गुजरात लायंस और पंजाब जैसी टीमों के खिलाफ शानदार पारियां खेलीं। दिलचस्प बात यह भी थी कि चोट लगने के बाद भी उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी और टीम के लिए रन बनाए। क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने उस सीजन को IPL इतिहास की सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी में से एक माना था।
जोस बटलर ने की IPL में विराट की बराबरी
कई साल तक विराट कोहली का यह रिकॉर्ड किसी ने नहीं तोड़ा था। फिर साल 2022 में इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज जोश बटलर (Jos Buttler) ने इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए बटलर ने पूरे सीजन में शानदार बल्लेबाजी की थी।
बटलर ने 4 शतक लगाकर सभी को हैरान कर दिया। उनकी बल्लेबाजी की सबसे खास बात उनकी तेज शुरुआत रही थी। वह शुरुआती ओवरों में ही गेंदबाजों पर दबाव बना देते थे। कई मैचों में ऐसा लगा कि गेंदबाजों के पास उन्हें रोकने का कोई तरीका ही नहीं है।
उस सीजन में बटलर ने 863 रन बनाए और ऑरेंज कैप भी अपने नाम की। उनकी पारियों की मदद से राजस्थान रॉयल्स फाइनल तक पहुंची थी। हालांकि टीम खिताब नहीं जीत पाई, लेकिन बटलर पूरे टूर्नामेंट में सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे।
IPL हिस्ट्री में सबसे दुर्भाग्यशाली रहे ये 5 बल्लेबाज, 99 रन के स्कोर पर OUT होकर लौटे पवेलियन
यह रिकॉर्ड आज भी बेहद खास क्यों है?
IPL में हर सीजन बड़े बल्लेबाज खेलते हैं। कई दिग्गज बल्लेबाज इस लीग का हिस्सा रहे हैं। इसके बावजूद एक सीजन में 4 शतक लगाने का रिकॉर्ड सिर्फ दो खिलाड़ियों के नाम है। हालांकि इनके अलावा शुभमन गिल के नाम 2023 में तीन शतक शामिल है।
टी20 क्रिकेट में बल्लेबाज के पास ज्यादा गेंदें नहीं होतीं। अगर शुरुआत खराब हो जाए तो बड़ी पारी खेलना मुश्किल हो जाता है। यही कारण है कि लगातार पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन करना बहुत बड़ी बात मानी जाती है।
अगर इस सीजन की बात करें तो विराट कोहली अब भी उसी फोर्म में नजर आ रहे है लेकिन वैसी निरंतरता बनाने में असहाय दिख रहे है लेकिन अब तक इस सीजन उन्होंने एक शतक ही लगा पाए हैं। वहीं जोश बटलर का बल्ला भी फिलहाल खामोश है लेकिन टीम की लिए योगदान जरूर दे रहे हैं।
ऑथर के बारे में
सौरभ भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से रेडियो एंड टेलीविजन पत्रकारिता में उच्च शिक्षा प्राप्... रीड मोर