IPL के तर्ज पर यूरोप में शुरू हुई नई लीग, रहाणे-अश्विन-द्रविड़ समेत ये भारतीय दिग्गज आएंगे नजर
Table of Contents
New League In Europe: IPL की शुरुआत के बाद से ही क्रिकेट जगत में काफी बदलाव आ चुका है। इस लीग की शुरुआत BCCI ने 2008 में की थी और अब तक इसके 19 सीजन हो चुके हैं। इसका आयोजन टी20 फॉर्मेट में होता है, जिसमें 10 अलग-अलग फ्रेंचाइजी शामिल होती हैं।
इसकी सफलता के कारण अलग-अलग देशों में भी लीग शुरू हो चुकी हैं। वहीं, अब यूरोप (Europe) में भी IPL की तर्ज पर ही एक धमाकेदार लीग का आयोजन होने वाला है, जिसकी शुरुआत अगस्त के अंतिम सप्ताह में होगी। इस लीग में भारत के कई दिग्गज भी नजर आने वाले हैं।
Europe में खेली जाएगी IPL जैसी लीग, 26 अगस्त से होगी शुरुआत

दरअसल, क्रिकेट आयरलैंड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा संयुक्त रूप से यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग की शुरुआत का ऐलान किया है। इस लीग का आगाज 2025 में होना था लेकिन तब कुछ समस्याओं के कारण पोस्टपोन हो गई थी लेकिन इस बार 26 अगस्त से उद्धघाटन सीजन खेला जाएगा। सीजन का समापन 20 सितंबर को होगा।
European T20 Premier League के पहले सीजन में ये 6 टीमें आएंगी नजर
यूरोप (Europe) में शुरू होने जा रही इस लीग को ETPL के नाम से भी जाना जा रहा है। अगर पहले सीजन की बात करें तो इसमें कुल 6 टीमें हिस्सा लेती नजर आएंगी। ये टीमें एम्स्टर्डम फ्लेम्स, रॉटरडैम डॉकर्स, डबलिन गार्डियंस, बेलफास्ट वूल्व्स, एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स और ग्लासगो कॉस्मिक हैं।
बता दें कि इन टीमों का मालिकाना हक़ अलग-अलग ग्रुप के पास है। इन ग्रुप में फाफ डू प्लेसी, ग्लेन मैक्सवेल और हेनरिक क्लासेन जैसे खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने सह-मालिकाना हक़ ले रखा है। वहीं, डबलिन फ्रेंचाइजी के मालिक टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और हेड कोच राहुल द्रविड़ हैं।
ऐसा होगा यूरोप में होने वाली लीग का फॉर्मेट
यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (European T20 Premier League) 2026 का पहला सीजन डबल राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें हर टीम बाकी की टीमों से दो बार टक्कर लेगी। लीग स्टेज में कुल 30 मैच होंगे। जो टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहेगी, उसे सीधे फाइनल में जगह मिलेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें क्वालीफायर मैच के माध्यम से खिताबी जंग के लिए क्वालीफाई करने का प्रयास करेंगे।
टूर्नामेंट के शुरुआती 15 लीग मैच वूरबर्ग में खेले जाएंगे, जिसके बाद टूर्नामेंट मालाहाइड में होगा, जहां बाकी लीग मैच, क्वालीफायर और फाइनल खेले जाएंगे। लीग चरण में कई डबल-हेडर (एक ही दिन दो मैच) भी होंगे, जिनमें पहला मैच स्थानीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे और दूसरा मैच दोपहर 3:15 बजे शुरू होगा।
भारत के ये दो पूर्व क्रिकेटर खिलाड़ी के रूप में लेंगे हिस्सा
ETPL 2026 सीजन भारतीय फैंस के लिए भी खास होने वाला है, क्योंकि इसमें टीम इंडिया से संन्यास ले चुके दो दिग्गज खिलाड़ी के रूप में नजर आने वाले हैं। ये दो खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन और अजिंक्य रहाणे हैं। अश्विन को डबलिन गार्डियंस ने अपना कप्तान और मेंटर चुना है। यह टीम राहुल द्रविड़ के मालिकाना हक वाली है। ऐसे में फैंस को अश्विन और द्रविड़ की जोड़ी को साथ में काम करते देखने का मौका मिलेगा।
वहीं, पिछले महीने इंटरनेशनल क्रिकेट और आईपीएल को अलविदा कहने वाले अजिंक्य रहाणे भी यूरोप में होने जा रही टी20 लीग में अपना जलवा दिखाते हुए नजर आएंगे। रहाणे को एम्स्टर्डम फ्लेम्स ने साइन किया है।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश की कमजोर टीम ने ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट में धकेला, दूसरे दिन ही हार की दहलीज पर पहुंचे कंगारु