चैंपियनशिप की हैट्रिक! IPL में लगातार 3 खिताब जीतने वाले तीन लकी खिलाड़ी, सिर्फ इन्होने ही किया ये कमाल
Table of Contents
IPL को दुनिया की सबसे मशहूर और बड़ी क्रिकेट लीगों में से एक माना जाता है और इसकी सबसे बड़ी वजह इसका मेगा ऑक्शन सिस्टम है। लीग में हर साल मिनी ऑक्शन और हर तीन साल में मेगा ऑक्शन का आयोजन किया जाता है।
इस सिस्टम के तहत रिटेंशन लिमिट, सैलरी कैप और खिलाड़ियों के लगातार बंटवारे जैसी व्यवस्थाएं लागू की जाती हैं, ताकि कोई भी टीम लंबे समय तक एकतरफा दबदबा न बना सके। यही कारण है कि अब तक कोई भी फ्रेंचाइज़ी लगातार तीन सीजन तक आईपीएल ट्रॉफी नहीं जीत सकी है।
हालांकि, जहां फ्रेंचाइजी लगातार तीन बार चैंपियन बनने से दूर रही हैं, वहीं कुछ खिलाड़ियों ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है जो अपने आप में बेहद खास माना जाता है। अलग-अलग टीमों का हिस्सा बनते हुए लगातार तीन सीजन तक ट्रॉफी जीतना सिर्फ प्रदर्शन का नहीं बल्कि सही समय, सही टीम और सही मौके का भी खेल होता है।
आईपीएल इतिहास में अब तक केवल तीन खिलाड़ी ऐसे रहे हैं जिन्होंने लगातार तीन सीजन में चैंपियन टीम का हिस्सा बनकर यह दुर्लभ उपलब्धि हासिल की है। आइये जानते हैं कौन हैं वो तीन खिलाड़ी जिन्होंने लगातार तीन बार IPLका ख़िताब जीता हैं।
तीन लकी खिलाड़ी जिन्होंने IPL में लगातार 3 बार खिताब जीता
1. कर्ण शर्मा (2016-2018)
IPL में लगातार तीन खिताब जीतने वाले खिलाड़ियों की बात होती है तो सबसे पहले नाम कर्ण शर्मा का आता है। लंबे समय तक वह इस रिकॉर्ड के अकेले मालिक रहे। उनका यह सफर 2016 में शुरू हुआ, जब वह सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा थे। उस सीजन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया और कर्ण भी विजेता टीम का हिस्सा बने।
इसके बाद 2017 में कर्ण शर्मा मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ गए। मुंबई ने उस सीजन बेहद रोमांचक फाइनल में राइजिंग पुणे सुपरजायंट को हराकर ट्रॉफी जीती और कर्ण का लगातार दूसरा खिताब पूरा हुआ।
इसके बाद 2018 में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स का दामन थामा। दो साल के प्रतिबंध के बाद वापसी कर रही सीएसके ने एमएस धोनी की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन किया और ट्रॉफी जीत ली। इसके साथ ही कर्ण शर्मा लगातार तीन अलग-अलग फ्रेंचाइजी के साथ आईपीएल चैंपियन बनने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
2. फिल सॉल्ट (2024-2026)
कर्ण शर्मा के बाद इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने लगातार तीन सीजन तक विजेता टीम का हिस्सा बनकर इतिहास में इस खास क्लब में अपनी जगह बनाई हैं।
उनका सिलसिला 2024 में शुरू हुआ, जब वह कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का हिस्सा थे। श्रेयस अय्यर की अगुवाई में उस सीजन में केकेआर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 साल बाद अपना तीसरा ख़िताब जीता था।
इसके बाद फिल सॉल्ट को IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में आरसीबी ने अपने 11.50 करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया और उस सीजन में टीम को पहला खिताब दिलाने वाली स्क्वॉड का हिस्सा बने।
इसके बाद 2026 में आरसीबी ने अपना खिताब बचाने में सफलता हासिल की और फिल सॉल्ट लगातार तीसरी बार आईपीएल चैंपियन टीम में शामिल रहे।
3. सुयश शर्मा (2024-2026)
फिल सॉल्ट की तरह सुयश शर्मा ने भी लगातार तीन IPL ट्रॉफी जीतकर इस खास उपलब्धि को हासिल किया। युवा स्पिनर ने कम समय में खुद को बड़े मंच पर साबित किया और लगातार विजेता टीमों का हिस्सा बने रहे।
सुयश 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के साथ चैंपियन बने थे। उस सीजन उनकी भूमिका सीमित रही, लेकिन टीम के अभियान का हिस्सा होने के कारण उन्हें विजेता मेडल मिला।
इसके बाद उन्हें आरसीबी ने अपनी टीम में शामिल किया और फ्रेंचाइजी ने उन्हें 2.60 करोड़ रुपये में खरीदा और 2025 में टीम के साथ पहला खिताब जीता। 2026 में आरसीबी ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर इतिहास बनाया और सुयश शर्मा ने भी लगातार तीसरा IPL विजेता मेडल अपने नाम कर लिया।
ये भी पढ़े : IPL से हमेशा के लिए हो रही इस बकवास नियम की छुट्टी, अब लीग में कभी नजर नहीं आएगा ये बेकार रुल