6,6,6,6,6..... मार्कस स्टोइनिस का धमाका, अमेरिकी लीग में जड़े एक ओवर में 5 छक्के, वीडियो वायरल
Table of Contents
Marcus Stoinis 5 Sixes: ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में शामिल हैं। स्टोइनिस अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं, इसलिए उनका प्रभाव पहले के मुकाबले थोड़ा कम हुआ है। इसके बावजूद वह बीच-बीच में शानदार प्रदर्शन करते हैं और अपने खेल से सभी का दिल जीत लेते हैं। उनके दमदार प्रदर्शन की हर कोई तारीफ करता है।
मार्कस स्टोइनिस (Marcus Stoinis) ने कुछ ऐसा ही अमेरिका में खेली जा रही टी20 लीग में किया है। मेजर लीग क्रिकेट के चौथे सीजन में सिएटल ओर्कास की तरफ से खेल स्टोइनिस ने मौजूदा सीजन के नौवें मैच में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से फैंस को जमकर एंटरटेन किया। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने एक ओवर में पांच छक्के लगाकर खूब वाहवाही भी हासिल की।
स्टीव स्मिथ की टीम के खिलाफ Marcus Stoinis ने जड़े एक ओवर में 5 छक्के

ओकलैंड में खेले गए मुकाबले में स्टीव स्मिथ की कप्तानी वाली वाशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ सिएटल ओर्कास के ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस (Marcus Stoinis) ने बल्ले से अपना जलवा दिखाया। स्टोइनिस की बल्लेबाजी 14वें ओवर में मैथ्यू ब्रीटजके के आउट होने की वजह से आ गई। शुरुआत में स्टोइनिस ने समय लिया और अपनी पारी की पहली छह गेंदों पर 4 रन ही बनाए।
इसके बाद, उन्होंने (Marcus Stoinis) 17वें ओवर में वाशिंगटन फ्रीडम के तेज गेंदबाज इयान हॉलैंड को निशाना बनाया। हॉलैंड के ओवर की पहली चार गेंदों में स्टोइनिस ने लगातार चार छक्के जड़ दिए। इससे छह गेंदों में लगातार छह छक्के की संभावना नजर आने लगी लेकिन पांचवीं गेंद डॉट रही। इसके बाद, ओवर की अंतिम गेंद पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने सामने की तरफ बड़ा शॉट खेलकर पांचवां छक्का लगाया।
5 SIXES IN AN OVER BY MARCUS STOINIS. 🤯 pic.twitter.com/3UiWcXpA94
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) June 26, 2026
स्टोइनिस की तूफानी पारी से सिएटल ओर्कास ने बड़ा स्कोर बनाया
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिएटल ओर्कास ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 227 रन बनाए। इस स्कोर तक टीम को ले जाने का श्रेय शिमरोन हेटमायर और मार्कस स्टोइनिस की जोड़ी को जाता है। इन दोनों ने 21 गेंदों में 51 रनों की साझेदारी करते हुए स्कोर को 200 के करीब पहुंचाया। स्टोइनिस 16 गेंदों में छह छक्कों की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए लेकिन हेटमायर ने नाबाद रहते हुए 33 गेंदों में दो चौके और नौ छक्के लगाते हुए 79 रन बनाए।
गेंदबाजी में भी स्टोइनिस को मिली सफलता
जवाबी पारी में वाशिंगटन फ्रीडम की तरफ से कुछ खास बल्लेबाजी प्रदर्शन नहीं हुआ और पूरी टीम 16.2 ओवर में 139 रन बनाकर ढेर हो गई। इसी वजह से 88 रनों से बड़ी हार का सामना करना पड़ा। सिएटल ओर्कास के जसदीप सिंह ने पांच विकेट झटके। वहीं, मार्कस स्टोइनिस को भी एक विकेट मिला।
यह भी पढ़ें: क्रिकेट जगत में पसरा मातम, उभरते हुए भारतीय क्रिकेटर का रोड एक्सीडेंट में हुआ निधन