6,6,6,6,6,6,6.... MLC एलिमिनेटर में निकोलस पूरन का आया तूफान, सिर्फ 33 गेंदों पर जड़े 106 रन
Table of Contents
Nicholas Pooran century: वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज निकोलस पूरन को टी20 के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक माना जाता है। हालांकि, पिछले एक साल में पूरन का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा, इसी वजह से उनकी काबिलियत पर सवाल उठने लगे थे। IPL 2026 में भी इस कैरेबियाई बल्लेबाज ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया था। एक-दो पारी के अलावा पूरन फ्लॉप ही रहे थे।
हालांकि, अब बाएं हाथ के बल्लेबाज (Nicholas Pooran) ने मेजर लीग क्रिकेट 2026 के एलिमिनेटर 1 में एक ऐसी पारी खेल दी है, जिसकी तारीफ चारों तरफ हो रही है। MI न्यूयॉर्क के कप्तान पूरन ने अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से सभी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया और एक धुआंधार शतक जड़कर तबाही मचा दी।
Nicholas Pooran ने 321.21 के स्ट्राइक रेट से बनाए 106 रन

ओकलैंड में खेले गए MLC 2026 के पहले एलिमिनेटर में वाशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ MI न्यूयॉर्क के कप्तान निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) का प्रचंड रूप देखने को मिला, जिसकी वजह से गेंदबाजों में उनका खौफ रहता है। दूसरे ही ओवर में बल्लेबाजी के लिए आने वाले इस खिलाड़ी ने शुरुआत से ही ताबड़तोड़ अंदाज दिखाया और 12वें ओवर में आउट होने से पहले स्टीव स्मिथ की कप्तानी वाली टीम के गेंदबाजों का बुरा हाल कर दिया।
निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) ने चौके-छक्कों की बारिश करते हुए 33 गेंदों में 106 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 13 छक्के आए। वहीं, उनका स्ट्राइक रेट 321.21 रहा, जो बताता है कि किस बेरहमी से गेंदबाजों की कुटाई की गई।
14 गेंदों में पचासा और 31 गेंदों में शतक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए MI न्यूयॉर्क की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में ओपनर मोनांक पटेल आउट हो गए। इसके बाद, बल्लेबाजी करने आए कप्तान निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) ने काउंटर अटैक किया और गेंदबाजों को बैकफुट पर ला दिया। उन्होंने तेजी से रन बटोरते हुए महज 14 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद भी पूरन नहीं रुके और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की।
निकोलस पूरन की ताबड़तोड़ पारी के बावजूद MI न्यूयॉर्क की हार
वाशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ एलिमिनेटर 1 में MI न्यूयॉर्क ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 266 रन बनाए। इस दौरान निकोलस पूरन की ताबड़तोड़ पारी के अलावा कीरोन पोलार्ड (64) और क्विंटन डी कॉक (51) की अर्धशतकीय पारियां भी देखने को मिलीं। माना जा रहा था कि MI की टीम आसानी से मुकाबला जीत सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
लक्ष्य का पीछा करते हुए वाशिंगटन फ्रीडम ने 18.4 ओवर में ही 4 विकेट के नुकसान पर 270 रन बना दिए और T20 इतिहास में सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। कप्तान स्टीव स्मिथ ने नाबाद 110 रन का योगदान दिया। वहीं, एंड्रिस गौस ने 132 रनों की पारी खेली।
यह भी पढ़ें: इंग्लैंड ODI सीरीज में फ्लॉप हुए रोहित शर्मा, तो गंभीर कर देंगे छुट्टी! फिर ये खिलाड़ी खेलेगा वर्ल्ड कप 2027