रोहित शर्मा के 5 रिकॉर्ड, जिन्हें तोड़ना किसी के लिए नहीं होगा आसान
Table of Contents
Rohit Sharma's 5 big record in ODI Format: 39 साल के रोहित शर्मा का इंटरनेशनल करियर अब अंतिम पड़ाव पर है। इस दिग्गज बल्लेबाज ने 2024 में T20I और 2025 में टेस्ट को अलविदा कह दिया था। हालांकि, वनडे में अभी भी खेल रहे हैं लेकिन अब 19 जुलाई को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाना वाला मैच इस फॉर्मेट में भी उनका आखिरी हो सकता है, क्योंकि चयनकर्ता अब रोहित के बजाय युवा ओपनर्स को मौके देना चाह रहे हैं।
वनडे फॉर्मेट में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने अपना डेब्यू 2007 में किया था और शुरूआती कुछ सालों में ज्यादा सफल नहीं हुए लेकिन फिर उन्हें ओपनिंग में मौका दिया और उन्होंने कुछ ऐसे कारनामे किए, जो शायद अन्य खिलाड़ियों के लिए नामुमकिन होंगे। इस लेख में हम रोहित के वनडे में 5 बड़े रिकॉर्ड के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनका टूटना शायद संभव न हो।
Rohit Sharma के वनडे में ये 5 रिकॉर्ड टूटना नामुमकिन
1. वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा दोहरे शतक

रोहित शर्मा के नाम वनडे फॉर्मेट में एक या दो नहीं, बल्कि तीन दोहरे शतक दर्ज हैं। ज्यादातर बल्लेबाजों के लिए एक बार ही ऐसा कर पाना मुश्किल होता है लेकिन रोहित ने तीन बार ऐसा किया है। हिटमैन ने अपना सबसे पहला दोहरा शतक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2013 में बनाया था। उन्होंने 209 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद, अगले साल यानी 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 264 रनों की पारी खेली। वहीं, फिर 2017 में श्रीलंका के खिलाफ ही तीसरा दोहरा शतक जड़ते हुए 208 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
2. वनडे में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड टीम इंडिया के रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के नाम है। 2014 में श्रीलंका के खिलाफ रोहित ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में तबाही मचाते हुए 173 गेंदों में 264 रन बनाए थे। रोहित की इस पारी को इंटरनेशनल वनडे में अभी तक कोई पीछे नहीं छोड़ पाया है और आगे भी मुश्किल ही लगता है।
3. ODI वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा शतक
2019 में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया सेमीफाइनल से बाहर हो गई थी लेकिन टूर्नामेंट में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का बल्ला खूब चला था। दाएं हाथ के खिलाड़ी ने 5 शतक लगाए थे, जो एक सिंगल वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा सेंचुरी का रिकॉर्ड है। जिस तरह से बल्लेबाज अब तेजी से रन बनाने को देखते हैं, उसके लिहाज से इसी तरह की निरंतरता नजर आना मुश्किल ही है। इसी वजह से वर्ल्ड कप में रोहित का यह रिकॉर्ड कायम रहने की उम्मीद है।
4. एक पारी में चौकों-छक्कों को मिलाकर सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने श्रीलंका के खिलाफ अपनी 264 रनों की पारी के दौरान जमकर चौके-छक्के लगाए थे। उन्होंने 33 चौके और 9 छक्के जड़े थे। इस तरह कुल 42 बार गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया था। ODI में एक पारी के दौरान इतनी बाउंड्री लगाना आसान काम नहीं है। इसी वजह से रोहित का यह रिकॉर्ड टूटना भी असंभव सा लगता है।
5. वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को सिक्सर किंग माना जाता है। उनकी सबसे बड़ी खासियत है कि वो जमने के बाद जमकर बड़े शॉट खेलते हैं। यही रवैया उन्होंने वनडे क्रिकेट में भी रखा है, इसी वजह से इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज है। रोहित ने ODI में 364 छक्के लगाए हैं और मौजूदा खिलाड़ियों में कोई भी उनके आसपास नहीं है।