4 खिलाड़ी जिनकी शायद अब कभी नहीं हो पाएगी भारत की टी20 टीम में वापसी, अब इनका करियर लगभग हुआ खत्म

Published - 07 Jun 2026, 03:16 PM | Updated - 07 Jun 2026, 04:00 PM

India 2

4 Indian players' T20I career almost over: 6 जून का दिन भारतीय टी20 क्रिकेट इतिहास के लिहाज से काफी अहम रहा। आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया गया। इस दौरान बड़ा बदलाव लीडरशिप में हुआ। सूर्यकुमार यादव को हटाकर नया कप्तान श्रेयस अय्यर को बनाया गया। वहीं, उपकप्तानी में अक्षर पटेल की जगह तिलक वर्मा की नियुक्ति हुई है। इसके अलावा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी भी टीम इंडिया में जगह बनाने में कामयाब रहे। वहीं, प्रिंस यादव को भी सबसे छोटे फॉर्मेट में पहली बार चुना गया।

इसके अलावा, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा की भारत की टी20 टीम में वापसी हुई। हालांकि, कुछ खिलाड़ियों को चयनकर्ताओं ने अच्छे प्रदर्शन के बावजूद नजरअंदाज कर दिया और अब इनका करियर लगभग खत्म नजर आ रहा है। इस लेखे में हम ऐसे ही 4 भारतीय खिलाड़ियों का जिक्र करने जा रहे हैं, जिनके लिए अब शायद टी20 टीम के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो गए हैं।

इन 4 खिलाड़ियों की India की टी20 टीम में वापसी का दरवाजा अब लगभग बंद

1. भुवनेश्वर कुमार

India 3

इस लिस्ट में पहला नाम अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का है। चार साल पहले अपना अंतिम टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलने वाले भुवनेश्वर ने आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से तबाही मचाने का काम किया और सीजन के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 16 मैचों में 17.89 की औसत से 28 विकेट झटके और उनका इकॉनमी रेट 7.95 का रहा।

इस बेहतरीन प्रदर्शन के कारण उम्मीद जताई जा रही थी कि शायद भुवनेश्वर आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे या फिर एशियन गेम्स के लिए चुना जा सकता है लेकिन चयनकर्तओं ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। ऐसे में अब भुवनेश्वर के लिए भारत की टी20 टीम में वापसी की संभावना आगे कम ही लग रही है, क्योंकि वह 36 साल के हो गए हैं। अगर इतने अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें नहीं चुना गया तो फिर आगे सिलेक्शन मुश्किल ही है।

2. क्रुणाल पांड्या

आईपीएल 2026 में भुवनेश्वर कुमार के साथी क्रुणाल पांड्या को भी भारत की टी20 टीम में वापसी का दावेदार माना जा रहा था लेकिन उन्हें भी मौका नहीं मिला। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए क्रुणाल ने हालिया सीजन में बल्ले के साथ 145.80 की स्ट्राइक रेट के साथ 226 रन बनाए और गेंदबाजी में 8.41 के इकॉनमी रेट से 14 विकेट झटके।

इस हरफनमौला प्रदर्शन को काफी प्रभावशाली माना जा रहा था लेकिन 35 वर्षीय क्रुणाल के लिए चयन समिति ने वापसी का दरवाजा नहीं खोला और अब शायद आगे भी उन्हें मौका ना मिले।

3. केएल राहुल

अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल के लिए भी अब भारत की टी20 टीम में दोबारा वापसी की संभावना बिलकुल नजर नहीं आ रही है। राहुल ने आईपीएल 2026 में 45.61 की औसत और 174.41 की स्ट्राइक रेट से 593 रन बनाए थे। इस धमाकेदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए भी नहीं चुना गया।

अभी तक ओपनिंग में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन ही भारत के पास विकल्प के रूप में थे लेकिन अब वैभव सूर्यवंशी भी आ गए हैं। इस तरह चयन समिति ने साफ़ कर दिया है कि युवाओं को ही मौके मिलेंगे। यही वजह है कि 34 वर्षीय राहुल का टी20 इंटरनेशनल करियर लगभग खत्म माना जा रहा है।

4. ऋषभ पंत

इस लिस्ट में सबसे आखिरी नाम विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत का है। एक समय पंत को भारत के लिए व्हाइट बॉल क्रिकेट में अगला बड़ा स्टार माना जा रहा था लेकिन यह खिलाड़ी सीमित ओवरों में फ्लॉप रहा और टेस्ट में हिट साबित हुआ। पंत के लिए आईपीएल 2026 भी साधारण ही रहा और उन्होंने 13 पारियों में 312 रन ही बनाए।

सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत के पास संजू सैमसन और ईशान किशन के रूप में दो सॉलिड विकेटकीपर-बल्लेबाज मौजूद हैं। वहीं, प्रभसिमरन सिंह भी आईपीएल में काफी अच्छा कर रहे हैं और दावेदारी में हैं। इसी वजह से पंत के लिए सबसे छोटे फॉर्मेट में वापसी की संभावना खत्म नजर आ रही है।

यह भी पढ़ें: आयरलैंड सीरीज में कुछ ऐसी होगी Team India की प्लेइंग इलेवन, वैभव-अभिषेक ओपनर, नंबर-3-4-5 पर संजू, अय्यर, तिलक...

Prashant

यह लेखक Cricketaddictor का एक सदस्य है जो क्रिकेट से जुड़ी खबरों और विश्लेषण पर लिखता है।

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com