कपिल-गावस्कर समेत 22 दिग्गजों ने इमरान खान के लिए लगाई गुहार, ये बड़ी मांग करते हुए पाकिस्तान PM को लिखी चिट्ठी

Published - 24 Aug 2026, 01:41 PM | Updated - 24 Aug 2026, 03:12 PM

Imran Khan

पाकिस्तान के 1992 विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) की हालत काफी खराब बताई जा रही है। वे अगस्त 2023 से अडियाला जेल (रावलपिंडी) में विभिन्न मामलों में हिरासत में हैं। शायद ही किसी ने सोचा होगा कि पाकिस्तानी क्रिकेट में अपनी लीडरशिप और खेल से क्रांति लाने इस चैंपियन खिलाड़ी को ऐसा दिन भी देखना पड़ेगा।

जब से इमरान खान (Imran Khan) जेल गए हैं, तब से उनके शुभचिंतक परेशान हैं। इमरान का स्वास्थ्य भी दिन-प्रतिदिन खराब होता जा रहा है और उन्हें अपने परिवार से भी नहीं मिलने दिया जा रहा है। इस बीच 22 पूर्व कप्तानों ने इमरान खान के संबंध में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को चिट्ठी लिखी है।

22 पूर्व कप्तानों ने Imran Khan के लिए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री को लिखी चिट्ठी

Imran Khan 1

सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर समेत 22 पूर्व कप्तानों ने इमरान खान (Imran Khan) की सेहत को लेकर पाकिस्तान सरकार से एक बार फिर अपील की है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और भारत के कोच रह चुके ग्रेग चैपल की पहल पर शुरू की गई इस अपील पर एलन बॉर्डर, इयान चैपल, माइक गैटिंग, अर्जुन रणतुंगा, एडम गिलक्रिस्ट, एंड्रयू स्ट्रॉस, एलिस्टेयर कुक और क्लाइव लॉयड समेत कई दिग्गजों ने हस्ताक्षर किए हैं।

इससे पहले फरवरी 2026 में 14 पूर्व कप्तानों ने इमरान खान (Imran Khan) को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को चिट्ठी लिखी थी। अब उसी अपील को आगे बढ़ाते हुए दूसरी बार चिट्ठी लिखी गई है। इस बार 8 और पूर्व कप्तान इस मुहिम से जुड़े हैं, जिससे हस्ताक्षर करने वाले दिग्गजों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है।

इमरान खान को लेकर पाकिस्तानी PM से की गईं ये 3 मुख्य मांगें

दरअसल, हाल ही में पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने ऑर्डर दिया था कि इमरान खान (Imran Khan) के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें अस्पताल ले जाया जाए, जहां एक मेडिकल टीम उनकी जांच करे। कोर्ट ने परिवार के साथ साप्ताहिक मुलाकातों को भी बहाल कर दिया था। पूर्व कप्तानों ने इस बात की ओर इशारा किया कि इमरान का अस्पताल का दौरा सिर्फ कुछ घंटों का था, जिसके बाद उन्हें वापस जेल भेज दिया गया, जहां वे पिछले तीन सालों से बंद हैं।

सभी 22 पूर्व कप्तानों द्वारा पत्र में ये तीन खास मांगें की गई हैं - कोर्ट के निर्देश पर बने मेडिकल बोर्ड को अपनी स्वतंत्र जांच पूरी करने की इजाजत दी जाए; परिवार के साथ हर हफ्ते होने वाली मुलाकातें फिर से शुरू की जाएं। वहीं, जांच में जिस भी इलाज की सलाह दी जाए, वह बिना किसी देरी के उपलब्ध कराया जाए।

पत्र पर साइन करने वाले सभी 22 कप्तानों की लिस्ट

माइकल एथरटन, एलेक्स ब्लैकवेल, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, एलिस्टेयर कुक, माइकल गैटिंग, सुनील गावस्कर, ली जर्मन, एडम गिलक्रिस्ट, डेविड गोवर, किम ह्यूजेस, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, कपिल देव, अर्जुन रणतुंगा, एंड्रयू स्ट्रॉस, दिलीप वेंगसरकर, स्टीव वॉ, जॉन राइट।

यह भी पढ़ें: टीम इंडिया में लगातार नजरअंदाज हो रहे इस खिलाड़ी ने दलीप ट्रॉफी में बरपाया कहर, 167 रन ठोक चयनकर्ताओं को दिया करारा जवाब

Tagged:

Pakistan Cricket Team sunil gavaskar kapil dev Imran khan
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com