भारत की करारी हार का असली गुनहगार कौन? शोएब अख्तर ने बताया नाम
Table of Contents
Shoaib Akhtar : टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों की करारी हार झेलनी पड़ी। इस हार ने न सिर्फ टीम इंडिया की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए, बल्कि प्लेइंग इलेवन के चयन को लेकर भी बहस तेज कर दी है।
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने भारतीय टीम की हार के बाद बड़ा बयान देते हुए साफ कहा कि इस मैच में भारत की रणनीति और टीम चयन दोनों ही बेअसर साबित हुए। ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ के नाम से मशहूर अख्तर ने विशेष रूप से एक खिलाड़ी की कमी को हार का बड़ा कारण बताया।
कुलदीप यादव की कमी खली
शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) का मानना है कि इस मुकाबले में भारत को कुलदीप यादव की सबसे ज्यादा कमी महसूस हुई। उनके अनुसार जिस तरह की पिच थी, उस पर कुलदीप अपनी विविधता और गेंद को हवा में घुमाने की कला से दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को फंसा सकते थे।
अख्तर (Shoaib Akhtar) ने कहा कि कुलदीप बीच के ओवरों में विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं और ऐसे बड़े मैच में उनकी मौजूदगी खेल का रुख बदल सकती थी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कुलदीप टीम में होते तो परिणाम अलग हो सकता था क्योंकि वह बल्लेबाजों को फ्लाइट और टर्न से धोखा देने में माहिर हैं।
गेंदबाजी रणनीति पर Shoaib Akhtar ने उठाये सवाल
भारतीय गेंदबाजी इस मैच में पूरी तरह बेअसर नजर आई। अख्तर ने खास तौर पर हार्दिक पंड्या की गेंदबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी गेंदों पर काफी रन बने और गेंदबाजों में वह रफ्तार नहीं थी जो दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को परेशान कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि तेज गेंदबाजी में धार की कमी साफ दिखाई दी और विरोधी टीम ने इसका पूरा फायदा उठाया।
अख्तर (Shoaib Akhtar) ने वाशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने के फैसले पर भी टिप्पणी की। उनके मुताबिक सुंदर को बैकफुट पर खेलना आसान है और इससे उनका स्पिन असरहीन हो जाता है। इस तरह भारत की गेंदबाजी की कमजोरियाँ खुलकर सामने आ गईं।
बल्लेबाजी और आगे की चुनौती
इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन बनाए और जवाब में भारतीय टीम 111 रन पर सिमट गई। सुपर-8 में आगे बढ़ने के लिए अब भारत को अपने बाकी दोनों मुकाबले जीतने होंगे।
टीम मैनेजमेंट को अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा के प्रदर्शन पर भी गंभीरता से विचार करना होगा, क्योंकि दोनों अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाए हैं।
वहीं रिंकू सिंह भी फिनिशर की भूमिका में प्रभाव छोड़ने में असफल रहे हैं। भारत का अगला मुकाबला 26 फरवरी को ज़िम्बाब्वे के खिलाफ है, जो टीम के लिए करो या मरो जैसा साबित हो सकता है।
ये भी पढ़े : कितने रूपये का हैं IND vs ZIM मैच का टिकट? कहां और कैसे कर पाएंगे बुक, जानें पूरी डिटेल