W,W,W,W,W.... टी20 इंटरनेशनल में पहली बार एक ओवर में 5 विकेट लेने का हुआ चमत्कार, इस 28 वर्षीय गेंदबाज ने किया कारनामा

Published - 23 Dec 2025, 04:41 PM | Updated - 23 Dec 2025, 04:44 PM

T20I

T20I क्रिकेट अपने रोमांच और अनिश्चितता के लिए जाना जाता है, लेकिन 23 दिसंबर 2025 को एक ऐसा पल देखने को मिला जिसने इस फॉर्मेट के इतिहास में बिल्कुल नई इबारत लिख दी।

बाली में खेले गए इंडोनेशिया बनाम कंबोडिया मुकाबले में दर्शकों ने वह कारनामा देखा, जो इससे पहले कभी पुरुष या महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट (T20I) में नहीं हुआ था।

एक ही ओवर में पांच विकेट गिरना हमेशा से असंभव सा माना जाता रहा है, लेकिन इस दिन एक तेज गेंदबाज़ ने इस धारणा को पूरी तरह तोड़ दिया और क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया।

बाली में रचा गया ऐतिहासिक पल

इंडोनेशिया के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ गेडे प्रियंदना ने कंबोडिया के खिलाफ अपने पहले ही ओवर में ऐसा तूफान मचाया, जिसने T20I मैच की तस्वीर ही बदल दी। यह ओवर कंबोडिया की पारी का 16वां ओवर था और वही उनका पहला ओवर भी साबित हुआ।

लगातार गिरते विकेटों ने न सिर्फ बल्लेबाज़ों का मनोबल तोड़ा, बल्कि दर्शकों को भी हैरानी में डाल दिया। यह पहला मौका था जब किसी गेंदबाज़ ने T20I में एक ही ओवर में पांच विकेट अपने नाम किए।

ओवर दर ओवर गिरते विकेट और हैट्रिक

जब कंबोडिया की टीम 168 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 106 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी, तब मुकाबला पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था। ऐसे में प्रियंदना ने आते ही पहली तीन गेंदों पर शाह अबरार हुसैन, निर्मलजीत सिंह और चंथोउन रथनाक को आउट कर शानदार हैट्रिक पूरी की।

चौथी गेंद पर डॉट बॉल आई, लेकिन इसके बाद मोंगदारा सोक कैच आउट हो गए और आखिरी गेंद पर पेल वेन्नक बोल्ड हो गए। इस ओवर में तीन बल्लेबाज़ गोल्डन डक और एक सिल्वर डक का शिकार बना, जबकि पूरी टीम 107 रन पर सिमट गई।

T20I मैच का पूरा समीकरण कैसे बदला

इस एक ओवर ने मैच का फैसला कर दिया। कंबोडिया की टीम, जो 15 ओवर के बाद मुकाबले में बनी हुई दिख रही थी, अचानक 60 रनों से हार गई।

इंडोनेशिया के लिए यह जीत सिर्फ दो अंकों की नहीं, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने वाली साबित हुई। खास बात यह रही कि प्रियंदना ने इससे पहले ओपनिंग करते हुए 11 गेंदों में 6 रन भी बनाए थे, यानी उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दिया।

घरेलू टी20 में पहले हो चुका है ऐसा कारनामा

हालांकि इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में यह पहली बार हुआ, लेकिन पुरुषों के घरेलू टी20 मुकाबलों में इससे पहले दो बार एक ओवर में पांच विकेट गिर चुके हैं।

साल 2013-14 में अल-अमीन हुसैन ने विक्ट्री डे टी20 कप में यह कारनामा किया था, जबकि 2019-20 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सेमीफाइनल में अभिमन्यु मिथुन ने हरियाणा के खिलाफ ऐसा ही कमाल दिखाया था।

इसके बावजूद इंटरनेशनल मंच पर यह उपलब्धि हासिल करना कहीं ज्यादा खास है, जिसने गेडे प्रियंदना को क्रिकेट इतिहास में हमेशा के लिए अमर बना दिया।

ये भी पढ़े : किया गया बड़ा ऐलान, अक्षर पटेल होंगे टीम इंडिया के अब नए टी20 कप्तान

Tagged:

T20I T20I five wickets one over five wickets Indonesia vs Cambodia
Vasu Jain

मुझे क्रिकेट से गहरा लगाव है और मैं वर्ष 2007 से इस खेल को लगातार देखता और समझता आ रहा हूँ। क्रिकेट... रीड मोर

T20I

इंडोनेशिया
For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com