Virat Kohli : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बड़ा झटका लग सकता है, क्योंकि स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली (Virat Kohli) अगले मुकाबले में टीम से बाहर रह सकते हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए पिछले मैच के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई है और साथ ही टखने में भी परेशानी सामने आई है। टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस पर लगातार नजर बनाए हुए है, लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उनके खेलने पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
मुंबई मैच के बाद बिगड़ी तबीयत
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले के बाद कोहली (Virat Kohli) को बुखार की शिकायत हुई, जिसके चलते उन्होंने टीम के साथ यात्रा नहीं की और मुंबई में ही रुक गए। वहां टीम के फिजियो उनकी स्थिति पर नज़र रख रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, वह धीरे-धीरे बुखार से उबर रहे हैं, लेकिन उनकी पूरी तरह से रिकवरी अभी बाकी है। इस कारण टीम मैनेजमेंट किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है और उनकी वापसी को लेकर सतर्क रुख अपनाया जा रहा है।
टखने की चोट ने बढ़ाई चिंता
पिछले मैच के दौरान कोहली (Virat Kohli) को टखने में तकलीफ होती साफ नजर आई थी। फील्डिंग के दौरान वह लंगड़ाते हुए भी दिखे, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर चिंता और बढ़ गई।
हालांकि उन्होंने मैच खेलना जारी रखा, लेकिन दूसरी पारी के कुछ हिस्सों में वह मैदान से बाहर भी रहे। यही कारण है कि मेडिकल टीम उनकी चोट को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरत रही है, ताकि चोट गंभीर रूप न ले।
LSG के खिलाफ मैच में Virat Kohli का खेलना मुश्किल
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले से पहले कोहली की उपलब्धता पर संशय बना हुआ है। टीम सूत्रों के अनुसार, अगर उनकी हालत में पूरी तरह सुधार नहीं होता है, तो उन्हें इस मैच से आराम दिया जा सकता है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए यह बड़ा झटका होगा, क्योंकि कोहली (Virat Kohli) टीम के बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ माने जाते हैं और उनकी मौजूदगी से टीम को मजबूती मिलती है।
कब तक हो सकती है वापसी
हालांकि राहत की बात यह है कि कोहली की वापसी ज्यादा दूर नहीं लग रही है। शुरुआती संकेतों के मुताबिक, वह इस हफ्ते के आखिर तक पूरी तरह फिट हो सकते हैं। माना जा रहा है कि 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में वह वापसी कर सकते हैं। उनकी अंतिम उपलब्धता का फैसला मैच के करीब लिया जाएगा, जो उनकी फिटनेस और रिकवरी की गति पर निर्भर करेगा।