ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में मचा बवाल, साथी खिलाड़ी से अफेयर के बाद उपकप्तान को बर्खास्त करने की मांग
Published - 09 Aug 2026, 10:43 AM
Table of Contents
Affair: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। मैदान पर अपने प्रदर्शन के कारण अक्सर सुर्खियों में रहने वाली ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम अब मैदान के बाहर के एक मामले को लेकर चर्चा में है। मामला टीम के दो खिलाड़ियों से जुड़ा हुआ है और अब इसकी आंच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया तक पहुंच गई है।
इस पूरे मामले में एक खिलाड़ी की लीडरशिप भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। इतना ही नहीं, उन्हें उपकप्तानी से हटाने की मांग भी सामने आई है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और इसे निजी मामला बताते हुए अपनी स्थिति स्पष्ट की है। हालांकि इस मामले से जुड़ी दोनों क्रिकेटरों ने अभी तक सार्वजनिक रूप से आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
Affair के चलते एश्ले गार्डनर को उपकप्तानी से हटाने की उठी मांग
दरअसल, विवाद के केंद्र में ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर और महिला टीम की उपकप्तान एश्ले गार्डनर (Ashleigh Gardner) हैं। उनकी अलग रह रही पत्नी मोनिका राइट ने गार्डनर पर उनकी ऑस्ट्रेलियाई टीम की साथी जॉर्जिया वोल के साथ अफेयर होने का आरोप लगाया है।
राइट ने जुलाई में सोशल मीडिया के जरिए यह आरोप सार्वजनिक किया था। अब उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने पर सवाल खड़े किए हैं। राइट का मानना है कि राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले और लीडरशिप की जिम्मेदारी संभालने वाले खिलाड़ियों से ऊंचे मानकों की उम्मीद की जाती है। इसी आधार पर उन्होंने गार्डनर को लीडरशिप की भूमिका से हटाने की मांग की है।
जॉर्जिया वोल के साथ अफेयर का लगाया आरोप
मोनिका राइट (Monica Wright) ने दावा किया है कि गार्डनर का उनकी ही टीम की 22 वर्षीय खिलाड़ी जॉर्जिया वोल (Georgia Voll) के साथ अफेयर था। राइट ने इस मामले में दोनों खिलाड़ियों के बीच उम्र और लीडरशिप से जुड़े कथित पावर इम्बैलेंस का मुद्दा भी उठाया है।
29 वर्षीय गार्डनर ऑस्ट्रेलियाई टीम की उपकप्तान होने के साथ महिला बिग बैश लीग (Big Bash League) में सिडनी सिक्सर्स की कप्तान भी हैं। वहीं गार्डनर और वोल ने इन आरोपों पर अब तक सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक गार्डनर और राइट अलग हो चुके हैं और उनके बीच तलाक की प्रक्रिया चल रही है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पूरे मामले पर दिया जवाब
इस विवाद के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। बोर्ड का कहना है कि उसके कार्यस्थल से जुड़े सभी रिश्ते 'Respect at Work' पॉलिसी के तहत आते हैं। जरूरत पड़ने पर हितों के टकराव को मैनेज करने के लिए उचित व्यवस्था भी की जाती है, जिससे टीम की लीडरशिप और प्रक्रियाओं की निष्पक्षता बनी रहे।
हालांकि बोर्ड ने बाकी मामले को व्यक्तिगत और निजी बताया है। दूसरी तरफ सिडनी सिक्सर्स ने भी गार्डनर का समर्थन किया है और उनकी कप्तानी में किसी बदलाव के संकेत नहीं दिए हैं। ऐसे में फिलहाल गार्डनर ऑस्ट्रेलियाई टीम की उपकप्तान बनी हुई हैं।
ऑथर के बारे में
यह लेखक Cricketaddictor का एक सदस्य है जो क्रिकेट से जुड़ी खबरों और विश्लेषण पर लिखता है।