2 खिलाड़ी जिन्होंने खेला था वडोदरा ODI, लेकिन राजकोट वनडे से कोच गंभीर करेंगे बाहर
Published - 13 Jan 2026, 11:07 AM | Updated - 13 Jan 2026, 11:08 AM
Table of Contents
Rajkot ODI: भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला राजकोट में खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मैच में धमाकेदार जीत हासिल की थी और अब चाहेगी कि राजकोट में जीत दर्ज कर वह श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना सके।
वहीं, दूसरी ओर कीवियों की नजर दूसरा मैच जीतकर सीरीज में बराबरी करने पर होगी। हालांकि, भारतीय टीम को दूसरे वनडे में अपनी प्लेइंग इलेवन बदलनी पड़ सकती है, क्योंकि कोच गौतम गंभीर राजकोट वनडे (Rajkot ODI) से दो खिलाड़ियों को बाहर करने वाले हैं, जिन्होंने वडोदरा का मैच खेला था। लेकिन राजकोट में ये दोनों प्लेयर खेलते नजर नहीं आएंगे।
Rajkot ODI: सुंदर की जगह ये खिलाड़ी करेगा डेब्यू
भारतीय टीम के हरफनमौला खिलाड़ी वाशिंगटन सुंदर वडोदरा वनडे में बॉलिंग के दौरान चोटिल हो गए थे, जिसके कारण उन्हें मैदान के बाहर जाना पड़ा था। बाद में उनकी चोट की गंभीरता को देखते हुए बीसीसीआई ने उन्हें स्क्वाड से रिलीज कर दिया है, जबकि उनकी जगह आयुष बदोनी को पहली बार टीम इंडिया में शामिल किया गया है।
माना जा रहा है कि राजकोट वनडे (Rajkot ODI) में आयुष बदोनी को कोच गौतम गंभीर वाशिंगटन सुंदर की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकते हैं। हालांकि, इस दौड़ में नीतीश कुमार रेड्डी का नाम भी शामिल है, लेकिन जहां तक संभावनाए हैं बदोनी को प्राथमिकता दी जा सकती है।
अर्शदीप सिंह को मिल सकता है मौका
वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मैच में अर्शदीप सिंह को मौका नहीं मिला था। पहले एकदिवसीय मैच में टीम प्रबंधन ने हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ मैदान पर उतरने का फैसला किया था, लेकिन सिराज को छोड़कर हर्षित और प्रसिद्ध बेहद महंगे साबित हुए थे।
जहां प्रसिद्ध ने 9 ओवर में 60 रन लुटाए थे तो हार्षित ने 10 ओवर में 65 रन खर्च किए थे। हालांकि, हर्षित ने भारत के लिए बल्ले से महत्वपूर्ण 29 रन की पारी भी खेली थी, जिसके कारण वह दूसरे वनडे में खेलते नजर आ सकते हैं, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा को ड्रॉप करके उनकी जगह अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है।
नई गेंद से हो सकते हैं असरदार
राजकोट वनडे (Rajkot ODI) मैच के अंदर लेफ्ट आर्म पेसर अर्शदीप सिंह नई गेंद से बेहद असरदार साबित हो सकते हैं। अर्शदीप सिंह ने भारत के लिए अभी तक केवल 14 वनडे मैच खेले हैं, जिसकी 13 पारियों में उन्होंने 22 विकेट लिए हैं। वहीं, इनका इकॉनमी रेट 5.29 का है।
खास बात ये है कि अर्शदीप न सिर्फ नई गेंद से विकेट चटकाते हैं, बल्कि डेथ ओवरों में अपनी स्टीक यॉर्करों से रनों की गति पर भी विराम लगाते हैं और यही चीज उन्हें बाकी गेंदबाजों से खास बनाती है।
बता दें कि, वडोदरा में खेले पहले वनडे में भारत को पहली विकेट लेने के लिए 21.4 ओवर का लंबा इंतजार करना पड़ा था और इस दौरान रन भी काफी तेजी से आ रहे थे। जबकि भारत को पहली सफलता हर्षित राणा ने दिलाई थी। यही कारण है कि दूसरे मैच (Rajkot ODI) में मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा की तेज गेंदबाजी तिकड़ी खेलते हुए नजर आ सकती है।
ऑथर के बारे में
क्रिकेट सिर्फ़ एक खेल नहीं, यह एक ऐसा जुनून है जो हर भारतीय के दिल में धड़कता है। मैं, अमन शर्मा, इस... रीड मोर