दिग्गज खिलाड़ी के बयान ने मचाई हलचल, बोला 'संजू सैमसन को अब नया टी20 कप्तान बनाओ....'
ऑथर के बारे में
FAQs
3
321
Sanju Samson : भारतीय क्रिकेट में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ऐतिहासिक जीत के बाद अब भविष्य की कप्तानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन ने जहां देशभर के फैंस को जश्न मनाने का मौका दिया, वहीं क्रिकेट एक्सपर्ट्स अब अगले टी20 कप्तान के नाम पर खुलकर अपनी राय दे रहे हैं।
इसी कड़ी में भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का एक बयान काफी सुर्खियां बटोर रहा है। कैफ का मानना है कि विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन (Sanju Samson) अब भारतीय टी20 टीम की कप्तानी संभालने के सबसे मजबूत दावेदार बन चुके हैं। उनका यह बयान क्रिकेट जगत में नई बहस को जन्म दे चुका है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन ने जिस तरह का प्रदर्शन किया, उसने उनके करियर की दिशा ही बदल दी। टूर्नामेंट के अहम मुकाबलों में उन्होंने लगातार तीन अर्धशतक जड़े, जिनमें सेमीफाइनल और फाइनल जैसी हाई-प्रेशर परिस्थितियों में खेली गई पारियां भी शामिल रहीं। उनकी बेखौफ बल्लेबाजी ने भारत को रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई।
सैमसन (Sanju Samson) ने पूरे टूर्नामेंट में पांच पारियों में 80.25 की औसत और 199.37 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। उन्होंने 27 चौके और 24 छक्के लगाते हुए विरोधी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। इस दौरान उन्होंने विराट कोहली के 2014 टी20 वर्ल्ड कप में बनाए गए 319 रनों के आंकड़े को भी पीछे छोड़ दिया।
संजू सैमसन की यह सफलता आसान नहीं रही। टूर्नामेंट से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच पारियों में वह केवल 46 रन बना सके थे, जिसके बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ा और उनकी जगह ईशान किशन को मौका मिला।
आलोचनाओं और खराब फॉर्म के बीच सैमसन (Sanju Samson) के लिए टीम में वापसी करना बड़ी चुनौती थी। हालांकि किस्मत ने उन्हें दोबारा मौका दिया जब टॉप ऑर्डर ऑफ-स्पिन के खिलाफ संघर्ष कर रहा था।
वेस्ट इंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टरफाइनल से लेकर न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल तक सैमसन ने आक्रामक स्ट्रोकप्ले से मैच का रुख बदल दिया। दबाव के क्षणों में उनका आत्मविश्वास और शॉट चयन उनकी परिपक्वता को दर्शाता है।
मोहम्मद कैफ का मानना है कि एक सफल कप्तान वही बन सकता है जिसने खेल को हर परिस्थिति में जिया हो। उनके अनुसार, कप्तान को गेंदबाजी में सही समय पर बदलाव करना, संतुलित प्लेइंग इलेवन चुनना और खराब फॉर्म से जूझ रहे खिलाड़ियों का समर्थन करना आना चाहिए।
कैफ ने उदाहरण देते हुए बताया कि आउट ऑफ फॉर्म खिलाड़ियों को संभालना नेतृत्व की सबसे बड़ी कसौटी होती है। उनका मानना है कि सैमसन खुद उतार-चढ़ाव से गुजरे हैं, इसलिए वे खिलाड़ियों की मानसिक स्थिति को बेहतर समझते हैं। यही अनुभव उन्हें कप्तानी के लिए मजबूत बनाता है।
संजू सैमसन (Sanju Samson) का नेतृत्व अनुभव भी उनके पक्ष में जाता है। वह इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कर चुके हैं और अपनी टीम को 2022 के सीजन में फाइनल तक पहुंचाया था। फ्रेंचाइजी क्रिकेट के दबाव और बड़े टूर्नामेंट्स का अनुभव उन्हें रणनीतिक रूप से मजबूत बनाता है।
कैफ का कहना है कि अगर मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव भविष्य में पद छोड़ते हैं, तो सैमसन (Sanju Samson) इस भूमिका को बखूबी निभा सकते हैं। महज 31 साल की उम्र में उनके पास अनुभव और फिटनेस का संतुलन है, जो उन्हें लंबे समय तक टीम की कमान संभालने के लिए उपयुक्त बनाता है।