T20I इतिहास का सबसे छोटा मैच, सिर्फ 54 गेंदों में हो गया खत्म... 10 रन पर ढेर हुई पूरी टीम, 2 गेंदों में चेज हुआ टारगेट

Published - 26 Aug 2026, 12:11 PM | Updated - 26 Aug 2026, 12:58 PM

T20I

Shortest T20I Match: हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को मैके में खेले गए टेस्ट में महज दो दिनों के अंदर हरा दिया। इसके बाद से सबसे छोटे टेस्ट मैचों की चर्चा शुरू हो गई, जो बेहद कम गेंदों में खत्म हुए। वनडे क्रिकेट में भी कई मुकाबलों में ऐसा देखने को मिल चुका है। हालांकि, टी20 इंटरनेशनल में बहुत कम गेंदों में मुकाबला खत्म हो ऐसा कम ही देखने को मिलता है।

बड़ी टीमों के बीच ज्यादातर मैच कम गेंदों में समाप्त नहीं होते लेकिन छोटी टीमों में काफी बार ऐसा देखने को मिला है। इसी वजह से एक T20I मैच ऐसा भी रहा, जो महज 54 गेंद में खत्म हो गया। इस मुकाबले के बारे में काफी कम लोगों को ही मालूम होगा। तो चलिए आपको बताते हैं कि ये किन टीमों के बीच खेला गया था और इतनी कम गेंदों पर कैसे खत्म हुआ था।

स्पेन और आइल ऑफ मैन के बीच हुआ था सबसे छोटा T20I मुकाबला

टी20 इंटरनेशनल इतिहास का गेंदों के लिहाज से सबसे छोटा मैच फुल मेंबर देशों की टीमों के बीच नहीं, बल्कि दो एसोसिएट देशों की टीमों के बीच हुआ था। ये दो टीमें स्पेन और आइल ऑफ मैन हैं। यह मुकाबला 2023 में हुआ था, जब आइल ऑफ मैन ने स्पेन का दौरा किया था। इन दोनों के बीच छह मैचों की T20I सीरीज खेली गई थी।

सीरीज का अंतिम मुकाबला गेंदों के लिहाज से सबसे छोटा T20I मैच आइल ऑफ मैन के शर्मनाक प्रदर्शन के कारण बना, जो करीब 9 ओवर खेलने के बावजूद महज 10 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद स्पेन ने सिर्फ 2 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह सिर्फ 54 वैध गेंदों में मैच समाप्त हो गया।

10 रन पर ढेर हुई आइल ऑफ मैन की पूरी टीम

T20I 1

ला मांगा क्लब बॉटम ग्राउंड में खेले गए इस T20I मैच में टॉस जीतकर स्पेन ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आइल ऑफ मैन की पारी शुरुआत से ही लड़खड़ा गई और कोई भी बल्लेबाज टिकने में सफल नहीं रहा। पूरी टीम 8.4 ओवर में 10 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। इस दौरान सिर्फ चार बल्लेबाज खाता खोलने में कामयाब रहे। वहीं, छह बल्लेबाज बिना कोई रन बनाए आउट हुए, जबकि एडवर्ड वॉकर (0*) नाबाद रहे।

स्पेन की तरफ से मोहम्मद कामरान ने चार ओवर में एक मेडन डालते हुए चार रन खर्च किए और 4 विकेट लिए। वहीं, आतिफ महमूद ने भी दो मेडन ओवर किए और छह रन देकर 4 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। लॉर्न बर्न्स ने चार गेंदों में 2 विकेट लिए।

स्पेन ने 2 गेंदों में हासिल किया 11 का लक्ष्य

महज 11 के लक्ष्य को हासिल करने में स्पेन को किसी परेशानी का सामना करना पड़ेगा, इसकी उम्मीद तो कम ही थी और इस टीम ने भी बेहद आसानी के साथ मुकाबला खत्म कर दिया।। ओपनिंग करने आए अवैस अहमद ने दो छक्कों की मदद से नाबाद 12 रन बनाकर मैच खत्म कर दिया। स्पेन की पारी में सिर्फ तीन गेंदों का खेल हुआ, जिसमें से पहली गेंद नो-बॉल थी। इसी वजह से महज 2 गेंदों में स्पेन ने लक्ष्य हासिल कर लिया।

यह भी पढ़ें: Women’s Teams के लिए खेल चुका है ये पुरुष क्रिकेटर, नाम जानकर हो जाएंगे हैरान

Tagged:

Isle of Man T20I Match Spain Cricket Team
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com