ईरानी ट्रॉफी के लिए शेष भारत टीम का हुआ ऐलान, ऋषभ पंत को मिली कप्तानी
Table of Contents
Rest of India squad: BCCI ने बुधवार, 16 सितंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से शुरू होने वाली व्हाइट बॉल सीरीज के लिए टीम इंडिया का वनडे और टी20 स्क्वाड घोषित कर दिया। सबसे पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद, 6 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 सीरीज का आयोजन होगा।
इन दोनों स्क्वाड के साथ-साथ ईरानी कप के लिए भी रेस्ट ऑफ इंडिया (Rest of India) की टीम का ऐलान कर दिया है। इसमें शेष भारत की टीम का सामना 2025-26 की रणजी चैंपियन जम्मू-कश्मीर से होगा। यह मुकाबला 1 से 5 अक्टूबर तक श्रीनगर में शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में खेला जाएगा।
पंत को वनडे टीम में नहीं मिली जगह, Rest of India के बने कप्तान

विकेटकीपर ईशान किशन के एशियन गेम्स 2026 के लिए चुने जाने के कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ केएल राहुल के अलावा दूसरा विकेटकीपर कौन होगा, इस पर सभी की नजर बनी हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स में पहले ही बता दिया गया था कि इसके लिए ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के बीच रेस है। चयनकर्ताओं ने जुरेल पर भरोसा दिखाया और उन्हें वनडे टीम में चुना।
वहीं, ऋषभ पंत को रेस्ट ऑफ इंडिया (Rest of India) का कप्तान नियुक्त किया गया है। हालांकि, इस फैसले से थोड़ी हैरानी जरूर है, क्योंकि हाल ही में पंत को टेस्ट की उपकप्तानी से यह कहकर हटाया गया था कि वे बिना किसी दबाव के बल्लेबाजी कर सकें लेकिन अब उन्हें ईरानी कप के लिए शेष भारत की कमान सौंप दी गई है।
श्रीलंका दौरे पर नजर आने वाले ये 3 खिलाड़ी भी शामिल
रेस्ट ऑफ इंडिया (Rest of India) के स्क्वाड में ईरानी कप के लिए तीन ऐसे खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जो अगस्त में श्रीलंका दौरे पर टेस्ट टीम का हिस्सा थे। ये खिलाड़ी सरफराज खान, मानव सुथार और सारांश जैन हैं। सरफराज को साई सुदर्शन के रिप्लेसमेंट के रूप में चुना गया था लेकिन उन्हें दो मैचों की टेस्ट सीरीज में बेंच पर ही रहना पड़ा था। अब इस खिलाड़ी को ईरानी कप के लिए शेष भारत का उपकप्तान नियुक्त किया गया है।
वहीं, बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने कमाल की गेंदबाजी की थी और रेस्ट ऑफ इंडिया (Rest of India) को भी उनसे ऐसी ही उम्मीद होगी। ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन का डेब्यू टेस्ट खास नहीं रहा था लेकिन घरेलू क्रिकेट में उन्होंने काफी अच्छा किया है। इसी वजह से उन पर भी सभी की नजर होगी।
आकाशदीप का हुआ चयन, रणजी के परफॉर्मर्स को भी मिला मौका
तेज गेंदबाज आकाशदीप पिछले एक साल में बेहद कम क्रिकेट खेल पाए हैं, क्योंकि वे लगातार चोटिल रहे हैं। उन्होंने इसी साल फरवरी में अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के रूप में खेला था। इसके बाद, लोअर-बैक स्ट्रेस इंजरी के कारण एक्शन में नजर नहीं आए हैं। उनका चयन फिटनेस पर निर्भर करेगा।
रणजी ट्रॉफी के हालिया सीजन में अच्छा करने वाले कई खिलाड़ियों को भी जगह दी गई है। सीजन में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले चार खिलाड़ी - आर. स्मरण (950 रन), आयुष डोसेजा (949), सनत सांगवान (828) और सुदीप कुमार घरामी (797) - सभी को 15 सदस्यों वाली टीम में शामिल किया गया है।
ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया का स्क्वाड
ऋषभ पंत (कप्तान, विकेटकीपर), सनत सांगवान, शिखर मोहन, सुदीप घरामी, सरफराज खान (उप-कप्तान), आर स्मरण, मानव सुथार, सारांश जैन, आकाशदीप (फिटनेस के अधीन), मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी, आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), आर्यन पांडे, अनुकूल रॉय, आयुष डोसेजा
यह भी पढ़ें: IPL 2027 के ऑक्शन की डिटेल्स का हुआ ऐलान, जानें कब और कहां होगा