रणजी ट्रॉफी में रजत पाटीदार ने काटा गदर, चौकों की झड़ी लगा बनाए 107 रन
Table of Contents
रजत पाटीदार (Rajat Patidar) को अच्छे प्रदर्शन के बावजूद टीम इंडिया में जगह नहीं मिल पा रही है। इसके बावजूद यह खिलाड़ी रनों की बारिश करने में पीछे नहीं है। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ तीन मैचों की अनाधिकारिक वनडे सीरीज में दो अर्धशतक जड़ने वाले पाटीदार ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 में अपने अभियान की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की है और उन्होंने पहली ही पारी में शतक बना दिया।
रणजी ट्रॉफी के पहले राउंड में मध्य प्रदेश के कप्तान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) इंडिया ए के लिए खेलने के कारण हिस्सा नहीं ले पाए थे लेकिन दूसरे राउंड में उन्होंने वापसी की और बेहतरीन शतकीय पारी खेलकर अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखी। उन्होंने खेल समाप्त होने तक 107 रन नाबाद बनाए।
पुडुचेरी के खिलाफ Rajat Patidar ने ठोका शतक

रणजी ट्रॉफी के एलिट ग्रुप में शामिल मध्य प्रदेश का सामना दूसरे राउंड में पुडुचेरी से हो रहा है। इसमें MP की टीम अपनी पहली पारी में 28 के स्कोर पर तीन विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही थी। इसके बाद स्कोर 138/4 हो गया। यहां से बल्लेबाजी करने आए रजत पाटीदार (Rajat Patidar) ने मोर्चा संभाला और शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने फर्स्ट क्लास करियर का 17वां शतक जड़ दिया।
पाटीदार ने की चौकों की बारिश, 13 बार गेंद को बाउंड्री तक पहुंचाया
नंबर 6 पर बल्लेबाजी करने उतरे रजत पाटीदार ने 66 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद, 116 गेंदों में शतक पूरा किया। उन्होंने दूसरे दिन के आखिरी तक बल्लेबाजी की और नाबाद रहे। उन्होंने दिन का खेल खत्म होने तक 118 गेंदों का सामना किया। इस दौरान 107 रन बनाए और 13 चौके भी जड़े।
रजत पाटीदार (Rajat Patidar) की पारी की बदौलत मध्य प्रदेश ने स्टंप्स तक 302/5 का स्कोर बनाया और पुडुचेरी के पहली पारी के स्कोर 177 को पीछे छोड़े हुए 125 रन की बढ़त बना ली।
टीम इंडिया के लिए पाटीदार को दो साल से नहीं मिला है टेस्ट खेलने का मौका
दाएं हाथ के बल्लेबाज रजत पाटीदार को घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के कारण 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ घर पर खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में चुना गया था लेकिन वही सीरीज उनकी आखिरी बन गई। तीन मैचों में पाटीदार ने 63 रन बनाए और इस खराब प्रदर्शन के कारण उन्होंने अपनी जगह गंवा दी।
तब से उन्होंने डोमेस्टिक में काफी अच्छा किया है लेकिन अभी तक वापसी नहीं कर पाए हैं। इसी वजह से अब मौजूदा रणजी सीजन उनके लिए काफी अहम माना जा रहा है। उन्होंने निरंतर अच्छा किया तो फिर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: BCCI ने जारी की ऑक्शन लिस्ट, 146 खिलाड़ियों के नाम हुए शॉर्टलिस्ट, यहां देखिए पूरी सूची