राहुल द्रविड़ का बड़ा बयान, बोले 'वैभव सूर्यवंशी को टेस्ट में मौका दो....'
Table of Contents
Vaibhav Sooryavanshi in test cricket: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू हो चुका है। उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मैच में संजू सैमसन की जगह ली थी और लगातार तीन मैच खेले थे। हालांकि, पांचवें मैच से उन्हें ड्रॉप कर दिया गया था लेकिन फिर जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव ने 151 रन बनाकर सभी को प्रभवित किया। वहीं, इससे पहले आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी।
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) की सबसे बड़ी खासियत शुरुआत से ही आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी करना है। इसी वजह से उन्हें वनडे क्रिकेट में भी मौके दिए जाने की मांग हो रही है। कुछ दिग्गजों ने उन्हें 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपने स्क्वाड में जगह भी दी है। वहीं, अब भारतीय टीम के पूर्व हेड कोच राहुल द्रविड़ ने टेस्ट क्रिकेट में वैभव को मौका देने की बात कही है। उन्होंने ऐसा खास वजह से कहा है।
रेड बॉल क्रिकेट में भी Vaibhav Sooryavanshi जैसे खिलाड़ियों की जरूरत

यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग के एक इवेंट में राहुल द्रविड़ ने क्रिकइंफो से खास बात की। उन्होंने आईपीएल के माध्यम से वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) के व्हाइट बॉल क्रिकेट खेलने पर ख़ुशी जताई। लेकिन रेड बॉल क्रिकेट के साथ संतुलन पर भी जोर दिया। द्रविड़ का मानना है कि वैभव जैसे खिलाड़ियों के टेस्ट क्रिकेट खेलने से फॉर्मेट की ग्रोथ होगी।
राहुल द्रविड़ ने कहा,
"मुझे लगता है कि आपको हमेशा वह संतुलन बनाना होता है। और मेरे हिसाब से यह बहुत अच्छी बात है कि वैभव को भारत में IPL के जरिए व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेलने का अनुभव मिल रहा है, लेकिन साथ ही उन्हें वापस जाकर भारतीय घरेलू सिस्टम में रेड-बॉल क्रिकेट खेलने और अपने रेड-बॉल करियर को आगे बढ़ाने का समय भी मिल रहा है। हम सभी चाहते हैं कि टेस्ट क्रिकेट बना रहे और आगे बढ़े, और हमें उम्मीद है कि उनके जैसे खिलाड़ी खेल के सभी फॉर्मेट में खेल सकें।"
बता दें कि वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं हैं लेकिन वे 23 अगस्त से शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी में नजर आएंगे, जो रेड बॉल टूर्नामेंट है। वे ईस्ट जोन के स्क्वाड का हिस्सा हैं और उपकप्तानी भी संभालते नजर आएंगे।
वैभव सूर्यवंशी के रेड बॉल करियर के लिए दलीप ट्रॉफी होगी अहम
बाएं हाथ के इस ओपनर (Vaibhav Sooryavanshi)ने अभी तक अपने करियर में ज्यादातर व्हाइट-बॉल क्रिकेट ही खेला है। सूर्यवंशी फर्स्ट क्लास डेब्यू कर चुके हैं, लेकिन उनके पास अभी सिर्फ आठ मैचों का अनुभव है। इन मुकाबलों में उनका प्रदर्शन ज्यादा खास नहीं रहा है। उन्होंने 17.25 की औसत से 207 रन बनाए हैं, जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल है।
दलीप ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी के पास खुद के रिकॉर्ड को बेहतर करने का मौका रहेगा। उनकी टीम में घरेलू क्रिकेट के कई शानदार खिलाड़ी हैं, जिनसे वैभव को काफी कुछ सीखने को मिल सकता है। वहीं, ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन का मार्गदर्शन भी वैभव के लिए काफी अहम रहेगा।
भारत के लिए अफगानिस्तान टी20 सीरीज में वैभव आ सकते हैं नजर
टीम इंडिया के लिए वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) आखिरी बार जिम्बाब्वे दौरे पर तीन मैचों की टी20 सीरीज के दौरान खेलते हुए नजर आए थे। इस सीरीज में उन्होंने दो अर्धशतकीय पारियां खेली थीं। उनका सर्वाधिक स्कोर 81 रहा था। अब वैभव अफगानिस्तान के खिलाफ सितंबर में होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज में नजर आ सकते हैं। इस सीरीज का आयोजन दिल्ली में होना है। वहीं, तीनों मुकाबले क्रमशः 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाएंगे।
यह भी पढ़ें: कोलंबो टेस्ट में श्रीलंका की टीम करेगी पलटवार, टीम इंडिया की इस कमजोरी को उजागर कर देगी कप्तान गिल को झटका