मन की बात' में पीएम मोदी ने की क्रिकेट पर की चर्चा, भारतीय नहीं इन विदेशी खिलाड़ियों की कर डाली तारीफ़

Published - 22 Feb 2026, 05:41 PM | Updated - 22 Feb 2026, 05:43 PM

PM Modi

PM Modi: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के रोमांच के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड में क्रिकेट और भारतीय मूल के खिलाड़ियों का विशेष उल्लेख किया।

उन्होंने उन खिलाड़ियों की सराहना की जो भारत में जन्मे या भारतीय जड़ों से जुड़े होने के बावजूद USA, कनाडा और ओमान जैसे देशों की ओर से खेल रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृतियों और दिलों को जोड़ने वाली शक्ति भी है।

कनाडा की टीम में भारतीय मूल की मजबूत मौजूदगी: PM Modi

प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) ने विशेष रूप से कनाडा की टीम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भारतीय मूल के खिलाड़ियों की संख्या सबसे अधिक है। कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा पंजाब के गुरदासपुर से ताल्लुक रखते हैं, जबकि नवनीत धालीवाल चंडीगढ़ से हैं।

हर्ष ठाकर और श्रेयस मोव्वा जैसे खिलाड़ी भी भारतीय पृष्ठभूमि से आते हैं और कनाडा की जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब दर्शक इन खिलाड़ियों के नाम सुनते हैं तो उन्हें गर्व की अनुभूति होती है, क्योंकि उनकी जड़ें भारत से जुड़ी हैं, भले ही वे किसी और देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हों।

अमेरिका की टीम में भारतीय प्रतिभा की झलक

अमेरिका की टीम में भी कई खिलाड़ी भारतीय घरेलू क्रिकेट से जुड़े रहे हैं। अमेरिकी कप्तान मोनंक पटेल गुजरात की अंडर-16 और अंडर-18 टीमों के लिए खेल चुके हैं। सौरभ नेत्रवलकर, हरमीत सिंह और मिलिंद कुमार जैसे खिलाड़ी भी भारत में क्रिकेट का अनुभव लेकर अमेरिका के लिए खेल रहे हैं।

प्रधानमंत्री (PM Modi) ने कहा कि ये खिलाड़ी जिस देश में रहते हैं, वहां पूरी निष्ठा से खेलते हैं और उस देश का मान बढ़ाते हैं। उनकी सफलता यह दिखाती है कि भारतीय प्रतिभा वैश्विक स्तर पर अपनी छाप छोड़ रही है।

ओमान की टीम में भारत से जुड़े नाम

प्रधानमंत्री (PM Modi) ने ओमान की टीम का भी उल्लेख किया, जिसमें जतिंदर सिंह, विनायक शुक्ला, करण सोनावाले, जय ओडेदरा और आशीष ओडेदरा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी भारत के अलग-अलग हिस्सों से जुड़े रहे हैं और अब ओमान की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं।

प्रधानमंत्री (PM Modi) ने कहा कि ऐसे खिलाड़ी न केवल अपने नए देश को गौरवान्वित करते हैं, बल्कि भारतीय मूल की मेहनत और संस्कारों को भी दुनिया के सामने प्रस्तुत करते हैं।

भारतीयता की वैश्विक पहचान

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जहां भी जाते हैं, अपनी मातृभूमि की जड़ों से जुड़े रहते हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड, यूएई और इटली की टीमों में भी भारतीय मूल के खिलाड़ियों की उपस्थिति का उल्लेख किया। हालांकि USA, कनाडा और ओमान सुपर-8 चरण में जगह नहीं बना सके, फिर भी उन्होंने शीर्ष टीमों के खिलाफ शानदार मुकाबले किए।

प्रधानमंत्री ने दोहराया कि खेल हमें जोड़ता है और यह भारतीयता की खासियत है कि भारतीय दुनिया के किसी भी कोने में रहकर अपनी पहचान और मूल्यों को बनाए रखते हैं, साथ ही जिस देश में रहते हैं, उसकी प्रगति में भी योगदान देते हैं।

ये भी पढ़े : सुपर-8 के एक मैच में भी इन 2 खिलाड़ियों को नहीं मिलेगा मौका, डग आउट में बैठकर ही बिताना पड़ेगा पूरा समय

Tagged:

PM Modi Monank Patel Shreyas Movva T20 World Cup 2026
Vasu Jain

मुझे क्रिकेट से गहरा लगाव है और मैं वर्ष 2007 से इस खेल को लगातार देखता और समझता आ रहा हूँ। क्रिकेट... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com