टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान टीम के कप्तान-उपकप्तान का हुआ ऐलान, इन 2 खिलाड़ियों को मिली कमान

Published - 25 Jan 2026, 06:21 PM | Updated - 25 Jan 2026, 06:31 PM

T20 World Cup 2026

आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी 15 सदस्यीय टीम के साथ कप्तान और उपकप्तान के नाम भी घोषित कर दिए हैं।

इस बार टीम चयन में कई बदलाव देखने को मिले हैं और मैनेजमेंट ने नेतृत्व की जिम्मेदारी उन खिलाड़ियों को सौंपी है, जो हाल के समय में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। लाहौर में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह साफ किया गया कि टीम को नए सोच और संतुलन के साथ टूर्नामेंट में उतारा जाएगा।

इस खिलाड़ी को मिली पाकिस्तान टीम की कमान

टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2026) के लिए पाकिस्तान टीम की कप्तानी सलमान अली आगा को सौंपी गई है। पिछले कुछ समय में उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने टी20 क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है और टीम का खेल ज्यादा संतुलित नजर आया है। मिडिल ऑर्डर में वह एक भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं और मुश्किल हालात में जिम्मेदारी लेकर टीम को संभालना उनकी बड़ी खासियत मानी जाती है।

उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने एशिया कप 2025 तक शानदार सफर तय करते हुए फाइनल में जगह बनाई, जिससे टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं का उन पर भरोसा और मजबूत हुआ है। इसी वजह से टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के लिए उन्हें टीम की कमान सौंपी गई है, जहां उनसे युवा खिलाड़ियों को साथ लेकर आगे बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।

इस खिलाड़ी को मिली उपकप्तानी

टीम की उपकप्तानी की जिम्मेदारी शादाब खान को सौंपी गई है। शादाब लंबे समय से पाकिस्तान की टी20 टीम का अहम हिस्सा रहे हैं और ऑलराउंडर के तौर पर उनका योगदान हमेशा अहम रहा है। उनकी फील्डिंग, मैच की समझ और अनुभव टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। उपकप्तान के रूप में वह कप्तान सलमान अली आगा का साथ निभाते हुए टीम को सही दिशा देने की कोशिश करेंगे।

बड़े नाम बाहर, नए खिलाड़ियों को मिला मौका

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के लिए पाकिस्तान टीम के चयन में कई बड़े और चौंकाने वाले फैसले देखने को मिले हैं। तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को पहली बार किसी टी20 वर्ल्ड कप से बाहर रखा गया है, जबकि मोहम्मद रिजवान के ड्रॉप होने के संकेत पहले से मिल रहे थे और अब उनकी जगह उस्मान खान को स्क्वाड में शामिल किया गया है। इसके अलावा मोहम्मद वसीम जूनियर को भी टीम से बाहर कर दिया गया है।

दूसरी ओर, चयनकर्ताओं ने बदलाव के साथ नए खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया है। इस स्क्वाड में छह ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जो पहली बार टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2026) खेलते नजर आएंगे, जिनमें कप्तान सलमान अली आगा, फहीम अशरफ, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साहिबजादा फरहान और उस्मान तारिक शामिल हैं।

अनुभव और युवा जोश के इस मिश्रण के साथ पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप से पहले घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज खेलकर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देगी।

7 फरवरी से पाकिस्तान करेगा अपने अभियान का आगाज

टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में पाकिस्तान की टीम अपने अभियान का आगाज 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले से करेगी। इसके बाद 10 फरवरी को पाकिस्तान का सामना यूएसए से होगा।

टूर्नामेंट का सबसे ज्यादा इंतजार किया जा रहा मैच 15 फरवरी को खेला जाएगा, जब कोलंबो में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान अपना आखिरी मुकाबला 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ खेलेगा। इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को ग्रुप ए में जगह दी गई है।

T20 World Cup 2026 के लिए पाकिस्तान का स्क्वाड :

सलमान अली आगा (कप्तान), शादाब खान (उपकप्तान) ,अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, मोहम्मद ख्वाजा (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारिक

ये भी पढ़े : T20 World Cup 2026 के सभी 20 टीमों के हेड कोच के नाम का हुआ ऐलान, दुनिया के इन दिग्गजों को मिली जिम्मेदारी

Tagged:

Pakistan Cricket Team shadab khan T20 World Cup 2026 Salman Ali Agha
Vasu Jain

मुझे क्रिकेट से गहरा लगाव है और मैं वर्ष 2007 से इस खेल को लगातार देखता और समझता आ रहा हूँ। क्रिकेट... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com