करोड़ों की सैलरी लेकिन प्रदर्शन जीरो! IPL 2026 की फ्लॉप XI, रहाणे, ऋतुराज, पूरन, पंत, हार्दिक....
Table of Contents
आईपीएल 2026 समाप्त हो चुका है और फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार अपना दूसरा खिताब जीता। इस सीजन में कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन से फैंस का दिल जीता।
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने खेल से सभी को प्रभावित किया, वहीं प्रिंस यादव और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ियों ने भी अपनी टीमों के लिए अहम योगदान दिया। इन खिलाड़ियों ने साबित किया कि आईपीएल में नाम नहीं बल्कि प्रदर्शन मायने रखता है।
हालांकि दूसरी ओर कुछ बड़े खिलाड़ी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। फ्रेंचाइजियों ने जिन पर करोड़ों रुपये खर्च किए, वे पूरे सीजन में अपने अनुभव और कद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। किसी ने बल्ले से निराश किया तो कोई गेंद से असर नहीं छोड़ सका।
कई खिलाड़ी कप्तानी के दबाव में भी संघर्ष करते दिखे। ऐसे में IPL 2026 की फ्लॉप प्लेइंग XI चर्चा में रही, जिसमें कई बड़े और चौंकाने वाले नाम शामिल रहे। आइए जानते हैं इस सूची में किन खिलाड़ियों को जगह मिली।
टॉप ऑर्डर में रहाणे, गायकवाड़ और पूरन पूरी तरह रहे फ्लॉप
इस फ्लॉप XI के टॉप ऑर्डर में रुतुराज गायकवाड़, अजिंक्य रहाणे और निकोलस पूरन को जगह दी गई है। इन तीनों खिलाड़ियों से उनकी टीमों को बड़े रन और लगातार प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन पूरा सीजन उनके लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
रुतुराज गायकवाड़ ने 14 मैचों में 337 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 28.08 और स्ट्राइक रेट 123.44 रहा, जबकि उनके बल्ले से सिर्फ 2 अर्धशतक निकले। वहीं अजिंक्य रहाणे ने 14 मैचों में 335 रन बनाए, उनका औसत 25.77 और स्ट्राइक रेट 135.08 रहा और वह भी केवल 2 फिफ्टी लगा सके।
निकोलस पूरन, जो अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, इस बार लय में नहीं दिखे। उन्होंने 14 मैचों में सिर्फ 234 रन बनाए। उनका औसत 18.00 और स्ट्राइक रेट 127.87 रहा, जबकि पूरे सीजन में उनके बल्ले से सिर्फ 1 अर्धशतक निकला।
मिडिल ऑर्डर और कप्तानी ने किया निराश
मिडिल ऑर्डर में सबसे बड़ा नाम ऋषभ पंत का रहा, जिन्हें इस टीम का कप्तान और विकेटकीपर चुना गया। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ में ख़रीदा था और उनसे बड़े रन और बेहतर नेतृत्व की उम्मीद थी, लेकिन उनका सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
पंत ने 14 मैचों में 312 रन बनाए, उनका औसत 28.36 और स्ट्राइक रेट 138.05 रहा। पूरे सीजन में उनके बल्ले से सिर्फ 1 अर्धशतक निकला। पंत की कप्तानी में लखनऊ ने 14 मैचों में चार जीत और 10 हार के साथ 10वें स्थान पर सीजन को समाप्त किया।
सूर्यकुमार यादव भी अपने सामान्य स्तर से नीचे नजर आए। उन्होंने 13 मैचों में 270 रन बनाए, जहां उनका औसत 20.77 और स्ट्राइक रेट 147.54 रहा। उनके बल्ले से सिर्फ 2 अर्धशतक आए और वह लगातार बड़ी पारियां खेलने में सफल नहीं रहे।
वहीं हार्दिक पांड्या से बल्ले और गेंद दोनों से प्रभाव की उम्मीद थी, लेकिन उनका योगदान सीमित रहा। बल्लेबाजी में उन्होंने 10 मैचों में 206 रन बनाए, उनका औसत 22.89 और स्ट्राइक रेट 138.26 रहा। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 10 मैचों में सिर्फ 4 विकेट लिए, उनका औसत 64.75 और इकॉनमी 11.43 रही।
ऑलराउंडरों से नहीं मिला टीम को संतुलन
आईपीएल की फ्लॉप XI में कैमरून ग्रीन और अक्षर पटेल को जगह दी गई है। इस सीजन में इन दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। कोलकाता नाइट राइडर्स ने IPL 2026 ऑक्शन में कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर खरीदा था, लेकिन वह इस निवेश के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर सके।
ग्रीन ने 14 मैचों में 322 रन बनाए, जहां उनका औसत 32.20 और स्ट्राइक रेट 145.70 रहा। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले, जबकि गेंदबाजी में उन्होंने 14 मैचों में सिर्फ 7 विकेट लिए। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 10.64 का रहा।
वहीं अक्षर पटेल भी बल्ले और गेंद दोनों विभागों में प्रभाव छोड़ने में सफल नहीं रहे। बल्लेबाजी में उन्होंने 14 मैचों में 173 रन बनाए, जहां उनका औसत 19.22 और स्ट्राइक रेट 131.06 रहा।
उनके बल्ले से सिर्फ 1 अर्धशतक आया। गेंदबाजी में अक्षर ने 14 मैचों में 11 विकेट लिए, लेकिन उनका इकॉनमी रेट 8.18 रहा ,जो उनके स्तर के हिसाब से साधारण मानी गई।
IPL 2026 में गेंदबाजी में बड़े नाम रहे बेअसर
गेंदबाजी विभाग में आईपीएल 2026 की फ्लॉप प्लेइंग XI में जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और दिग्वेश राठी जैसे नाम शामिल रहे, जिनका यह सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।
जसप्रीत बुमराह ने 13 मैचों में सिर्फ 4 विकेट लिए और उनकी इकॉनमी 8.37 रही। वहीं ट्रेंट बोल्ट शुरुआती विकेट दिलाने में संघर्ष करते दिखे और उन्होंने 5 मैचों में केवल 2 विकेट लिए, जबकि उनकी इकॉनमी 11.63 रही।
दूसरी ओर दिग्वेश राठी भी अपनी लय हासिल नहीं कर सके। उन्होंने 10 मैचों में सिर्फ 5 विकेट लिए और उनका इकॉनमी रेट 10.18 रहा।
इस फ्लॉप XI ने एक बार फिर दिखाया कि आईपीएल में सिर्फ बड़ा नाम और बड़ी सैलरी सफलता की गारंटी नहीं होती, बल्कि लगातार प्रदर्शन ही किसी खिलाड़ी को अलग बनाता है।
IPL 2026 की फ्लॉप XI इस प्रकार हैं :
ऋतुराज गायकवाड़, अजिंक्य रहाणे, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर & कप्तान) , सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, कैमरून ग्रीन, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, दिग्वेश राठी