केएल-साई शून्य,यशस्वी-सुंदर भी फेल, न्यूजीलैंड के खिलाफ 113 पर ऑल आउट हुई इंडिया A
Table of Contents
भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के बीच इंडिया ए (India A) के न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत हो चुकी है। दोनों टीमें तीन चार दिवसीय मैचों में हिस्सा ले रही हैं और पहला मैच शनिवार, 24 अक्टूबर से लिंकन में शुरू हुआ। हालांकि, पहले ही दिन इंडिया ए की हालत खराब हो गई और पहली पारी महज 113 रन पर सिमट गई।
बल्लेबाजी के लिए मुश्किल पिच पर इंडिया ए (India A) की टीम में शामिल कई स्टार खिलाड़ी पूरी तरह नाकाम रहे और इसका खामियाजा टीम को सस्ते में आउट होकर भुगतना पड़ा। पारी में 5 बल्लेबाजों का खाता नहीं खुला।
लंच तक India A के चार बल्लेबाज लौटे पवेलियन

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ए (India A) की शुरुआत खराब रही और ओपनर केएल राहुल खाता खोले बिना ही तीसरे ओवर में आउट हो गए। उनके जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल ने करीब एक घंटे तक कीवी गेंदबाजों का बखूबी सामना किया। लग रहा था कि जायसवाल सेट हो गए हैं और अब बड़ी पारी खेलेंगे, लेकिन फिर आउट हो गए। उन्होंने 45 गेंदों में 17 रन बनाए।
नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने उतरे साई सुदर्शन भी फ्लॉप साबित हुए और अपना खाता तक नहीं खोल पाए। कप्तान ध्रुव जुरेल ने भी कुछ खास नहीं किया और 13 गेंदों में महज 1 रन ही बना पाए। इस तरह पहले सेशन में इंडिया ए ने 55/4 का स्कोर बनाया।
दूसरे सत्र में सिमटी इंडिया ए की पारी, यश राठौड़ ने खेली 44 रन की पारी
लंच के बाद, इंडिया ए (India A) को पांचवां झटका 56 के स्कोर पर देवदत्त पडीक्कल के रूप में लगा, जिन्होंने 77 गेंदों में 32 रनों की पारी खेली। वॉशिंगटन सुंदर खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। वहीं, अंशुल कंबोज ने 13 रन का योगदान दिया।
लोअर ऑर्डर को सिमटने में ज्यादा समय नहीं लगा और पूरी टीम 39.3 ओवर में ढेर हो गई। भारतीय पारी में यश राठौड़ ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 44 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे। न्यूजीलैंड ए के लिए साइमन कीने ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए।
न्यूजीलैंड ए ने 22 रन की बनाई बढ़त
जवाबी पारी खेलने उतरी न्यूजीलैंड ए की शुरुआत शानदार रही। ओपनिंग करने आए कप्तान रीस मारियु ने शानदार बल्लेबाजी की और 76 रनों की पारी खेलते हुए कर्टिस हीफी के साथ पहले विकेट के लिए 132 रन जोड़े। इस साझेदारी को मुकेश चौधरी ने तोड़ा। इसके बाद, आकिब नबी ने जेडेन लेनॉक्स और टिम रॉबिंसन को खाता खोलने का मौका नहीं दिया। इसी वजह से न्यूजीलैंड ए का स्कोर 133/3 हो गया।
इसके बाद, ज्यादा देर खेल नहीं हुआ स्टंप्स तक न्यूजीलैंड ए ने 41 ओवर में 135/3 का स्कोर बनाया। कर्टिस हीफी 37 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं, मैथ्यू बॉयल का अभी खाता नहीं खुला है।
यह भी पढ़ें: मुंबई इंडियंस ने अपने नए हेड कोच का किया ऐलान, कीरोन पोलार्ड को सौंपी जिम्मेदारी