जो-जेकब के शतक पर फिरा पानी, ऑस्ट्रेलिया ने 5 विकेटों से रौंदकर सिडनी टेस्ट में दर्ज की शानदार जीत, 4-1 से इंग्लैंड ने गंवाई सीरीज
Published - 08 Jan 2026, 12:09 PM | Updated - 08 Jan 2026, 12:11 PM
Table of Contents
AUS vs ENG: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए एशेज सीरीज के आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर श्रृंखला पर 4-1 से अपना कब्जा कर लिया है। इंग्लैंड की ओर से इस मैच में पूर्व कप्तान जो रूट और युवा बल्लेबाज जेकब बेथेल ने शानदार शतक ठोका था, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
मेजबान को सिडनी टेस्ट जीतने के लिए 160 रन का टारगेट मिला था, जिसे उन्होंने पांच विकेट गंवाकर आसानी से हासिल कर लिया। बता दें कि, इंग्लैंड ने आखिरी बार एशेज (AUS vs ENG) को साल 2015 में जीता था, लेकिन एक दशक से वह इस ट्रॉफी को नहीं जीत सकी है।
इंग्लैंड ने जीता था टॉस, चुनी बल्लेबाजी
सिडनी में खेले गए एशेज सीरीज 2025-26 (AUS vs ENG) के अंतिम मैच में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था। लेकिन हर बार की तरह इस बार भी उनकी शुरुआत बेहद खराब रही। पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड ने 57 पर अपने शीर्ष क्रम के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद जो रूट और हैरी ब्रूक ने मोर्चा संभाला।
दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 169 रन की शानदार साझेदारी की, लेकिन 84 के निजी स्कोर पर ब्रूक पवेलियन लौट गए। इसके बाद रूट ने छठे विकेट के लिए स्मिथ के साथ 94 और विल जैक्स के साथ 7वें विकेट के लिए 52 रन की अहम साझेदारी की, जिसकी बदौलत इंग्लैंड ने पहली पारी में 384 रन बनाए।
पहली पारी में जो रूट ने शानदार 160 रन बनाए, जो कि ऑस्ट्रेलिया में रेड बॉल से उनके टेस्ट करियर का पहला शतक भी है। वहीं, जेमी स्मिथ ने 46 और जैक्स ने 27 रन की पारी खेली। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की ओर से माइकल नेसर ने 4, स्टार्क-बोलैंड ने दो-दो और ग्रीन-लाबुशेन ने एक-एक विकेट हासिल किया।
AUS vs ENG: ऑस्ट्रेलिया की शानदार वापसी
इंग्लैंड के 384 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में स्कोर बोर्ड पर 567 रन लगा दिए थे। सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने मैच में 166 गेंदों पर तूफानी 163 रन की पारी खेली थी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ ने 220 गेंदों का सामना करते हुए 138 रन बनाए थे, जबकि ब्यू वेबस्टर ने 87 गेंदों पर 71 रन की पारी खेली, जिसकी बदौलत कंगारुओं ने 567 रन बनाए।
एक समय लग रहा था कि इंग्लैंड के 384 के जवाब में कंगारू बल्लेबाज सस्ते में ढेर हो जाएंगे, लेकिन ट्रेविस हेड और कप्तान स्टीव स्मिथ के शानदार शतक ने मैच में टीम की वापसी करवा दी। खास बात ये रही कि ऑस्ट्रेलिया के सभी बल्लेबाजों ने मैच में दहाई का आंकड़ा पार किया, जिसकी बदौलत वह 567 के पहाड़नुमा स्कोर तक पहुंचने में सफल रहे।
दूसरी पारी में ऐसा रहा हाल
पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया से 183 रन से पिछड़ने के बाद उम्मीद थी कि इंग्लैंड (AUS vs ENG) के बल्लेबाज शानदार वापसी करवाएंगे। लेकिन उनकी पूरी टीम दूसरी पारी में 342 रन पर ढेर हो गई। हालांकि, दूसरी पारी में 22 साल के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने अपने टेस्ट करियर का शानदार शतक ठोका था, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सका।
दूसरी पारी में इंग्लैंड (AUS vs ENG) की ओर से बेथेल ने बेहतरीन 154 रन बनाए थे, जबकि ब्रूक ने 42 रन की पारी खेली थी। लेकिन इसके बाद भी इंग्लिश टीम 342 रन ही बना सकी और कंगारुओं को उन्होंने 160 रन का टारगेट दिया। 160 रन का पीछा करते हुए 31.2 ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट के नुकसान पर यह मैच आसानी से जीत लिया। इस मैच के हीरो ट्रेविस हेड रहे, जिन्होंने पहली पारी में 163 और दूसरी पारी में 29 रन बनाए थे।
VIDEO: वडोदरा पहुंचते ही मुसीबतों में पड़े विराट कोहली, फैंस की भीड़ के बीच से बाहर निकला हुआ मुश्किल
ऐसा रहा एशेज सीरीज का हाल
एशेज सीरीज (AUS vs ENG) की शुरुआत 21 नवंबर को पर्थ में हुई थी। पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने मेहमान टीम को 8 विकेट से रौंदकर रख दिया था। इसके बाद दूसरा मैच ब्रिसबेन में खेला गया, जहां पर भी ऑस्ट्रेलिया का दबदबा देखने को मिला। इस मैच को कंगारुओं ने 8 विकेट से जीता।
वहीं, एडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने 82 रन से जीत हासिल कर श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली थी। चौथा टेस्ट मेलबर्न में खेला गया, जहां पर मेहमानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से मैच जीता और पांचवें मैच में फिर ऑस्ट्रेलिया (AUS vs ENG) ने वापसी की। ऑस्ट्रेलिया ने ये मैच 5 विकेट से अपने नाम कर, सीरीज को 4-1 से जीत लिया।
ऑथर के बारे में
क्रिकेट सिर्फ़ एक खेल नहीं, यह एक ऐसा जुनून है जो हर भारतीय के दिल में धड़कता है। मैं, अमन शर्मा, इस... रीड मोर