IPL 2026 Winner: 'मैनें कभी सपने में भी नहीं सोचा था...' आरसीबी को दूसरी बार चैंपियन बनाकर भावुक हुए कप्तान Rajat Patidar, फैंस से कहा 'ई साला नू कप नम्दू'
Published - 01 Jun 2026, 01:29 AM | Updated - 01 Jun 2026, 01:47 AM
आईपीएल 2026 फाईनल के ऐतिहासिक मुकाबले में गुजरात टाइटन्स को 4 विकेट से धूल चटाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दूसरी बार आईपीएल की ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। आरसीबी की इस धमाकेदार और ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद कप्तान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) बेहद भावुक नजर आए। कप्तान के तौर पर अपना
पहला आईपीएल खिताब जीतने के बाद पाटीदार ने अपनी खुशी जाहिर की और टीम के प्रदर्शन पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने जीत का श्रेय गेंदबाजों की शानदार रणनीति, अनुभवी खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और दुनिया भर में मौजूद आरसीबी के वफादार फैंस के अटूट समर्थन को दिया।
चैंपियन कप्तान Rajat Patidar हुए भावुक

चैंपियन बनने के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में बात करते हुए आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) अपनी खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर पा रहे थे। उन्होंने कहा कि यह एक बेहद शानदार अहसास है।
जब हम इस साल फाइनल खेलने के लिए यहां आए, तो हमारे दिमाग में पिछले साल की कई यादें ताजा थीं। इस समय मेरे पास अपनी खुशी को बयां करने के लिए शब्द कम पड़ रहे हैं, लेकिन मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं।
अपनी कप्तानी और किस्मत पर बात करते हुए पाटीदार (Rajat Patidar) ने आगे कहा कि सच कहूं तो मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं एक दिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जैसी महान टीम का कप्तान बनूंगा और अपने हाथों में आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी उठाऊंगा। मुझे लगता है कि यह मेरी किस्मत में पहले से ही लिखा हुआ था। मैं इस पल के लिए ईश्वर और अपनी टीम का बेहद आभारी हूं।
गेंदबाजों की तारीफ में मसगूल हुए पाटीदार
मैच की रणनीति का खुलासा करते हुए कप्तान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) ने बताया कि टॉस जीतना उनके लिए कितना फायदेमंद रहा। उन्होंने कहा कि फाइनल मैच को लेकर हमारी योजनाएं बिल्कुल साफ थीं।
जब हमने टॉस जीता, तो हमारे लिए काम आसान हो गया क्योंकि हम जानते थे कि इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करना हमेशा आसान रहता है।
कप्तान ने अपनी टीम के गेंदबाजों की जमकर सराहना की, जिन्होंने गुजरात को छोटे स्कोर पर रोका। पाटीदार ने कहा, "जिस तरह से भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, रासिख सलाम, क्रुणाल पांड्या, सुयश प्रभुदेसाई और रोमारियो शेफर्ड ने गेंदबाजी की, वह अद्भुत था।
इन सभी गेंदबाजों ने न केवल फाइनल में, बल्कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान वास्तव में बहुत ही बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसी गेंदबाजी के दम पर हम आज चैंपियन बने हैं।
Rajat Patidar ने फैंस के नाम की ट्रॉफी
रजत पाटीदार ने अपनी व्यक्तिगत सफलता का श्रेय पूर्व दिग्गज दिनेश कार्तिक (DK) और किंग विराट कोहली को दिया। रजत पाटीदार (Rajat Patidar) ने कहा कि इस बार टूर्नामेंट से पहले की मेरी तैयारी बहुत अच्छी रही थी।
मैंने खुद का विश्लेषण किया कि मेरे लिए कौन से शॉट्स बेहतर हैं। इस दौरान मुझे दिनेश कार्तिक से कई महत्वपूर्ण इनपुट्स मिले, जो मेरे लिए बहुत मददगार साबित हुए। वहीं विराट कोहली हमेशा टीम का हौसला बढ़ाने के लिए खड़े रहते हैं।
इस साल हम पिछले साल की तुलना में थोड़े ज्यादा आश्वस्त थे। अंत में पाटीदार ने आरसीबी के फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, हम जहां भी खेलने गए, वहां फैंस के भारी समर्थन के कारण हमें हमेशा अपने होम ग्राउंड जैसा ही अहसास हुआ।
इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु के फैंस का सबसे प्रसिद्ध नारा लगाते हुए कहा, यह ट्रॉफी एक बार फिर आप सभी आरसीबी फैंस के लिए है 'ई साला नू कप नम्दू' यानी इस साल कप हमारा है।
ऑथर के बारे में
सौरभ भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से रेडियो एंड टेलीविजन पत्रकारिता में उच्च शिक्षा प्राप्... रीड मोर