इंडिया A ने USA को 38 रन से दी पटखनी, CSK बल्लेबाज ने 55 गेंदों पर जड़ा 104 रन का तूफानी शतक
Published - 03 Feb 2026, 04:43 PM | Updated - 03 Feb 2026, 04:45 PM
India A: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों के बीच India A ने शानदार आगाज करते हुए वॉर्म-अप मैच में USA को 38 रनों से हरा दिया है। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय युवा बल्लेबाजों और गेंदबाजों का कमाल देखने को मिला है। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ कई साल बिताने वाले इस खिलाड़ी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा, जिसकी बदौलत टीम इंडिया ने बोर्ड पर विशाल स्कोर खड़ा किया। इस जीत ने आगामी टूर्नामेंट के लिए भारत की बेंच स्ट्रेंथ की ताकत दिखा दी है।
India A के लिए जगदीशन का शतक

युएसए के खिलाफ खेले गए इस मैच के असली हीरो ओपनर बल्लेबाज नारायण जगदीशन रहे। पूर्व CSK बल्लेबाज जगदीशन ने शुरुआत से ही अमेरिकी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने अपनी पारी के दौरान मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए और मात्र 49 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया।
आखिरकार वह 55 गेंदों पर 104 रनों की यादगार पारी खेलकर आउट हुए, जिसमें 11 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनकी इस बल्लेबाजी ने चयनकर्ताओं को साथ ही आईपीएल फ्रैंचाईजी को भी कड़ा संदेश दिया है कि वह मध्यक्रम और ओपनिंग दोनों के लिए तैयार हैं। जगदीशन की इस पारी की खास बात उनका स्ट्राइक रेट रहा, जो करीब 190 का था। उन्होंने प्रियांश आर्या 28 रन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए टीम को तेज स्टार्ट दी।
जगदीशन की यह पारी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले वॉर्म-अप मैचों में इस तरह का प्रदर्शन टीम के आत्मविश्वास को सातवें आसमान पर ले जाता है। India A के लिए उन्होंने एक मजबूत नींव रखी, जिस पर बाद के बल्लेबाजों ने विशाल स्कोर खड़ा किया।
India A के साथ तिलक का विश्व कप में वापसी
जगदीशन के अलावा टीम की कप्तानी संभाल रहे आयुष बदोनी और चोट के बाद वापसी कर रहे तिलक वर्मा ने भी बल्ले से शानदार शुरूआत की। तिलक वर्मा ने 24 गेंदों में 38 रनों की पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनकी फिटनेस भारतीय सीनियर टीम के लिए बड़ी राहत की खबर है।
वहीं कप्तान आयुष बदोनी ने अंतिम ओवरों में आक्रामक रुख अपनाते हुए मात्र 26 गेंदों में नाबाद 60 रन ठोक डाले। बदोनी की इस पारी की मदद से India A ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 238 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। USA की टीम के लिए इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करना कभी आसान नहीं था। हालांकि, अमेरिकी बल्लेबाजों ने संघर्ष दिखाया यूं कहे तो भारतीय अधिकृत अमेरिकी टीम क्योंकि इसमें अधिकांश भारतीय मुल के खिलाड़ी ही खेल रहे हैं।
एंड्रीज गूस ने 44 और संजय कृष्णमूर्ति के 41 रन ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों की धारदार लाइन लेंथ के आगे वे टिक नहीं सके। USA की पूरी टीम निर्धारित 19.4 ओवरों में 200 रन बनाकर ढेर हो गई। भारतीय गेंदबाजी में रवि बिश्नोई ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, जबकि खलील अहमद और नमन धीर को 2-2 सफलताएं मिलीं। USA टीम ने भी ये पारी खेलकर सभी को चौंका दिया।
India A की बेंच स्ट्रेंथ ने चौंकाया
इस वॉर्म-अप मैच के बाद से यह स्पष्ट हो गया है कि India A के साथ-साथ तिलक वर्मा भी पूरी तरह से तैयार हैं। डीवाई पाटिल स्टेडियम की पिच पर जिस तरह से जगदीशन और बदोनी ने बल्लेबाजी की, उसने अमेरिकी गेंदबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। मयंक यादव की वापसी भी इस मैच का आकर्षण रही, जिन्होंने अपनी गति से बल्लेबाजों को परेशान किया। हालांकि वह थोड़े महंगे साबित हुए, लेकिन उनकी फोर्म ने फैंस को उत्साहित कर दिया है।
USA की टीम ने भी 200 रन बनाकर यह साबित किया कि वे वॉर्म-अप मैचों को हल्के में नहीं ले रहे हैं। लेकिन भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई की फिरकी और तेज गेंदबाजों के डेथ ओवरों के प्रदर्शन ने मैच को एकतरफा बना दिया। 38 रनों की यह जीत आगामी वर्ल्ड कप मैचों के लिए मुख्य टीम के लिए एक अच्छा वेकअप कॉल है। इस प्रदर्शन के बाद यह तय है कि अगर मुख्य टीम का कोई खिलाड़ी चोटिल होता है, तो भारत के पास जगदीशन जैसे विकल्प मौजूद हैं।
ऑथर के बारे में
सौरभ भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से रेडियो एंड टेलीविजन पत्रकारिता में उच्च शिक्षा प्राप्... रीड मोर