अभिषेक-हार्दिक की पारी के दम पर भारत ने बनाए 257 रन, तो ब्रायन बेनेट की मेहनत बेकार, 72 रनों से जिम्बाब्वे ने झेली हार
Published - 26 Feb 2026, 10:10 PM | Updated - 26 Feb 2026, 10:42 PM
Table of Contents
IND vs ZIM: 26 फरवरी को भारत और जिम्बाब्वे के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 का मुकाबला खेला गया, जिसका गवाह चेन्नई का एम ए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम बना। ‘करो या मरो’ मैच में सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने दमदार प्रदर्शन कर शानदार जीत दर्ज की और अभियान में वापसी करने में सफल रहे। दूसरी ओर, भारतीय टीम (IND vs ZIM) द्वारा निर्धारित 257 रनों के लक्ष्य को हासिल करने में विफल रहने के बाद जिम्बाब्वे को हार का मुंह देखना पड़ा।
IND vs ZIM: भारतीय बल्लेबाजों ने मचाया धमाल

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए आई टीम इंडिया (IND vs ZIM) का प्रदर्शन शानदार रहा। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक फ्लॉप रहे अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ धुआंधार बल्लेबाजी की और टीम के बड़े स्कोर की नींव रखी। ओपनिंग करते हुए उन्होंने 30 गेंदों में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 55 रनों की तूफ़ानी पारी खेली। इस दौरान उनका संजू सैमसन और ईशान किशन के साथ क्रमशः 48 रन और 72 रनों की साझेदारी हुई। अभिषेक शर्मा के अलावा हार्दिक पंड्या 50 रन का आंकड़ा पूरा करने में सफल रहे।
हार्दिक-तिलक के बल्ले ने उगली आग
14.5 ओवर में कप्तान सूर्यकुमार यादव के 33 रन के स्कोर पर आउट हो जाने की बाद हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा की जोड़ी ने मोर्चा संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 84 रनों की नाबाद साझेदारी की। इन दोनों के बल्ले से क्रमशः 50 और 44 रन निकले।
इस बीच संजू सैमसन 24 रन और ईशान किशन 38 रनों का योगदान देने में सफल रहे। भारतीय बल्लेबाजों की ताबड़तोड़ पारी की बदौलत टीम इंडिया (IND vs ZIM) स्कोरबोर्ड पर 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन बना पाई। जिम्बाब्वे के लिए रिचर्ड नगरवा, टिनोटेंडा मापोसा, ब्लेसिंग मुजराबानी और सिकंदर रजा ने 1-1 विकेट झटकी।
ब्रायन बेनेट की पारी गई बेकार
जवाबी पारी में बल्लेबाजी करने के लिए जिम्बाब्वे टीम (IND vs ZIM) को सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने दमदार शुरुआत दिलाने की कोशिश की। मैच खत्म होने तक वह क्रीज़ पर डट कर बल्लेबाजी करते रहे। उन्होंने 59 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 97 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल हैं।
हालांकि, उनकी ये पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। ब्रायन बेनेट के अलावा किसी भी खिलाड़ी का बल्ला नहीं चला। इस बीच कप्तान सिकंदर रजा ने कुछ बेहतरीन शॉट्स खेल टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया, लेकिन 16.2 ओवर में वह अर्शदीप सिंह की गेंद पर अभिषेक शर्मा की हाथों आउट हो गए और 31 रन बनाकर पवेलीयन लौटे। उनकी ब्रायन बेनेट के साथ 72 रनों की पार्टनरशिप हुई।
तादिवानाशे मारुमानी 20 रन और टोनी मुंयोंगा ने 11 रन की पारी खेली। रयान बर्ल खाता खोलने में नाकाम रहे। इस प्रदर्शन के चलते जिम्बाब्वे 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 184 रन बना सकी और 72 रनों से हार झेली। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट झटकी, जबकि वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने एक-एक सफलता हासिल की।
ऑथर के बारे में
मानवी नौटियाल एक उत्साही और अनुभवी स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें खेलों की दुनिया से गहरा लगाव है।... रीड मोर