IND vs NZ: दूसरे टी20 के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन तैयार, सूर्या (कप्तान), अभिषेक, अय्यर, जसप्रीत....
Published - 22 Jan 2026, 03:12 PM | Updated - 23 Jan 2026, 01:03 PM
Table of Contents
IND vs NZ: नागपुर टी20 में धमाकेदार जीत हासिल करने के बाद टीम इंडिया का लक्ष्य रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले दूसरे मुकाबले को अपने नाम करने का होगा। 23 जनवरी को होने वाले इस मुकाबले (IND vs NZ) में टीम इंडिया अपनी पूरी ताकत और पिच की परिस्थितियों के अनुसार मैदान पर उतर सकती है।
वहीं, मैच से एक दिन पहले भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन भी सामने आ चुकी है, जिसमें सूर्या कप्तान होंगे, तो अभिषेक शर्मा, श्रेयस अय्यर और जसप्रीत बुमराह को भी प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है।
IND vs NZ: अभिषेक-संजू करेंगे पारी की शुरुआत
नागपुर टी20 मैच में भारतीय टीम की पारी की शुरुआत अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने मिलकर की थी, लेकिन उस मैच में जहां अभिषेक ने 35 गेंदों पर 84 रन की शानदार पारी खेली थी, तो संजू सैमसन ने 7 गेंदों पर सिर्फ 10 रन बनाए थे।
वहीं, दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए भारत को सिर्फ 18 रनों की शुरुआत दिलाई थी। लेकिन उम्मीद होगी कि रायपुर में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मैच में ये दोनों सलामी बल्लेबाज भारत को तूफानी शुरुआत दिलाए, ताकि टीम इंडिया मैच में बड़ा स्कोर हासिल कर सके।
ईशान की जगह अय्यर को मौका
पहले टी20 में कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ईशान किशन को मौका दिया था, लेकिन वह 5 गेंदों पर सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दो साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे ईशान से एक मजबूत पारी की उम्मीद थी, लेकिन खराब शॉट सेलेक्शन के कारण उन्होंने सभी को निराश किया।
ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि दूसरे टी20 मैच में ईशान को बाहर करके उनकी जगह श्रेयस अय्यर को मौका मिल सकता है, ताकि टीम प्रबंधन विश्व कप 2026 से पहले श्रेयस के फॉर्म की भी परीक्षा ले सके। बता दें कि, ईशान की तरह की श्रेयस अय्यन ने भी दिसंबर 2023 के बाद से टी20 इंटरनेशन मैच नहीं खेले हैं।
शिवम की छुट्टी, कुलदीप को मौका
रायपुर में स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (IND vs NZ) की पिच को स्पिनरों के लिए काफी मददगार माना जाता है। जबकि यहां पर खेले एकमात्र टी20 इंटरनेशनल में 6 विकेट स्पिनरों ने लिए थे। यही कारण है कि कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव शिवम दुबे की जगह कुलदीप यादव या फिर रवि बिश्नोई को प्लेइंग इलेवन में मौका दे सकती है।
खास बात ये है कि रवि बिश्नोई यहां पर एक टी20आई मैच (IND vs NZ) खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने चार ओवर के स्पेल में केवल 17 रन देकर एक सफलता प्राप्त की थी। उनके इस प्रदर्शन को देखते हुए टीम प्रबंधन उन्हें शिवम की जगह मौका दे सकता है। हालांकि, कतार में कुलदीप यादव भी हैं, जिनको मौका मिल सकता है।
अर्शदीप-बुमराह संभालेंगे कमान
श्रेयस अय्यर और शिवम दुबे के अलावा प्लेइंग इलेवन (IND vs NZ) में कोई अन्य बदलाल होना फिलहाल असंभव माना जा रहा है, क्योंकि पिछले मैच में टीम इंडिया का प्रदर्शन गेंद और बल्ले से बेहद धमाकेदार रहा था। कप्तान सूर्या ने मैच में 22 गेंदों पर 32 रन बनाए थे। जबकि उनकी इस छोटी सी पारी में 4 चौके और एक सिक्स शामिल था, जो कि उनके पारंपरिक शॉट से आया था।
वहीं, गेंदबाजी में बात करें तो सभी ने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन टीम इंडिया के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को मैच में एक भी विकेट नहीं मिला था। नागपुर में बुमराह ने 3 ओवर में 9.66 की इकॉनमी से 29 रन लुटाए थे, लेकिन रायपुर में वह विकटों की झड़ी लगाना चाहेंगे, ताकि उनके आंकड़ों में बदलाव आ सके।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव/रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।
ऑथर के बारे में
क्रिकेट सिर्फ़ एक खेल नहीं, यह एक ऐसा जुनून है जो हर भारतीय के दिल में धड़कता है। मैं, अमन शर्मा, इस... रीड मोर