IND vs NZ, 3rd ODI: इंदौर वनडे में होगी रनों की बारिश, या गेंदबाज दिखाएंगे अपना दबदबा? जानिए किसका देगी पिच साथ
Published - 17 Jan 2026, 04:32 PM | Updated - 18 Jan 2026, 01:02 PM
Table of Contents
IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का अंतिम मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाना है। रविवार को होने वाले इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों ने कमर कस ली है और नेट्स में जमकर पसीना बहा रही हैं। जो टीम ये मुकाबला जीतेगी वहीं खिताब पर कब्जा करेगी।
लेकिन मैच से पहले चलिए जानते हैं कि इंदौर के होल्कर स्टेडियम की पिच (IND vs NZ) कैसी रहने वाली है। क्या यहां पर बल्लेबाजों का बोलबाला होगा या फिर गेंदबाज अपना दबदबा दिखाएंगे। चलिए बताते हैं कि इंदौर की पिच निर्णायक मुकाबले में किसका साथ देने वाली है और टॉस जीतकर पहले क्या करना सही रहेगा।
IND vs NZ: कैसा रहेगा पिच का मिजाज?
इंदौर के होल्कर स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजी के लिए काफी अनुकूल माना जाता है। यहां की सतह सपाट होने के कारण गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है और बड़े हिट्स लगाना बिल्कुल भी मुश्किल नहीं होता है।
सतह सपाट होने के कारण गेंदबाजों को पिच से बिल्कुल भी मदद नहीं मिलती है, जिसके कारण यहां पर बड़े स्कोर बनना काफी आम बात है। हालांकि, फ्रेश पिच (IND vs NZ) पर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी बहुत स्विंग जरूर मिलती है, लेकिन बल्लेबाज इसे भी आसानी से खेल सकता है। लेकिन जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, रन बनाना यहां पर उतना ही आसान होता जाता है।
सपाट पिच-छोटी बाउंड्री
इंदौर का होल्कर स्टेडियम (IND vs NZ) भारत के सबसे छोटे मैदानों की लिस्ट में आता है, जहां पर चौकोर बाउंड्री लगभग 56 मीटर के आसपास है तो सीधी बाउंड्री 68 मीटर के करीब है। जबकि यहां का आउट फील्ड भी बाकी मैदानों से तेज है, जिसके कारण सिर्फ टाइमिंग से ही चौंका या छक्का हासिल किया जा सकता है।
जबकि सपाट पिच और छोटी बाउंड्री का लाभ सीधा-सीधा बल्लेबाजों को मिलता है। हालांकि, यहां पर दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना अधिक सही रहता है क्योंकि छोटी बाउंड्री, सपाट पिच और मैदान पर ओस का लाभ बल्लेबाजों को मिलता है। यही कारण है कि यहां पर टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी करने का फैसला करता है, ताकि वह आसानी से लक्ष्य को हासिल कर सके।
होल्कर में कभी नहीं हारा भारत
भारतीय टीम ने इंदौर के होल्कर स्टेडियम में पहला वनडे मैच साल 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। इसके बाद से भारत यहां पर कुल 7 वनडे मैच खेल चुका है। खास बात ये है कि भारत ने अभी तक यहां पर एक भी वनडे मैच नहीं गंवाया है और वह अपने आठवें वनडे में भी ये रिकॉर्ड बरकरार रखना चाहेगी।
वहीं, भारत का वनडे में सर्वोच्च स्कोर, जो कि 418 रन है वह भी इसी मैदान पर आया था। जबकि पिछली बार जब भारत न्यूजीलैंड (IND vs NZ) का यहां पर आमना-सामना हुआ था तो भारत ने उस मैच को 90 रन से जीता था। वहीं, होल्कर स्टेडियम में भारत का आखिरी वनडे मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था, जिसमें उन्होंने 99 रन की बड़ी जीत हासिल की थी। यानी भारत को यहां पर हराना कीवियों के लिए बड़ी चुनौती होने वाला है।
ऑथर के बारे में
क्रिकेट सिर्फ़ एक खेल नहीं, यह एक ऐसा जुनून है जो हर भारतीय के दिल में धड़कता है। मैं, अमन शर्मा, इस... रीड मोर