IND vs NZ, 2nd ODI: राजकोट का पूरा मौसम अपडेट जारी, जानें बारिश पड़ेगी रोड़ा या बिना रुकावट होगा मैच

Published - 12 Jan 2026, 01:12 PM | Updated - 13 Jan 2026, 01:00 PM

IND Vs NZ

वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मैच (IND vs NZ) में भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। अब दोनों टीमें 14 जनवरी को राजकोट के निरंजन शाह इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले दूसरे वनडे में आमने-सामने होंगी, जहां भारत की कोशिश जीत दर्ज कर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने की होगी।

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड के कप्तान माइकल ब्रेसवेल भी दूसरा वनडे जीतकर सीरीज (IND vs NZ) में वापसी करने का पूरा प्रयास करेंगे। लेकिन मुकाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल मौसम को लेकर है। फैंस यह जानना चाहते हैं कि क्या राजकोट में बारिश मैच में बाधा डाल सकती है या फिर खेल बिना किसी रुकावट के पूरा होगा।

दूसरे वनडे मैच के दौरान कैसा होगा मौसम का मिजाज

अगर राजकोट के मौसम की बात करें तो अच्छी खबर यह है कि बारिश की कोई संभावना नहीं है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक 14 जनवरी को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और मैच के दौरान मौसम अनुकूल रहने की उम्मीद है। खेल के समय धूप खिली रहेगी, हालांकि दोपहर में 24 से 26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शाम के समय हल्की ओस जरूर देखने को मिल सकती है, जिससे गेंदबाजों को थोड़ी दिक्कत हो सकती है, लेकिन कुल मिलाकर मौसम मैच के लिए पूरी तरह अनुकूल रहने वाला है।

IND vs NZ: राजकोट की पिच रिपोर्ट

राजकोट की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां की सतह सपाट रहती है, जिससे गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है और बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को हल्की स्विंग मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, बल्लेबाजी आसान होती जाती है।

मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स को भी थोड़ी मदद मिल सकती है, हालांकि ओस की वजह से दूसरी पारी में गेंद पकड़ने में दिक्कत आ सकती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है।

कुल मिलाकर राजकोट की पिच पर एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद की जा रही है, जहां बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिल सकता है।

IND vs NZ : कब शुरू होगा दूसरा वनडे मैच?

भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) के बीच चल रही वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला राजकोट के निरंजन शाह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस के लिए दोनों टीमों के कप्तान ठीक 1 बजे मैदान पर उतरेंगे।

राजकोट में इस मुकाबले (IND vs NZ) के दौरान भारत को घरेलू दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिलने की पूरी उम्मीद है। इसकी वजह यह है कि टीम में रवींद्र जडेजा, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बड़े और लोकप्रिय खिलाड़ी शामिल हैं। अपने पसंदीदा सुपरस्टार्स को मैदान पर खेलते देखने के लिए फैंस इस मौके को किसी भी हाल में हाथ से जाने नहीं देना चाहेंगे।

राजकोट में भारत का वनडे रिकॉर्ड

राजकोट के मैदान पर भारतीय टीम का वनडे रिकॉर्ड कुछ खास उत्साहजनक नहीं रहा है। अब तक इस मैदान पर खेले गए चार वनडे मुकाबलों में भारत को सिर्फ एक मैच में जीत नसीब हुई है।

यह इकलौती जीत 17 जनवरी 2020 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दर्ज की गई थी। इसके अलावा इस मैदान पर भारत को इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के हाथों एक-एक बार हार का सामना करना पड़ा है।

हालांकि न्यूजीलैंड की टीम राजकोट में पहली बार वनडे मुकाबला खेलने उतरेगी, लेकिन भारत के लिए यहां के आंकड़े अब भी चिंता का विषय बने हुए हैं।

अगर टीम इंडिया को यह मुकाबला जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करनी है, तो रोहित शर्मा, विराट कोहली, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को जिम्मेदारी लेते हुए दमदार प्रदर्शन करना होगा।

ये भी पढ़े : कब, कहाँ और कैसे देखें IND vs NZ के बीच का दूसरा ODI? जानें किन चैनल पर होगा प्रसारण

Tagged:

Virat Kohli IND vs NZ team india Rohit Sharma
Vasu Jain

मुझे क्रिकेट से गहरा लगाव है और मैं वर्ष 2007 से इस खेल को लगातार देखता और समझता आ रहा हूँ। क्रिकेट... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com