इंग्लैंड ने किया अपने हेड कोच का ऐलान, जानें किस दिग्गज को सौंपी वर्ल्ड कप 2027 तक जिम्मेदारी
Published - 21 Mar 2026, 12:23 PM | Updated - 21 Mar 2026, 01:08 PM
इंग्लैंड क्रिकेट टीम का प्रर्दशन पिछले कुछ समय से निराशाजनक रहा है। एशेज सीरीज की हार के बाद टीम टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल तक में जगह बनाने में नाकाम रही। जिसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि टीम के कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव हो सकते हैं। इंग्लैंड (England) क्रिकेट टीम के भविष्य को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर अब विराम लग गया है।
हालांकि, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (England Cricket Board) ने इस दिग्गज खिलाड़ी पर एक बार फिर भरोसा जताया है। ये पूर्व दिग्गज अब तीनों फॉर्मेट में टीम की कमान संभालेंगे और साल 2027 के अंत तक इस पद पर बने रहेंगे।
एशेज में हार के बावजूद मैकुलम पर जताया भरोसा

इंग्लैंड की टीम को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज में 4-1 से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम की रणनीति और बैजबॉल दृष्टिकोण पर सवाल उठाए जा रहे थे।
मैदान के बाहर भी कुछ विवादों ने टीम का ध्यान भटकाया था, जिससे मैकुलम के पद पर खतरा मंडरा रहा था। लेकिन ईसीबी ने एक औपचारिक समीक्षा के बाद यह साफ कर दिया है कि मैकुलम ही टीम को आगे ले जाने के लिए सबसे सफल व्यक्ति हैं।
बोर्ड का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में मैकुलम ने इंग्लिश क्रिकेट की मानसिकता में जो सकारात्मक बदलाव किए हैं, वे लंबी अवधि में फायदेमंद साबित होंगे।
वर्ल्ड कप 2027 और घरेलू एशेज तक मिली जिम्मेदारी
ब्रेंडन मैकुलम का कार्यकाल अब साल 2027 तक के लिए तय कर दिया गया है। इसका मतलब है कि वह न केवल आगामी आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 में इंग्लैंड (England) का मार्गदर्शन करेंगे, बल्कि 2027 में होने वाली घरेलू एशेज सीरीज में भी कोच की भूमिका निभाएंगे।
मैकुलम ने खुद इस जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि मुझे यह काम बहुत पसंद है। हालांकि इसमें चुनौतियां हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में हमने जो हासिल किया है, उस पर मुझे गर्व है। अभी भी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है और मैं टीम को अगले चरण तक ले जाने के लिए उत्सुक हूं।
England कप्तान हैरी ब्रूक का मिला पूरा समर्थन
भले ही टीम का हालिया प्रदर्शन निराशाजनक रहा हो, लेकिन ड्रेसिंग रूम में मैकुलम की लोकप्रियता कम नहीं हुई है। इंग्लैंड (England) के व्हाइट-बॉल कप्तान हैरी ब्रूक ने मैकुलम का खुलकर समर्थन किया है।
ब्रूक ने उन्हें अब तक का सर्वश्रेष्ठ हेड कोच बताया है। ब्रूक के अनुसार, मैकुलम का ड्रेसिंग रूम में एक अलग ही प्रभाव है। हर खिलाड़ी उनकी ओर देखता है।
उन्होंने पिछले चार सालों में इंग्लिश क्रिकेट (England Cricket) को पूरी तरह बदल दिया है और वह शत-प्रतिशत इस पद के हकदार हैं। खिलाड़ियों के इस भरोसे ने भी बोर्ड को मैकुलम के साथ बने रहने के फैसले में मदद की है।
ऑथर के बारे में
सौरभ भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से रेडियो एंड टेलीविजन पत्रकारिता में उच्च शिक्षा प्राप्... रीड मोर