बाबर आजम vs केएल राहुल: टी20 में किसका स्ट्राइक रेट ज्यादा खराब? जानिए कौन बना बड़ा टूक-टूक बल्लेबाज

Published - 16 Feb 2026, 07:05 PM | Updated - 16 Feb 2026, 07:28 PM

KL Rahul

KL Rahul: टी20 क्रिकेट में स्ट्राइक रेट ही असली पहचान बनाता है। इस फॉर्मेट में सिर्फ रन बनाना काफी नहीं, बल्कि तेजी से रन बनाना ज़रूरी होता है। ऐसे में जब बड़े बल्लेबाज़ धीमी पारी खेलते हैं, तो सवाल उठते ही हैं।

पाकिस्तान के बाबर आजम और भारत के केएल राहुल (KL Rahul) भी कई बार अपनी धीमी बल्लेबाज़ी को लेकर आलोचना झेल चुके हैं। दोनों के नाम बड़े हैं, रिकॉर्ड मजबूत हैं, लेकिन टी20 में स्ट्राइक रेट को लेकर बहस थमती नहीं।

तो आखिर आंकड़े क्या कहते हैं? किसका स्ट्राइक रेट ज्यादा खराब रहा है और किस पर “टूक-टूक” का टैग ज्यादा फिट बैठता है। आइए जानते हैं।

टी20 में बाबर आज़म का प्रदर्शन

टी20 इंटरनेशनल में बाबर आज़म का रिकॉर्ड कागज़ पर बेहद शानदार दिखता है। उन्होंने अब तक 142 मैचों की 135 पारियों में 4571 रन बनाए हैं। उनका औसत 39.07 और स्ट्राइक रेट 128.19 रहा है। टी20I में उनके नाम 39 अर्धशतक, 3 शतक दर्ज हैं, जबकि उनका हाईएस्ट स्कोर 122 रन है।

बाबर आज़म टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में शीर्ष स्थान पर रहे हैं, जो उनकी निरंतरता को दर्शाता है। हालांकि, आलोचक अक्सर इस बात की ओर इशारा करते हैं कि बड़े टूर्नामेंटों और अहम मुकाबलों में उनका प्रदर्शन अपेक्षा के मुताबिक प्रभावी नहीं रहा।

साथ ही, टी20 जैसे तेज़ फॉर्मेट में 128 के आसपास का स्ट्राइक रेट कई बार सवालों के घेरे में आता है, खासकर तब जब पावरप्ले या चेज़ के दौरान टीम को ज्यादा आक्रामक बल्लेबाज़ी की जरूरत होती है। यही वजह है कि शानदार आंकड़ों के बावजूद, उनके स्ट्राइक रेट और बड़े मैचों में प्रभाव को लेकर बहस जारी रहती है।

टी 20 में KL Rahul का प्रदर्शन

टी20 इंटरनेशनल में केएल राहुल (KL Rahul) का रिकॉर्ड देखने में मजबूत लगता है, लेकिन आधुनिक टी20 के पैमाने पर उनका स्ट्राइक रेट अक्सर बहस का विषय रहा है। उन्होंने 72 मैचों की 68 पारियों में 2265 रन बनाए हैं। उनका औसत 37.75 और स्ट्राइक रेट 139.13 रहा है। टी20I में उनके नाम 22 अर्धशतक और 2 शतक दर्ज हैं, जबकि उनका हाईएस्ट स्कोर 110 रन है।

हालांकि मौजूदा दौर में जहां टी20 बल्लेबाज़ों से 150+ स्ट्राइक रेट की उम्मीद की जाती है, वहां 139 का स्ट्राइक रेट कई बार धीमा माना गया। खासकर बड़े टूर्नामेंटों में उनकी एप्रोच को लेकर आलोचना हुई। गौरतलब है कि केएल राहुल (KL Rahul) ने भारत के लिए आखिरी बार 2022 में टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला था, जिसके बाद से वह इस फॉर्मेट में टीम से बाहर हैं।

केएल राहुल vs बाबर आज़म: किसका स्ट्राइक रेट सबसे खराब?

टी20 क्रिकेट में आज बल्लेबाज़ों से शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज़ की उम्मीद की जाती है। ऐसे में जब केएल राहुल (KL Rahul) और बाबर आज़म की तुलना होती है, तो बहस सीधे स्ट्राइक रेट पर आकर रुकती है। दोनों ही खिलाड़ियों पर बड़े मैचों में धीमी बल्लेबाज़ी को लेकर सवाल उठे, लेकिन मौजूदा दौर की मांग को देखें तो बाबर आज़म का स्ट्राइक रेट ज्यादा आलोचना के घेरे में रहा है।

उनकी पारियां अक्सर संभलकर शुरू होती हैं और कई बार टीम की रन गति पर असर डालती हैं। इस तुलना में अगर किसी एक का स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा कमजोर माना जाए, तो वह बाबर आज़म का ही रहा है।

ये भी पढ़ें: IN-A-W vs NEP-W Match Prediction in Hindi, 9th T20: जानें कितना बनेगा स्कोर और किस टीम की होगी जीत?

Tagged:

kl rahul babar azam T20 Stats T20 Strike Rate Comparison
Vasu Jain

मुझे क्रिकेट से गहरा लगाव है और मैं वर्ष 2007 से इस खेल को लगातार देखता और समझता आ रहा हूँ। क्रिकेट... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com